ICC Rankings: आईसीसी की ताजा पुरुष क्रिकेट रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा कायम है. अलग-अलग फॉर्मेट की रैंकिंग में भारत के चार खिलाड़ी नंबर-1 की कुर्सी पर हैं. जसप्रीत बुमराह टेस्ट गेंदबाजों, रवींद्र जडेजा टेस्ट ऑलराउंडर्स और शुभमन गिल वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में शीर्ष पर बने हुए हैं. वहीं टी20 इंटरनेशनल बल्लेबाजों की रैंकिंग में ईशान किशन का दबदबा बरकरार है.
बुमराह-जडेजा की बादशाहत कायम
टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में जसप्रीत बुमराह 870 रेटिंग पॉइंट्स के साथ नंबर-1 पर हैं. नवंबर 2024 में शीर्ष स्थान हासिल करने के बाद से उन्होंने अपनी बादशाहत कायम रखी है. न्यूजीलैंड के मैट हेनरी 861 पॉइंट्स के साथ दूसरे और ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क 838 पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर हैं. टेस्ट ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में रवींद्र जडेजा 446 पॉइंट्स के साथ शीर्ष पर हैं. वह लंबे समय से इस स्थान पर काबिज हैं. दक्षिण अफ्रीका के मार्को यानसन दूसरे और स्टार्क व बांग्लादेश के मेहदी हसन मिराज संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं.
गिल वनडे में नंबर-1
शुभमन गिल वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं. टेस्ट बल्लेबाजों की सूची में भी भारतीय कप्तान 743 पॉइंट्स के साथ सातवें स्थान पर हैं. यशस्वी जायसवाल 733 पॉइंट्स के साथ नौवें नंबर पर हैं.
Also Read: भारतीय खेल जगत में 12 अगस्त क्यों है खास? जानिए इसके पीछे की पूरी कहानी
बाबर की टॉप-10 में वापसी
पाकिस्तान के बाबर आजम ने टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में पांच पायदान की छलांग लगाकर टॉप-10 में वापसी की है. वह 716 रेटिंग पॉइंट्स के साथ 10वें नंबर पर पहुंच गए हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 88 और नाबाद 24 रन की पारियों का उन्हें फायदा मिला. अब करीब दो साल बाद बाबर टेस्ट बल्लेबाजों की टॉप-10 में लौटे हैं. वहीं अब्दुल्ला शफीक ने 25 पायदान की बड़ी छलांग लगाकर 32वां स्थान हासिल किया है.
ट्रेविस हेड 853 पॉइंट्स के साथ नंबर-1
टेस्ट बल्लेबाजों में ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड 853 पॉइंट्स के साथ नंबर-1 हैं, जबकि इंग्लैंड के हैरी ब्रूक 852 पॉइंट्स के साथ उनसे सिर्फ एक अंक पीछे हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने वाले पाकिस्तान के साजिद खान भी पांच स्थान ऊपर चढ़कर टेस्ट गेंदबाजों में 30वें नंबर पर पहुंच गए हैं.
Also Read: टीम इंडिया के टी20 कप्तान बाली में मना रहे छुट्टियां, शर्टलेस फोटो देखकर फैंस ऐसे कर रहे रिएक्ट
