Unai Simon 519 Minutes Without Conceding Goal: फीफा विश्व कप 2026 में स्पेन की टीम अपने आक्रामक खेल के साथ-साथ मजबूत डिफेंस की वजह से भी चर्चा में है. टूर्नामेंट में अब तक स्पेन ने चार मैच खेले हैं और हैरानी की बात यह है कि टीम ने एक भी गोल होने नहीं दिया है. गोलकीपर उनाई सिमोन और स्पेनिश डिफेंस ने विरोधी टीमों के हर हमले को नाकाम करते हुए विश्व कप इतिहास में नया रिकॉर्ड बना दिया है.
इटली के वाल्टर जेंगा का रिकॉर्ड तोड़ा
स्पेन के स्टार गोलकीपर उनाई सिमोन ने लगातार 519 मिनट तक गोल नहीं खाने का कारनामा किया है. इसके साथ ही उन्होंने इटली के महान गोलकीपर वाल्टर जेंगा का 36 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. जेंगा ने 1990 विश्व कप में लगातार 517 मिनट तक गोल नहीं खाया था. अब यह रिकॉर्ड सिमोन के नाम दर्ज हो गया है.
हालांकि स्पेन की सफलता का श्रेय सिर्फ गोलकीपर को नहीं दिया जा सकता. टीम की हाई-प्रेसिंग रणनीति, गेंद पर नियंत्रण और मिडफील्ड की मजबूती विरोधी टीमों को गोल करने के मौके ही नहीं दे रही. विरोधी खिलाड़ी अक्सर स्पेन के पेनाल्टी बॉक्स तक पहुंचने से पहले ही गेंद गंवा बैठते हैं.
स्पेन ने इस बार दागे हैं आठ गोल
स्पेन ने ग्रुप चरण में केप वर्दे के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ खेला था. इसके बाद टीम ने सऊदी अरब को 4-0 और उरुग्वे को 1-0 से हराया. वहीं राउंड ऑफ-32 में ऑस्ट्रिया को 3-0 से मात देकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई. इन चार मुकाबलों में स्पेन ने कुल आठ गोल दागे हैं, जबकि उसके खिलाफ कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी है.
प्री-क्वार्टर फाइनल में रोनाल्डो से बचना होगा
अब स्पेन का अगला मुकाबला पुर्तगाल से होगा. पुर्तगाल के पास क्रिस्टियानो रोनाल्डो जैसे अनुभवी और खतरनाक स्ट्राइकर मौजूद हैं, जिन्होंने नॉकआउट चरण में शानदार प्रदर्शन किया है. ऐसे में सबकी नजरें उनाई सिमोन और स्पेन की रक्षा पंक्ति पर रहेंगी कि क्या वे रोनाल्डो को भी गोल करने से रोक पाते हैं या नहीं.
स्पेन की पहली पसंद बने साइमन
पिछले पांच वर्षों में उनाई सिमोन स्पेन के लिए पहली पसंद के गोलकीपर रहे हैं. डेविड राया और जोन गार्सिया जैसे मजबूत दावेदारों की मौजूदगी के बावजूद उन्होंने अपनी जगह बरकरार रखी है. एथलेटिक बिलबाओ के लिए खेलने वाले सिमोन अब विश्व कप 2026 में स्पेन की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरे हैं. स्पेन की नजर अब पुर्तगाल के खिलाफ अपनी क्लीन शीट बरकरार रखते हुए विश्व कप खिताब की ओर एक और कदम बढ़ाने पर होगी.
यह भी पढ़ें: फीफा विश्व कप 2026: पेनाल्टी में कौन बनेगा हीरो? खिलाड़ियों का दिमाग पढ़ रहा न्यूरोसाइंस
