कोलकाता में सोमवार का दिन मोहन बागान सुपर जायंट के नाम रहा. 135वें डूरंड कप में टीम ने CISF प्रोटेक्टर्स के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबले को एकतरफा कर दिया. मोहन बागान ने CISF को 6-0 से शिकस्त देकर ग्रुप ए में लगातार तीसरी जीत दर्ज की और शान से क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई.
इस जीत में मोहन बागान के हीरो रहे मिडफील्डर सहल अब्दुल समद. समद ने पहले हाफ में ही हैट्रिक पूरी कर ली और सीआईएसएफ की डिफेंस को पूरी तरह से परेशान कर दिया. सहल ने 17वें, 19वें और 37वें मिनट में गोल दागे. उनके तीन गोलों ने मैच का रुख पहले हाफ में ही तय कर दिया था.
शुरुआत से ही हावी रहा मोहन बागान
मोहन बागान ने शुरुआत से ही मुकाबले में पकड़ बनाए रखी. शुरुआती मिनटों में CISF की डिफेंस ने कई हमलों को रोकने की कोशिश की, लेकिन लगातार दबाव के आगे आखिरकार उसे झुकना पड़ा. 17वें मिनट में डेजान ड्राजिच ने अपने हाफ से शानदार पास देकर टेकचाम अभिषेक सिंह को आगे बढ़ाया. उनका शॉट डिफ्लेक्ट होकर लिस्टन कोलाको के पास पहुंचा और लिस्टन ने सहल को गेंद पास किया और बाकी काम सहल ने पूरा कर दिया.
दो मिनट बाद साहल ने दागा दूसरा गोल
अभी CISF संभल भी नहीं पाया था कि दो मिनट बाद सहल ने अपना दूसरा गोल कर दिया. इस बार मनवीर सिंह के बेहतरीन पास के बाद ड्राजिच ने गेंद को सहल की तरफ बढ़ाया और उन्होंने आसानी से गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया. 24वें मिनट में मनवीर सिंह ने भी अपना नाम स्कोरशीट पर दर्ज करा दिया. टेकचाम अभिषेक सिंह की शानदार क्रॉस पर मनवीर ने गेंद को बेहतरीन तरीके से कंट्रोल किया और फिर गोल दागकर मोहन बागान को 3-0 की बढ़त दिला दी.
ये भी पढ़ें: डूरंड कप खेलने रांची पहुंची भारतीय वायुसेना की फुटबॉल टीम, पूर्व वायु सैनिकों ने किया स्वागत
37वें मिनट पर साहल ने पूरी की हैट्रिक
इसके बाद 37वें मिनट में सहल ने अपनी हैट्रिक पूरी की. हाफ लाइन के करीब से गेंद लेकर आगे बढ़े सहल ने डिफेंडरों को छकाया और गोलकीपर को चकमा देते हुए शानदार फिनिश किया. पहले हाफ के खत्म होने तक मोहन बागान 4-0 से आगे था. पहले 45 मिनट में मोहन बागान ने करीब 75 प्रतिशत गेंद अपने पास रखी, जबकि CISF की तरफ से सिर्फ एक शॉट लक्ष्य से बाहर गया.
दूसरे हाफ में भी नहीं कर सकी CISF वापसी
दूसरे हाफ में मोहन बागान ने कई बदलाव किए, लेकिन टीम का आक्रामक रवैया नहीं बदला. मनवीर सिंह और लिस्टन कोलाको के पास कई मौके आए, हालांकि वे उन्हें गोल में नहीं बदल सके. 68वें मिनट में मोहन बागान को पांचवां गोल मिला और इसमें एक बार फिर सहल की भूमिका रही. उन्होंने शानदार नो-लुक थ्रू पास से स्थानापन्न खिलाड़ी जेमी मैकलारेन को गेंद दी. मैकलारेन ने गोलकीपर के पैरों के बीच से गेंद निकालकर स्कोर 5-0 कर दिया.
73वें मिनट पर मोहन बागान का छठा गोल
इसके पांच मिनट बाद यानी 73वें मिनट में मोहन बागान ने छठा गोल भी कर दिया. लिस्टन कोलाको और टेकचाम अभिषेक सिंह ने मिलकर शानदार मूव बनाया और टेकचाम ने गेंद को गोल की छत में पहुंचाकर CISF की मुश्किलें और बढ़ा दी. अंतिम मिनटों में CISF ने गोल करने की कुछ कोशिशें जरूर की, लेकिन मोहन बागान की डिफेंस और गोलकीपर ने उन्हें कामयाब नहीं होने दिया.
मोहन बागान की लगातार तीसरी जीत
इस जीत के साथ मोहन बागान ने ग्रुप ए में तीन मैचों में तीन जीत और नौ अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया. टीम अब पूरे आत्मविश्वास के साथ क्वार्टर फाइनल में उतरेगी. वहीं CISF प्रोटेक्टर्स का डूरंड कप अभियान तीनों मैच हारने और बिना कोई अंक हासिल किए खत्म हो गया.
ये भी पढ़ें: 6,6,6,6,6,6... टोबी एल्बर्ट ने कूटे 86 रन, 232 की स्ट्राइक रेट से जड़े 8 छक्के
