CWG 2026 Day 9: जुडो में भारत को दो गोल्ड और एक सिल्वर, नीरज चोपड़ा पर अब होगी नजरें

नीरज चोपड़ा (फोटो- सोशल मीडिया)
स्कॉटलैंड में CWG 2026 के नौवां दिन भारत को जुडो में दो गोल्ड और एक सिल्वर मिला. वहीं नीरज चोपड़ा पर नजरें होगी. अब देखना होगा कि नीरज चोपड़ा भारत को गोल्ड दिलाने में सफल रहते हैं या नहीं.
यामिनी मौर्य ने जीता रजत, जुडो में भारत का ऐतिहासिक अभियान खत्म
भारत की यामिनी मौर्य ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के महिला 57 किग्रा वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया. फाइनल में उन्हें इंग्लैंड की असेल्या टोप्राक के खिलाफ गोल्डन स्कोर तक चले रोमांचक मुकाबले में इप्पोन (100-0) से हार का सामना करना पड़ा.
हर्ष ने जुडो में भारत को दिलाया दूसरा गोल्ड
भारत के हर्ष सिंह ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों के 60 किग्रा वर्ग का स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया. फाइनल में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के जोशुआ कैट्ज को 10-0 (वाजा-अरी) से एकतरफा अंदाज में हराया और भारत को जुडो में दूसरा ऐतिहासिक गोल्ड दिलाया.
यह स्वर्ण पदक भारत के लिए इसलिए भी खास रहा क्योंकि इससे कुछ ही देर पहले अस्मिता डे ने महिला 48 किग्रा वर्ग में देश को कॉमनवेल्थ गेम्स इतिहास का पहला जुडो स्वर्ण पदक दिलाया था. हर्ष की जीत के साथ भारत ने एक ही दिन में जुडो में दो स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिए.
कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में इससे पहले भारत ने जुडो में 5 रजत और 6 कांस्य पदक जीते थे, लेकिन स्वर्ण पदक का इंतजार कभी खत्म नहीं हुआ था. अस्मिता डे और हर्ष सिंह ने इस लंबे इंतजार को खत्म करते हुए भारत को जुडो में पहले दो स्वर्ण पदक दिलाकर नया इतिहास रच दिया.
जुडो में भारत को पहला गोल्ड
भारत की अस्मिता डे ने इतिहास रचते हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में जुडो का पहला स्वर्ण पदक जीत लिया. त्रिपुरा की 23 वर्षीय खिलाड़ी ने महिला 48 किग्रा वर्ग के फाइनल में कनाडा की हाइडी क्वाच को रोमांचक गोल्डन स्कोर मुकाबले में हराकर देश को ऐतिहासिक गोल्ड दिलाया.
फाइनल की शुरुआत अस्मिता के लिए अच्छी नहीं रही. उन्होंने शुरुआती युको गंवाया और एक पेनल्टी भी मिली, जिससे कनाडाई खिलाड़ी ने बढ़त बना ली. लेकिन भारतीय जुडोका ने शानदार वापसी करते हुए निर्धारित समय के बीच स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया. इसके बाद भी दोनों खिलाड़ी निर्णायक अंक हासिल नहीं कर सकीं, जिससे मुकाबला गोल्डन स्कोर तक पहुंच गया.
अतिरिक्त समय में अस्मिता ने दबाव के बीच बेहतरीन हमला किया और एक और युको हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया. इस जीत के साथ वह कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में जुडो में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गईं.
अरुंधति चौधरी भी फाइनल में
भारत की मुक्केबाज अरुंधति चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला 70 किग्रा वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है. सेमीफाइनल में उन्होंने मौजूदा चैंपियन वेल्स की रोजी एक्लेस को 4-0 के स्प्लिट डिसीजन से हराया. मुकाबले का तीसरा राउंड बेहद रोमांचक रहा, लेकिन अरुंधति ने संयम बनाए रखते हुए इसे 4-1 से अपने नाम किया और जीत दर्ज की. इस जीत के साथ उन्होंने स्वर्ण पदक मुकाबले का टिकट हासिल कर लिया. वहीं, आज बॉक्सिंग के सेमीफाइनल में भारत की यह लगातार चौथी जीत रही. इससे पहले प्रीति पवार, अंकुश पंघाल और अन्य भारतीय मुक्केबाज भी अपने-अपने वर्ग के फाइनल में जगह बना चुके हैं.
यामिनी मौर्य फाइनल में
भारत की जुडो खिलाड़ी यामिनी मौर्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला 57 किग्रा वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है. सेमीफाइनल में उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की डोने ब्रेटेनबाख को इप्पोन (100-0) से एकतरफा अंदाज में हराया. इस जीत के साथ यामिनी स्वर्ण पदक मुकाबले में पहुंचने वाली भारत की तीसरी जुडो खिलाड़ी बन गई हैं. इससे पहले अस्मिता डे और हर्ष सिंह भी अपने-अपने वर्ग के फाइनल में जगह बना चुके हैं. अब भारत के तीनों जुडो खिलाड़ियों का कम से कम रजत पदक पक्का हो गया है और उनकी नजर गोल्ड मेडल जीतने पर होगी.
जुडो खिलाड़ी अस्मिता डे फाइनल में पहुंची
भारत की जुडो खिलाड़ी अस्मिता डे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला 48 किग्रा वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है. सेमीफाइनल में उन्होंने मेजबान स्कॉटलैंड की समर शॉ को कड़े मुकाबले में 1-0 (युको) से हराया. इस जीत के साथ अस्मिता ने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है और अब उनकी नजर स्वर्ण पदक पर होगी. फाइनल मुकाबला शुक्रवार को ही खेला जाएगा, जहां वह गोल्ड मेडल के लिए चुनौती पेश करेंगी.
अंकुश पंघाल फाइनल में
भारत के स्टार मुक्केबाज अंकुश पंघाल ने पुरुषों के 80 किग्रा वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है. सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने कनाडा के जोशुआ ओफोरी को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराया. अंकुश ने पूरे मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया और तीसरे राउंड में 4-1 से बढ़त बनाते हुए जीत अपने नाम की. इस जीत के साथ उन्होंने स्वर्ण पदक मुकाबले का टिकट हासिल कर लिया. इससे पहले प्रीति पवार भी महिला 54 किग्रा वर्ग के फाइनल में पहुंच चुकी हैं. बॉक्सिंग के सेमीफाइनल में भारत की यह लगातार दूसरी जीत है, जबकि आठ अन्य भारतीय मुक्केबाज भी अपने-अपने वर्ग में फाइनल में जगह बनाने की दौड़ में हैं.
फाइनल में पहुंची मिक्स्ड 4x400 मीटर रिले की टीम
भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की मिक्स्ड 4x400 मीटर रिले स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है. विशाल टीके, राजेश रमेश, रशदीप कौर और नीरू पाठक की भारतीय चौकड़ी ने अपनी हीट में 3:20.98 मिनट का समय निकालते हुए चौथा स्थान हासिल किया. हालांकि टीम सीधे तौर पर क्वालिफाई नहीं कर सकी, लेकिन सबसे तेज नॉन-ऑटोमैटिक क्वालिफायर (q) के रूप में फाइनल का टिकट हासिल करने में सफल रही.
प्रीति पवार फाइनल में
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की मुक्केबाज प्रीति पवार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला 54 किग्रा वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है. प्रीति ने सेमीफाइनल में जाम्बिया की कैथरीन म्वापे को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराया. अंतिम राउंड में म्वापे ने आक्रामक शुरुआत की, लेकिन प्रीति ने सटीक काउंटर पंच और लगातार दमदार कॉम्बिनेशन से मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखा. पांचों जजों ने भारतीय मुक्केबाज के पक्ष में फैसला सुनाया. अब भिवानी की प्रीति शनिवार को स्वर्ण पदक मुकाबले में कनाडा की स्कारलेट डेलगाडो से भिड़ेंगी.
फाइनल में जगह बनाने उतरेंगी प्रीति पवार
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के नौवें दिन भारतीय मुक्केबाजों पर सबकी नजरें रहेंगी. आज भारत के 9 मुक्केबाज अलग-अलग भार वर्गों के सेमीफाइनल मुकाबलों में उतरेंगे. सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही सभी भारतीय मुक्केबाजों का कम से कम कांस्य पदक पक्का हो चुका है. अब उनका लक्ष्य फाइनल में जगह बनाकर स्वर्ण पदक की दौड़ में शामिल होना होगा.
दिन की शुरुआत महिला 54 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल से होगी, जहां प्रीति पवार का सामना जाम्बिया की कैथरीन म्वापे से होगा. भारत को प्रीति से फाइनल का टिकट हासिल करने की उम्मीद है.
CWG 2026 Day 9: जुडो में भारत को दो गोल्ड और एक सिल्वर, नीरज चोपड़ा पर अब होगी नजरें
स्कॉटलैंड के ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का नौवां दिन भारतीय दल के लिए बेहद अहम रहने वाला है. गुरुवार को भारत ने अपने खाते में दो और पदक जोड़े. वेटलिफ्टर लवप्रीत सिंह ने रजत पदक जीता, जबकि डिस्कस थ्रो में सीमा कालीरामना ने कांस्य पदक अपने नाम किया.
अब शुक्रवार को भारत के पास पदकों की संख्या बढ़ाने का शानदार मौका है. पूरे देश की नजरें स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा पर होंगी, जो अपने दूसरे कॉमनवेल्थ गेम्स स्वर्ण पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे. इसके अलावा बॉक्सिंग, जूडो, लॉन बाउल्स और ट्रैक साइक्लिंग में भी भारतीय खिलाड़ी दम दिखाने उतरेंगे. कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के नौवें दिन से जुड़े हर बड़े अपडेट के लिए हमारे साथ बने रहें.