Durand Cup: भारत के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप में हिस्सा लेने के लिए भारतीय वायुसेना की 30 सदस्यीय फुटबॉल टीम इन दिनों रांची में है. टीम के रांची पहुंचने पर एयर फोर्स एसोसिएशन झारखंड ब्रांच की ओर से सहजानंद चौक स्थित कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया. झारखंड में पहली बार डूरंड कप का आयोजन रांची में हो रहा है, जिसमें भारतीय वायुसेना की टीम भी अपना दमखम दिखा रही है.
बड़ी संख्या में मौजूद रहें पूर्व वायुसैनिक
कोच मास्टर वारंट ऑफिसर प्रियदर्शन के नेतृत्व में पहुंची टीम के प्रशिक्षक सार्जेंट जिजो और कैप्टन सार्जेंट दिनेश हैं. सम्मान समारोह में टीम के खिलाड़ियों और अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पूर्व वायुसैनिक भी मौजूद रहे. कार्यक्रम की शुरुआत एयर फोर्स एसोसिएशन के सचिव वेटरन वारंट ऑफिसर नरेंद्र नाथ मुखोपाध्याय ने टीम के सदस्यों के स्वागत के साथ की.
समाज के लिए दें योगदान
इसके बाद एसोसिएशन के अध्यक्ष वेटरन एयर कमोडोर असित कुमार अधिकारी ने झारखंड के प्रतीक भगवान बिरसा मुंडा की अनुकृति भेंट कर पूरी टीम का सामूहिक सम्मान किया. उन्होंने अतिथियों को एसोसिएशन की गतिविधियों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि युवा वायुसैनिकों को यह जानना चाहिए कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वायुसैनिक एक सूत्र में बंधकर समाज के कल्याण के लिए काम करते हैं और भारतीय वायुसेना का नाम ऊंचा रखते हैं. उन्होंने कहा कि सेवा से निवृत्त होने के बाद युवा वायुसैनिकों को भी इसी तरह संगठन से जुड़कर समाज के लिए योगदान देना चाहिए.
फुटबॉल को लेकर दीवानगी
इस दौरान असित कुमार अधिकारी ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए फुटबॉल के प्रति लोगों की दीवानगी का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि मीडिया और संचार के सीमित साधनों के दौर में लोकप्रिय फुटबॉल मैचों को देखने और उनके बारे में जानने के लिए लोगों में किस तरह उत्सुकता रहती थी.
Also Read: 15 साल की उम्र में ये हिम्मत होना बड़ी बात... वैभव सूर्यवंशी की तारीफ में बोले शिखर धवन
28 खिलाड़ियों में 17 अग्निवीर
समारोह में टीम के कोच मास्टर वारंट ऑफिसर प्रियदर्शन ने एक-एक कर खिलाड़ियों का परिचय कराया. टीम में शामिल 28 खिलाड़ियों में से 17 वायु अग्निवीर हैं. समारोह में वक्ताओं ने इसे भारतीय वायुसेना में अग्निवीर योजना के जरिए युवाओं के जीवन में आए बदलाव का उदाहरण बताया. उन्होंने कहा कि कम समय में प्रशिक्षण और अनुशासन के जरिए एक सामान्य युवा किस तरह अपने व्यक्तित्व और क्षमता में बड़ा बदलाव ला सकता है, यह टीम के खिलाड़ियों में साफ दिखाई देता है.
प्लेयर्स और अधिकारियों को किया गया सम्मानित
सम्मान समारोह के दौरान टीम के प्रत्येक खिलाड़ी और अधिकारियों को अलग-अलग स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर वेटरन एयर वाइस मार्शल यश कुमार, ग्रुप कैप्टन घोष, ग्रुप कैप्टन बा, विंग कमांडर कुमार, सार्जेंट अनिरुद्ध सिंह, वारंट ऑफिसर एनएन मुखोपाध्याय, सार्जेंट एएम पाठक, सार्जेंट केएन प्रसाद, जे डब्ल्यू ओ कुमार, सार्जेंट साइमन पीटर, सार्जेंट आशुतोष मिश्रा समेत बड़ी संख्या में पूर्व वायुसैनिक उपस्थित रहे. कार्यक्रम का संचालन जे डब्ल्यू ओ राजू उपाध्याय ने किया.
