Saransh Jain : भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला रविवार से कोलंबो में खेला जाना है. गॉल में 165 रन की शानदार जीत के बाद भारतीय टीम सीरीज में 1-0 से आगे है और अब उसकी नजर सीरीज पर कब्जा करने पर है. इसी बीच दूसरे टेस्ट की प्लेइंग इलेवन को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है. टीम मैनेजमेंट स्पिन विभाग में बदलाव कर सकता है और मध्य प्रदेश के ऑलराउंडर सारांश जैन को टेस्ट डेब्यू का मौका मिल सकता है.
कुलदीप यादव की जगह सारांश की एंट्री?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगर सारांश जैन को अंतिम एकादश में शामिल किया जाता है तो कुलदीप यादव को बाहर बैठना पड़ सकता है. गॉल टेस्ट में कुलदीप गेंद से अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ सके थे. उन्होंने 25 ओवर गेंदबाजी करते हुए 103 रन दिए और केवल एक विकेट हासिल किया. इसके उलट अपने करियर का सिर्फ दूसरा टेस्ट खेल रहे मानव सुथार ने शानदार प्रदर्शन किया. बाएं हाथ के इस स्पिनर ने मैच में कुल 10 विकेट चटकाकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई. वहीं, रवींद्र जडेजा ने भी चार विकेट अपने नाम किए. ऐसे में टीम मैनेजमेंट कुलदीप की जगह ऑफ स्पिनर सारांश को आजमाने पर विचार कर सकता है.
कौन हैं सारांश जैन?
सारांश जैन मध्य प्रदेश के अनुभवी स्पिन ऑलराउंडर हैं. 33 वर्षीय खिलाड़ी ने घरेलू क्रिकेट में कई वर्षों तक लगातार प्रदर्शन किया है. उनका जन्म 31 मार्च 1993 को इंदौर में हुआ था. क्रिकेट उनके परिवार में पहले से मौजूद रहा है. उनके पिता सुबोध जैन भी मध्य प्रदेश की ओर से रणजी ट्रॉफी खेल चुके हैं. सारांश ने 2014-15 सत्र में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में कदम रखा और धीरे-धीरे मध्य प्रदेश की टीम में अपनी अहम जगह बना ली. वह मुख्य रूप से ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर बल्ले से भी योगदान देने की क्षमता रखते हैं.
रणजी ट्रॉफी में शानदार रिकॉर्ड
सारांश के करियर में 2021-22 रणजी ट्रॉफी सीजन खास रहा. मध्य प्रदेश के खिताबी अभियान में उन्होंने नॉकआउट मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन किया. क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल में उन्होंने कुल 13 विकेट हासिल किए थे. मुंबई के खिलाफ फाइनल में भी सारांश ने गेंद के साथ-साथ बल्ले से योगदान दिया और 57 रन की उपयोगी पारी खेली. मध्य प्रदेश ने यह मुकाबला जीतकर पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया था.
2025-26 सीजन में बल्ले और गेंद दोनों से चमके
हालिया रणजी ट्रॉफी सीजन में भी सारांश का प्रदर्शन शानदार रहा. 2025-26 सत्र में उन्होंने मध्य प्रदेश के लिए सात मैचों में 30 विकेट चटकाए. वह टीम के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में दूसरे स्थान पर रहे. उनके अलावा कुमार कार्तिकेय ने 35 विकेट लिए. सारांश ने बल्ले से भी टीम को मजबूती दी. सात मैचों में उन्होंने 518 रन बनाए और उनका बल्लेबाजी औसत 57.55 रहा. इस प्रदर्शन ने उन्हें श्रीलंका दौरे के लिए भारत की टीम में जगह दिलाने में अहम भूमिका निभाई.
इंडिया ए के लिए भी दिखाया दम
भारत की सीनियर टीम में जगह बनाने से पहले सारांश ने श्रीलंका ए के खिलाफ इंडिया ए की ओर से दो मैचों की अनौपचारिक टेस्ट सीरीज में हिस्सा लिया था. पहले मुकाबले में उन्हें एक विकेट मिला, लेकिन दूसरे मैच में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए छह विकेट चटकाए. इसके अलावा उन्होंने नाबाद 70 रन की पारी भी खेली.
सुंदर के बदले मिली टीम में जगह
सारांश को श्रीलंका दौरे के लिए वॉशिंगटन सुंदर के चोटिल होने के बाद टीम में शामिल किया गया था. अब गॉल टेस्ट के स्पिन विभाग में प्रदर्शन को देखते हुए उनके पास कोलंबो में भारत की टेस्ट कैप हासिल करने का मौका बन गया है.
Also Read: एक गोल तक नहीं कर सकी रोवर्स एफसी, ईस्ट बंगाल महिला टीम ने 12-0 से दर्ज की रिकॉर्ड जीत
