Hemang badani: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के नए हेड कोच को लेकर तस्वीर धीरे-धीरे साफ होती दिख रही है. स्टीफन फ्लेमिंग के जाने के बाद फ्रेंचाइजी पूर्व भारतीय क्रिकेटर हेमांग बदानी को जिम्मेदारी सौंपने पर गंभीरता से विचार कर रही है. रिपोर्ट के मुताबिक, बदानी फिलहाल इस रेस में सबसे आगे हैं. वहीं, टीम के अगले कोच के चयन में एमएस धोनी की भूमिका भी अहम मानी जा रही है.
हेमांग बदानी रेस में सबसे आगे
हेमांग बदानी के नाम के पक्ष में सबसे मजबूत बात उनका T20 क्रिकेट और IPL का अनुभव है. वह IPL में दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच की भूमिका निभा चुके हैं. इसके अलावा अलग-अलग T20 लीग में उनके मार्गदर्शन में टीमों ने खिताब भी जीते हैं.
बदानी को SA20, ILT20 और LPL जैसी लीग में कोचिंग का अनुभव है. ऐसे में CSK के सामने टीम को नए सिरे से तैयार करने की चुनौती को देखते हुए उनका अनुभव फ्रेंचाइजी के लिए उपयोगी हो सकता है. बदानी का भारतीय क्रिकेट सिस्टम से जुड़ाव भी उनके पक्ष में जाता है. वह तमिलनाडु के लिए क्रिकेट खेल चुके हैं और चेपॉक की परिस्थितियों से भी परिचित हैं. CSK के लिए यह पहलू खास महत्व रख सकता है, क्योंकि पिछले कुछ सीजन में टीम का घरेलू प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है.
धोनी चाहते हैं भारतीय कोच?
स्टीफन फ्लेमिंग के साथ CSK का लंबा और सफल रिश्ता रहा है. 2009 से टीम की कमान संभालने वाले फ्लेमिंग ने फ्रेंचाइजी को कई सफल सीजन दिए. ऐसे में उनके बाद किसी नए कोच को चुनना CSK के लिए आसान फैसला नहीं होगा.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, धोनी ने भारतीय कोच के पक्ष में मजबूत तर्क रखा है. IPL में घरेलू खिलाड़ियों की भूमिका लगातार बढ़ी है और भारतीय कोच को इस बदलाव को बेहतर तरीके से समझने वाला विकल्प माना जा रहा है. हालांकि, CSK में कुछ लोग अब भी विदेशी कोच के पक्ष में हैं. इसकी एक वजह फ्लेमिंग की लंबे समय तक रही सफलता है. IPL की कुछ अन्य टीमों ने भी विदेशी कोचों के साथ अच्छा प्रदर्शन किया है. लेकिन इस समय ऐसे विदेशी कोचों का विकल्प सीमित माना जा रहा है, जिनके पास IPL में पर्याप्त कोचिंग अनुभव हो.
ये भी पढ़ें: Tilak Verma: तिलक वर्मा को कौन सा फॉर्मेट है सबसे ज्यादा पसंद? जवाब सुनकर चौंक जाएंगे
फ्लेमिंग के बाद CSK के सामने नई चुनौती
CSK पिछले तीन सीजन से लगातार प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी है. इसके बाद फ्रेंचाइजी और फ्लेमिंग ने अलग होने का फैसला किया. अब नए हेड कोच के सामने सिर्फ टीम की रणनीति तय करने की नहीं, बल्कि एक नए दौर की शुरुआत करने की जिम्मेदारी होगी. पिछले कुछ ऑक्शन में CSK ने टीम को भविष्य के लिए तैयार करने की कोशिश की है. ऐसे में नए कोच को युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के बीच सही संतुलन बनाने के साथ टीम की क्रिकेटिंग दिशा तय करनी होगी.
रिपोर्ट के मुताबिक, नए हेड कोच को सपोर्ट स्टाफ चुनने में भी भूमिका मिल सकती है. यही वजह है कि CSK के लिए यह फैसला केवल फ्लेमिंग के विकल्प का चुनाव नहीं, बल्कि टीम के अगले चरण की दिशा तय करने वाला फैसला भी होगा.
बदानी के सामने क्या होगी चुनौती?
अगर हेमांग बदानी को CSK की जिम्मेदारी मिलती है, तो उन्हें एक ऐसी टीम के साथ काम करना होगा जो बदलाव के दौर से गुजर रही है. चेन्नई की टीम को युवा खिलाड़ियों को तैयार करने, घरेलू परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन करने और IPL में फिर से लगातार प्रतिस्पर्धी बनने की चुनौती होगी.
इसके अलावा बदानी की मौजूदा T20 लीग जिम्मेदारियां भी इस फैसले में अहम हो सकती हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, CSK अपने नए हेड कोच की भूमिका और सपोर्ट स्टाफ को लेकर स्पष्ट व्यवस्था चाहती है. ऐसे में अगर बदानी को जिम्मेदारी मिलती है, तो उनकी दूसरी T20 लीग प्रतिबद्धताओं को लेकर भी स्थिति साफ करनी होगी.
ये भी पढ़ें: IND vs AFG T20I Series: क्या रद्द हो जाएगा भारत-अफगानिस्तान का पहला मैच? DDCA ने दिया अपडेट
