Vaibhav Sooryavanshi Score: भारतीय क्रिकेट को एक और युवा सितारा मिल गया है. महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने शनिवार (4 जुलाई) को इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर दूसरे टी20 मुकाबले में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया. इसके साथ ही वह भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए. हालांकि, पहले मुकाबले में वैभव सिर्फ 14 रन बनाकर आउट हो गए.
2 छक्के के साथ वैभव ने बनाए 14 रन
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने वैभव को सीधे ओपनिंग की जिम्मेदारी सौंपी. युवा बल्लेबाज ने शुरुआत से ही अपने इरादे साफ कर दिए और कुछ आकर्षक शॉट लगाए. हालांकि, वैभव अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय पारी को बड़ी पारी में नहीं बदल सके. उन्होंने 10 गेंदों पर 14 रन बनाए, जिसमें 2 शानदार छक्के शामिल रहे. इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स ने उन्हें आउट कर उनकी पारी का अंत किया.
मैच शुरू होने से पहले भारतीय टीम हडल में जुटी, जहां मुख्य कोच गौतम गंभीर ने खिलाड़ियों को संबोधित किया. इसके बाद टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा ने वैभव सूर्यवंशी को उनकी पहली भारतीय कैप सौंपी. साथी खिलाड़ियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच युवा बल्लेबाज का स्वागत किया.
श्रेयस अय्यर ने वैभव की तारीफ की
15 वर्ष और 99 दिन की उम्र में डेब्यू करने वाले वैभव किसी पूर्ण सदस्य (फुल मेंबर) देश के लिए टी20 इंटरनेशनल खेलने वाले सबसे युवा क्रिकेटर भी बन गए. टॉस के दौरान कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी युवा बल्लेबाज की जमकर तारीफ की.
श्रेयस ने कहा, “पिछले कुछ महीनों में आपने देखा है कि वह किस तरह गेंदबाजों पर हावी रहे हैं. उनमें गजब का आत्मविश्वास है. उन्होंने अपने प्रदर्शन के दम पर टीम में जगह बनाई है. वह दबाव बिल्कुल नहीं लेते और ड्रेसिंग रूम में भी बेहद शांत रहते हैं.”
यह भी पढ़ें: 15 साल में इंटरनेशनल डेब्यू, फिर भी वैभव सूर्यवंशी नहीं तोड़ पाए वर्ल्ड रिकॉर्ड; जानिए किसके नाम है यह उपलब्धि
