David Warner Drink Driving Case: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर डेविड वॉर्नर को अब गाड़ी चलाते समय 'इंटरलॉक डिवाइस' का इस्तेमाल करना होगा. सिडनी की एक अदालत ने उन्हें 'ड्रिंक-एंड-ड्राइव' (शराब पीकर गाड़ी चलाने) के मामले में दोषी पाया है. 39 साल के वॉर्नर पर 'मिड-रेंज' ड्रिंक-ड्राइविंग के लिए 1,500 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर का जुर्माना भी लगाया गया. यह घटना ईस्टर संडे की है, जब रैंडम ब्रेथ-टेस्टिंग साइट के पास पहुंचने पर उन्होंने एक पैसेंजर के साथ अपनी सीट बदलने की कोशिश की थी.
वॉर्नर ने पिछले महीन आरोप किया था स्वीकार
यह घटना 5 अप्रैल (ईस्टर संडे) को हुई थी. वॉर्नर गाड़ी चला रहे थे और रैंडम ब्रेथ-टेस्टिंग साइट से ठीक पहले गाड़ी रोककर उन्होंने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा. रैंडम ब्रेथ टेस्ट में कानूनी सीमा से दोगुने से ज्यादा अल्कोहल लेवल पाए जाने के बाद पूर्व टेस्ट ओपनर पर 'मिड-रेंज' ड्रिंक-ड्राइविंग का आरोप लगाया गया था. पिछले महीने, वॉर्नर ने सिडनी कोर्ट में ड्रिंक-ड्राइविंग का आरोप स्वीकार कर लिया था.
मीडिया कवरेज की वजह से पहले ही मिल चुकी है सजा
अदालत ने सजा सुनाने के लिए 18 अगस्त की तारीख तय की थी, जहां वॉर्नर को 'मिड-रेंज' ड्रिंक-ड्राइविंग के अपराध के लिए स्थानीय ट्रैफिक कानूनों के तहत सजा का सामना करना पड़ा. क्रिकेट.कॉम.एयू की एक रिपोर्ट के अनुसार, वॉर्नर के वकील अवैस अहमद ने दलील दी कि उन्हें इस अपराध के लिए दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए, क्योंकि मीडिया कवरेज की वजह से उन्हें पहले ही अतिरिक्त सजा मिल चुकी है.
ये भी पढ़ें: IND vs SL: द्रविड़ का रिकॉर्ड तोड़ने से चूके पडिक्कल, दूसरी पारी में भारत ने श्रीलंका को दिया 372 रन का टारगेट
अवैस ने कोर्ट को बताया कि उनके क्लाइंट की इस गलती की खबर ESPN और अल जजीरा जैसे बड़े मीडिया संस्थानों ने भी दिखाई थी. उन्होंने कहा कि भारत और बांग्लादेश जैसे देशों में शराब पीने का चलन कम है, जहां वॉर्नर आगे टी20 लीग में खेलना चाहते हैं. इस मामले की वजह से उनके क्रिकेट और बिजनेस से जुड़े मौकों पर भी असर पड़ सकता है.
कप्तानी को लेकर उठ रहे सवाल
डेविड वॉर्नर को शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामले में दोषी पाया गया था. ब्रेथ टेस्ट में उनके शरीर में कानूनी सीमा से दोगुने से ज्यादा अल्कोहल मिला था. इस मामले के बाद आगामी BBL सीजन में सिडनी थंडर की कप्तानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.
ये भी पढ़ें: VIDEO: संजय मांजरेकर और मुरली कार्तिक में हुई तीखी नोकझोंक, एक-दूसरे की शक्ल पर किया कमेंट
