रांची में 26 जुलाई से सजेगा फुटबॉल का महाकुंभ, जानें बिरसा मुंडा स्टेडियम में कितने मैच होंगे

पहली बार डूरंड कप की मेजबानी कर रहा रांची 26 जुलाई से 16 अगस्त तक कुल सात मैचों की मेजबानी करेगा. बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में ग्रुप-सी के सभी मुकाबलों के साथ एक क्वार्टर फाइनल भी खेला जाएगा.

Durand Cup in Ranchi: 135वें इंडियनऑयल डूरंड कप में पहली बार मेजबान शहर के रूप में शामिल रांची फुटबॉल के बड़े मुकाबलों का गवाह बनने जा रहा है. झारखंड की राजधानी में 26 जुलाई से टूर्नामेंट के मैच शुरू होंगे, जबकि यहां आखिरी मुकाबला 16 अगस्त को खेला जाएगा.

रांची में होंगे ग्रुप-सी के मुकाबले

रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम को ग्रुप-सी के सभी मुकाबलों की मेजबानी सौंपी गई है. इस ग्रुप में इंडियन सुपर लीग क्लब जमशेदपुर एफसी, स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली (एससी दिल्ली), इंडियन एयर फोर्स फुटबॉल टीम और श्रीलंका की डिफेंडर्स एफसी शामिल हैं.

26 जुलाई से 16 अगस्त तक रांची में खेले जाएंगे मुकाबले

रांची में डूरंड कप का पहला मैच 26 जुलाई को जमशेदपुर एफसी और डिफेंडर्स एफसी के बीच खेला जाएगा. इसके बाद 29 जुलाई, 4 अगस्त, 7 अगस्त, 10 अगस्त, 13 अगस्त को ग्रुप चरण के अन्य मुकाबले आयोजित होंगे. ग्रुप चरण के समाप्त होने के बाद रांची को नॉकआउट चरण का भी एक अहम मुकाबला मिला है. 16 अगस्त को यहां पहला क्वार्टर फाइनल खेला जाएगा, जिससे शहर में डूरंड कप का रोमांच और बढ़ जाएगा.

रांची में मैचों की तारीखें

  • 26 जुलाई: जमशेदपुर एफसी vs डिफेंडर्स एफसी
  • 29 जुलाई: इंडियन एयर फोर्स एफटी vs डिफेंडर्स एफसी
  • 4 अगस्त: जमशेदपुर एफसी vs एससी दिल्ली
  • 7 अगस्त: एससी दिल्ली vs डिफेंडर्स एफसी
  • 10 अगस्त: एससी दिल्ली vs इंडियन एयर फोर्स एफटी
  • 13 अगस्त: जमशेदपुर एफसी vs इंडियन एयर फोर्स एफटी
  • 16 अगस्त: क्वार्टर फाइनल

शेड्यूल आने के बाद डिप्टी कमिश्नर ने की मीटिंग

डूरंड कप 2026 का शेड्यूल जारी होने के बाद रांची के उपायुक्त (डिप्टी कमिश्नर) ने समीक्षा मीटिंग आयोजित की. बैठक में रांची में पहली बार आयोजित होने जा रहे प्रतिष्ठित डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.

बैठक के दौरान सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए. साथ ही टूर्नामेंट के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, आपातकालीन सेवाओं और भीड़ नियंत्रण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.

बड़ी संख्या में दर्शकों को पहुंचने की उम्मीद

रांची इस साल डूरंड कप की मेजबानी करने वाले पांच शहरों में शामिल है. पहली बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी मिलने से झारखंड के फुटबॉल प्रेमियों में खासा उत्साह है. आयोजकों को उम्मीद है कि स्थानीय दर्शक बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएंगे.

यह भी पढ़ें: डूरंड कप 2026 का पूरा शेड्यूल जारी, 25 जुलाई से शुरू होगी खिताबी जंग; जानें कब होगा फाइनल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ujjawal Sinha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >