ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर आरोन समर्स को एक नाबालिग लड़की से रेप के मामले में 10 महीने जेल की सजा सुनाई गई है. समर्स होबार्ट हरिकेंस और पाकिस्तान सुपर लीग की टीम कराची किंग्स के लिए खेल चुके हैं. यह मामला कई साल पुराना है, लेकिन अब अदालत के फैसले के बाद एक बार फिर चर्चा में है.
2017 में दोनों की हुई थी मुलाकात
द नॉर्थ वेस्ट स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, समर्स ने दिसंबर 2017 में होबार्ट में एक मैच के दौरान 15 वर्षीय लड़की और उसके दोस्तों से मुलाकात की थी. उस समय वह होबार्ट हरिकेंस के लिए बिग बैश लीग में खेल रहे थे. इसके बाद 15 जनवरी 2018 को दोनों ने सोशल मीडिया के जरिए संपर्क किया और अगले दिन मिलने की योजना बनाई.
इसके अगले दिन समर्स लड़की को एक स्कूल में लेकर गए. अदालत में सामने आई जानकारी के मुताबिक, उन्होंने लड़की का यौन शोषण किया. उस समय समर्स 21 साल के थे. उन्हें यह पता था कि लड़की 15 साल की है और कानूनी तौर पर यौन संबंध बनाने की उम्र से कम है.
ये भी पढ़ें: रेप केस में क्रिकेटर अभिषेक पोरेल गिरफ्तार, शादी का वादा कर संबंध बनाने का आरोप
जस्टिन हेलेन वुड ने सजा सुनाते हुए क्या कहा?
तस्मानिया सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस हेलेन वुड ने सजा सुनाते हुए कहा कि समर्स ने क्रिकेटर के तौर पर अपनी पहचान का फायदा उठाकर कम उम्र के लोगों तक पहुंच बनाई. अदालत ने यह भी माना कि लड़की कम उम्र की थी और उसे समर्स की वास्तविक मंशा का अंदाजा नहीं था. समर्स ने बाद में भी लड़की से संपर्क बनाए रखा और उसे आपत्तिजनक तस्वीरें भेजीं. दोनों के बीच आखिरी संपर्क 2021 की शुरुआत में हुआ था.
समर्स ने अदालत में अपने अपराध स्वीकार कर लिए. उन्होंने नाबालिग से रेप के दो मामलों और नाबालिग को आपत्तिजनक फोटो-वीडियो दिखाने के इरादे से संपर्क बढ़ाने के एक मामले में अपना दोष माना.
पहले भी काट चुके हैं जेल की सजा
यह समर्स का पहला आपराधिक मामला भी नहीं है. उन्हें इससे पहले इसी तरह के अपराधों के लिए जेल की सजा मिल चुकी है. 2021 में उन्होंने बाल यौन शोषण से जुड़ी सामग्री रखने और बांटने के मामले में अपना अपराध स्वीकार किया था. इसके अलावा उन पर 16 साल से कम उम्र के व्यक्ति को यौन गतिविधि के लिए तैयार करने की कोशिश का भी मामला था. इन मामलों में उन्हें तीन साल 11 महीने जेल की सजा हुई थी. बाद में उन्हें तस्मानिया लाया गया, जहां मौजूदा मामले में अदालत ने अब उन्हें 10 महीने की सजा सुनाई है.
पाकिस्तान सुपर लीग में भी खेल चुके हैं आरोन समर्स
आरोन समर्स ने बिग बैश लीग में होबार्ट हरिकेंस के अलावा पाकिस्तान सुपर लीग में कराची किंग्स का भी प्रतिनिधित्व किया था. हालांकि, अदालत के इस फैसले के बाद उनका आपराधिक मामला एक बार फिर सुर्खियों में है.
ये भी पढ़ें: अभिषेक पोरेल के साथ 3 साल से रिलेशनशिप में थी, रेप का आरोप लगाने वाली महिला
