पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास और खुर्रम शहजाद को वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट के दौरान आक्रामक अंदाज में जश्न मनाना महंगा पड़ गया. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने दोनों खिलाड़ियों को आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया है.
आईसीसी ने दोनों खिलाड़ियों के खाते में एक-एक डिमेरिट पॉइंट जोड़ दिया है. इसके अलावा खुर्रम शहजाद पर उनकी मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है, जबकि मोहम्मद अब्बास को आधिकारिक चेतावनी देकर छोड़ दिया गया.
क्या था मामला?
दोनों खिलाड़ियों ने बल्लेबाज का विकेट लेने के बाद ऐसे हावभाव और व्यवहार किए, जिन्हें आईसीसी ने उकसाने वाला माना. इस कारण दोनों पर ICC कोड ऑफ कंडक्ट के अनुच्छेद 2.5 के तहत कार्रवाई की गई. यह अनुच्छेद बल्लेबाज के आउट होने के बाद ऐसी भाषा, इशारों या हरकतों पर रोक लगाता है, जिससे आक्रामक प्रतिक्रिया भड़क सकती हो.
दोनों खिलाड़ियों ने स्वीकार की सजा
मैच रेफरी जेफ क्रो द्वारा प्रस्तावित सजा को मोहम्मद अब्बास और खुर्रम शहजाद ने स्वीकार कर लिया. इसलिए इस मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी. पिछले 24 महीनों में यह दोनों खिलाड़ियों का पहला अनुशासनात्मक उल्लंघन है.
आईसीसी के नियमों के मुताबिक, यदि कोई खिलाड़ी 24 महीने के भीतर चार या उससे अधिक डिमेरिट पॉइंट हासिल कर लेता है, तो उन्हें निलंबन (Suspension) अंक में बदल दिया जाता है और खिलाड़ी पर मैचों का प्रतिबंध लगाया जा सकता है.
पहला टेस्ट वेस्टइंडीज ने जीता
वेस्टइंडीज ने तरौबा में खेले गए पहले टेस्ट में पाकिस्तान को 90 रन से हराकर दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. पहला टेस्ट 25 जुलाई से खेला गया. जिसमें वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 311 रन बनाए. जवाब में पाकिस्तान की टीम 282 रन पर सिमट गई. पहली पारी के आधार पर 29 रन की बढ़त हासिल की. वहीं दूसरी पारी में वेस्टइंडीज की टीम 181 रन बना सकी. पाकिस्तान की जीत के लिए 211 रन का टारगेट दिया. जवाब में पाकिस्तान 120 पर ढेर हो गई. सीरीज का दूसरा और अंतिम टेस्ट 2 से 6 अगस्त के बीच पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला जाएगा.
ये भी पढ़ें: दिलीप ट्रॉफी के लिए ईस्ट जोन टीम का ऐलान, ईशान किशन कप्तान और वैभव सूर्यवंशी बने उपकप्तान
