करोड़ों के कैमरों पर भारी पड़ा दादाजी के जमाने का गैजेट! फीफा मैच के बीच इस फैन ने कर दिया ऐसा कमाल, वीडियो हुआ वायरल

Vintage Camera: फीफा वर्ल्ड कप के दौरान नीदरलैंड्स बनाम जापान के मैच में एक बेहद अनोखा नजारा देखने को मिला. आज के इस डिजिटल दौर में जहां हर हाथ में महंगे स्मार्टफोन्स और 4K कैमरे नजर आते हैं. वहीं एक फुटबॉल प्रेमी ने इस मुकाबले की तस्वीरों को 1950 के दशक के एक विंटेज फिल्म कैमरे में कैद किया. तकनीक के इस समंदर में पुरानी रील का यह अंदाज सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है.

Vintage Camera: फुटबॉल के सबसे बड़े महाकुंभ, फीफा वर्ल्ड कप के दौरान स्टेडियम में एक अनोखा और जादुई नजारा देखने को मिला. जहां आज के दौर में लोग हाई-टेक स्मार्टफोन्स और महंगे 4K कैमरों से मैच को रिकॉर्ड करते हैं. वहीं एक फुटबॉल फैन ने नीदरलैंड्स बनाम जापान के मुकाबले को बिल्कुल अलग अंदाज में कैमरे में कैद किया. इस फैन ने मैच की तस्वीरें लेने के लिए किसी आधुनिक गैजेट का नहीं, बल्कि 1950 के दशक के एक विंटेज फिल्म कैमरे का इस्तेमाल किया.

चमड़े के कवर से निकला 70 साल पुराना विंटेज कैमरा

इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में देखा जा सकता है कि स्टेडियम में बैठा एक शख्स अपने हाथों में चमड़े का एक पुराना, क्लासिक कैमरा केस थामे हुए है. जैसे ही वह उस केस को खोलता है, उसके अंदर से 1950 के दशक का एक फोल्डिंग फिल्म कैमरा बाहर आता है. इस कैमरे के केस पर अंदर की तरफ हाथ से ‘Film 120’ लिखा हुआ नजर आता है. इसके बाद वह शख्स बड़ी ही शिद्दत के साथ कैमरे के पिछले हिस्से को खोलता है और उसमें ‘Ilford’ कंपनी की क्लासिक 120 ब्लैक एंड व्हाइट फिल्म रोल को लोड करता है. फिल्म लोड करने के बाद, वह कैमरे को बंद करता है और मैच की गतिविधियों पर नजर टिका देता है.

छोटे से व्यूफाइंडर में सिमटा वर्ल्ड कप का रोमांच

वीडियो में आगे कैमरे के छोटे से व्यूफाइंडर (Viewfinder) के जरिए मैदान का नजारा दिखाया गया है. स्टेडियम की विशाल स्क्रीन्स पर नीदरलैंड्स और जापान के बीच चल रहा लाइव मैच और स्कोरबोर्ड नजर आ रहा है. जबकि व्यूफाइंडर के छोटे से चौकोर फ्रेम में मैदान पर दौड़ते खिलाड़ी बेहद खूबसूरत दिखाई दे रहे हैं. विंटेज कैमरे से क्लिक की गई तस्वीरें जब सामने आईं, तो उन्होंने हर किसी को हैरान कर दिया.

तस्वीरों में बिखरा ‘ब्लैक एंड व्हाइट’ का जादू

किसी गुजरे जमाने के 1950 के कैमरे से जब आज के आधुनिक फुटबॉल मैच को देखा गया, तो तस्वीरें पूरी तरह से ब्लैक एंड व्हाइट आईं. यही खूबी इस पूरे खेल को एक ऐतिहासिक और विंटेज लुक दे रही है. इन तस्वीरों को देखते हुए ऐसा लगता है मानो समय ठहर गया हो. मैदान पर फुटबॉल को ड्रिबल करने की जद्दोजहद और खिलाड़ियों की आपसी खींचातानी के पल बेहद शानदार दिख रहे हैं. वहीं दूसरी ओर, ‘डलास’ स्टेडियम की लाइट्स की रोशनी में बैठी हजारों की भीड़ और हाथ में ड्रिंक लिए मैच का लुत्फ उठाती एक महिला फैन, ब्लैक एंड व्हाइट टोन के साथ एक गहरा कंट्रास्ट पैदा कर रही हैं. कमाल तो तब होता है जब रेफरी ‘येलो कार्ड’ दिखाता है; उस पल दर्शकों के चेहरों पर आई उत्सुकता और सस्पेंस के भाव इन तस्वीरों में पूरी तरह जीवंत हो उठे हैं.

फैंस हुए इस क्रिएटिविटी के दीवाने

यह वीडियो और इसके जरिए ली गई तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब धूम मचा रही हैं. फुटबॉल और फोटोग्राफी के शौकीन लोग इस पर जमकर कमेंट्स कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि जहां आज की तस्वीरें बेहद साफ और परफेक्ट होती हैं. वहीं इस अनोखे प्रयास ने आधुनिक खेल के रोमांच को एक क्लासिक और यादगार इतिहास में तब्दील कर दिया है.

इसे भी पढ़े- होश में आते ही न्यूयॉर्क निक्स के फैन ने की ऐसी हरकत, सोशल मीडिया पर आ गए लाखों व्यूज; वीडियो वायरल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ritu Raj

प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत। खेल पत्रकारिता में एक साल का अनुभव और स्पोर्ट्स की हर छोटी-बड़ी खबर पर पैनी नजर। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में मास्टर्स। उद्देश्य है पाठकों तक तेज, सटीक और विश्वसनीय स्पोर्ट्स कवरेज पहुँचाना।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >