IND vs IRE: अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज खत्म करने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम को यूके के लंबे दौरे पर रवाना होना है. इस दौरे की शुरुआत आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज से होनी है. लेकिन, सीरीज शुरू होने से पहले ही इस पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं. दरअसल, आयरलैंड के बेलफास्ट में ये मुकाबले खेले जाने हैं, वहाँ अचानक हिंसा और दंगे भड़क उठे हैं. सुरक्षा के इस गंभीर माहौल को देखते हुए क्रिकेट आयरलैंड की तरफ से एक आधिकारिक बयान भी जारी किया गया है, जिसके बाद इस दौरे के आयोजन पर सस्पेंस बढ़ गया है.
क्या टलेगा वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू
बेलफास्ट में भड़के दंगों के बाद से ही क्रिकेट जगत की नजरें आयरलैंड क्रिकेट बोर्ड पर टिकी हुई हैं. सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि भारत और आयरलैंड के बीच होने वाली दो मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज बेलफास्ट में ही खेली जाएगी, या फिर इसे किसी सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा. इस पूरे घटना पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड और क्रिकेट आयरलैंड पैनी नजर बनाए हुए हैं. क्रिकेट फैंस के लिए चिंता की बात यह भी है कि यदि सुरक्षा कारणों से यह सीरीज रद्द होती है, तो आईपीएल में अपनी धाक जमाने वाले युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी के इंटरनेशनल डेब्यू का इंतजार और लंबा हो जाएगा.
हिंसा के चलते लिस्बर्न T20 फेस्टिवल रद्द
भारत और आयरलैंड के बीच आगामी सीरीज पर संकट तो मंडरा ही रहा है, लेकिन इस बीच आयरलैंड के घरेलू क्रिकेट से एक बड़ी और परेशान करने वाली खबर सामने आई है. बेलफास्ट में जारी नागरिक अशांति का खामियाजा लिस्बर्न में होने वाले इंटर प्रोविंशियल T20 फेस्टिवल को भुगतना पड़ा है, जिसे क्रिकेट आयरलैंड ने तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है.
क्रिकेट बोर्ड का बड़ा बयान
गुरुवार को जारी अपने बयान में क्रिकेट बोर्ड ने स्थिति की गंभीरता को स्वीकार किया. बोर्ड अब केवल इस फेस्टिवल को रद्द करने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि आगामी रविवार को होने वाले सीनियर कप और नेशनल कप मैचों के भाग्य का फैसला भी अगले 48 घंटों में करने वाला है. जिस तरह से वहाँ स्थानीय स्तर पर मुकाबले टाले जा रहे हैं, उसे देखकर भारतीय क्रिकेट फैंस की चिंता लाजिमी है, क्योंकि वैभव सूर्यवंशी का बहुप्रतीक्षित इंटरनेशनल डेब्यू भी इसी दौरे से जुड़ा हुआ है.
इसे भी पढ़े- फीफा वर्ल्ड कप में साउथ कोरिया का बड़ा धमाका, चेकिया को 2-1 से हराया, ह्वांग इन-बिओम बने हीरो
