ICC प्लेयर ऑफ द मंथ में वेस्टइंडीज का जलवा, जस्टिन ग्रीव्स और हेली मैथ्यूज बने जुलाई के बेस्ट प्लेयर्स

ICC ने जुलाई 2026 के प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड विजेताओं की घोषणा कर दी है. वेस्टइंडीज के जस्टिन ग्रीव्स (पुरुष) और हेले मैथ्यूज (महिला) ने यह सम्मान हासिल किया है. यह पहली बार है जब दोनों वर्गों में वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों ने जीत दर्ज की है.

ICC Player Of The Month Award: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने जुलाई 2026 के प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड के विजेताओं का ऐलान कर दिया है. वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर जस्टिन ग्रीव्स ने पुरुष वर्ग में बाजी मारी है, जबकि महिला वर्ग का पुरस्कार वेस्टइंडीज की कप्तान हेली मैथ्यूज के नाम रहा. दोनों खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत वेस्टइंडीज ने पहली बार एक ही महीने में पुरुष और महिला दोनों वर्गों के प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड अपने नाम किए हैं.

ग्रीव्स ने बल्ले और गेंद दोनों से किया प्रभावित

जस्टिन ग्रीव्स ने जुलाई में घरेलू टेस्ट मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया. श्रीलंका और पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज में उन्होंने बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी अपनी टीम के लिए अहम योगदान दिया. इस अवॉर्ड की दौड़ में उन्होंने इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक और बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज तंजीद हसन को पीछे छोड़ा. श्रीलंका के खिलाफ नॉर्थ साउंड में खेले गए दूसरे टेस्ट में ग्रीव्स ने मुश्किल समय में 180 रन की शानदार पारी खेली. श्रीलंका ने पहली पारी में 549/9 का विशाल स्कोर बनाया था, जिसके बाद ग्रीव्स की पारी ने वेस्टइंडीज को मुकाबले में बनाए रखा. इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ त्रिनिदाद टेस्ट में उन्होंने पहली पारी में 5 विकेट और दूसरी पारी में 2 विकेट झटके. उनके इस प्रदर्शन के दम पर वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान को 90 रन से हराया.

ग्रीव्स ने पुरस्कार मिलने के बाद कहा कि घरेलू मैदान पर जुलाई का महीना उनके लिए यादगार रहा और श्रीलंका व पाकिस्तान के खिलाफ बल्ले तथा गेंद दोनों से योगदान देना उनके लिए खास अनुभव रहा.

पांचवीं बार प्लेयर ऑफ द मंथ बनीं हेले मैथ्यूज

महिला वर्ग में वेस्टइंडीज की कप्तान हेली मैथ्यूज ने यह पुरस्कार अपने नाम किया. यह उनका पांचवां ICC प्लेयर ऑफ द मंथ है. उन्होंने इंग्लैंड की नेट स्किवर-ब्रंट और श्रीलंका की हरशिता समरविक्रमा को पीछे छोड़ते हुए यह सम्मान हासिल किया. आयरलैंड के खिलाफ तीन मैचों की ICC Women's Championship वनडे सीरीज में मैथ्यूज ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने सीरीज के शुरुआती दोनों मुकाबलों में शतक लगाए और कुल 265 रन बनाए. गेंदबाजी में भी मैथ्यूज ने तीन मैचों में 7 विकेट हासिल किए. खास बात यह रही कि उन्होंने सीरीज के हर मुकाबले में कम से कम दो विकेट अपने नाम किए.

मैथ्यूज ने लगातार पांचवीं बार यह सम्मान जीतने पर खुशी जताते हुए कहा कि वह अपने प्रदर्शन से वेस्टइंडीज क्रिकेट को आगे बढ़ाने और महिला क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ाने में अपना योगदान देना चाहती हैं.

Also Read:नेशनल स्पोर्ट्स अवार्ड्स का ऐलान, तेजस्विन शंकर-दिव्या देशमुख समेत 17 प्लेयर्स को अर्जुन पुरस्कार

वेस्टइंडीज ने रचा खास रिकॉर्ड

जस्टिन ग्रीव्स और हेली मैथ्यूज के एक साथ यह सम्मान जीतने के साथ वेस्टइंडीज ने ICC प्लेयर ऑफ द मंथ में खास उपलब्धि हासिल की है. इससे पहले जून 2024 में भारत के जसप्रीत बुमराह और स्मृति मंधाना, अगस्त 2024 में श्रीलंका के दुनिथ वेलालागे और हरशिता समरविक्रमा, सितंबर 2025 में भारत के अभिषेक शर्मा और स्मृति मंधाना तथा अक्टूबर 2025 में दक्षिण अफ्रीका के सेनुरान मुथुसामी और लॉरा वोल्वार्ड्ट एक ही महीने में पुरुष और महिला वर्ग के विजेता बने थे.

2021 में हुई थी शुरुआत

ICC प्लेयर आफ द मंंथ अवॉर्ड की शुरुआत जनवरी 2021 में होने के बाद सिर्फ पांचवां मौका है, जब किसी एक देश के पुरुष और महिला खिलाड़ी ने एक ही महीने में यह सम्मान जीता है. इससे पहले भारत, श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं. पिछले मंथ जुन में प्लेयर आफ द मंथ का अवार्ड न्यूजीलैंड के नाथन स्मिथ और इंग्लैंड की डैनी व्याट-हॉज को मिला था.

Also Read: दिनेश चांदीमल की जगह पसिंदु सूर्यबंडारा को मिला मौका, डेब्यू मैच में पहली ही गेंद पर हुए आउट


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिजीत कुमार

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >