Cristiano Ronaldo Sister Kerala Visit: पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो की लोकप्रियता सिर्फ यूरोप तक सीमित नहीं है. भारत में भी उनके करोड़ों प्रशंसक हैं और इसका एक नजारा केरल में देखने को मिला, जहां रोनाल्डो की बहन एल्मा एवेरो पहुंचीं. यहां उन्होंने केरल के मुख्यमंत्री से मुलाकात की और स्थानीय फुटबॉल प्रशंसकों से भी बातचीत की.
केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन और एल्मा एवेरो के साथ हुई मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल हो रहा है. मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने उनके साथ तस्वीर भी खिंचवाई. इस दौरान केरल के लोगों ने एल्मा के सामने फुटबॉल और क्रिस्टियानो रोनाल्डो के प्रति अपनी दीवानगी जाहिर की
क्यों एल्मा आईं है केरल?
एल्मा एवेरियो छुट्टियां मनाने और भारत घूमने के लिए केरल पहुंची हैं. केरल पहुंचकर वे खूबसूरत नजारों और माहौल का आनंद ले रही हैं. वह यहां दो दिन के लिए आई है और अपनी यात्रा को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रही हैं. हालांकि, उन्होंने अपनी यात्रा का कोई विस्तृत कार्यक्रम साझा नहीं किया है.
इंस्टाग्राम पर अपनी पोस्ट में एल्मा ने भारत में अपने अनुभव को लेकर खुशी जाहिर की. उन्होंने लिखा कि भारत में बिताया गया एक और दिन ऐसा अनुभव है जिसे वह कभी नहीं भूलेंगी. उन्होंने यहां के लोगों को स्वागत करने वाला और मिलनसार बताया और इस अनुभव के लिए भगवान का शुक्रिया अदा किया.
फैंस का प्यार देखकर खुश हुईं एल्मा
मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने बताया कि उन्होंने एल्मा के साथ केरल में फुटबॉल को लेकर लोगों के जुनून पर चर्चा की. उन्होंने रोनाल्डो के प्रति मलयाली फैंस की जबरदस्त लोकप्रियता से भी उन्हें अवगत कराया. एल्मा ने भी प्रशंसकों की भावनाओं को रोनाल्डो तक पहुंचाने का भरोसा दिया. यानी केरल के फुटबॉल फैंस का संदेश अब सीधे CR7 तक पहुंचने वाला है.
1000 गोल के बेहद करीब हैं रोनाल्डो
वहीं, मैदान पर क्रिस्टियानो रोनाल्डो एक और ऐतिहासिक उपलब्धि की ओर बढ़ रहे हैं. अल-नस्र के लिए खेलने वाले रोनाल्डो अब तक 978 गोल कर चुके हैं और उनके करियर के 1000 गोल पूरे करने से वह सिर्फ 22 गोल दूर हैं. उन्होंने पिछले शुक्रवार अल-तावून के खिलाफ अल-नस्र की 2-1 की जीत में भी गोल किया था. ऐसे में पूरी दुनिया की नजरें अब इस बात पर हैं कि रोनाल्डो कब फुटबॉल इतिहास में 1000 गोल का आंकड़ा छूते हैं.
ये भी पढ़ें: IND A vs NZ A: न्यूजीलैंड दौरे पर 3 मुकाबले खेलेगी टीम इंडिया, YouTube पर होगी फ्री लाइव स्ट्रीमिंग
विश्व कप में भी बना चुके हैं इतिहास
रोनाल्डो का आखिरी फीफा विश्व कप 2026 रहा, जिसमें पुर्तगाल की टीम राउंड ऑफ 16 में स्पेन से 0-1 से हारकर बाहर हो गई. मुकाबले का एकमात्र गोल मिकेल मेरिनो ने किया था. यह विश्व कप रोनाल्डो के लिए बेहद भावुक भी रहा, क्योंकि वह पहले ही घोषणा कर चुके थे कि यह उनका आखिरी फीफा विश्व कप होगा. टूर्नामेंट में पुर्तगाल के कई मौके गंवाने और अंत में मिली हार के बाद रोनाल्डो निराश नजर आए.
छह विश्व कप, लेकिन ट्रॉफी से दूर रहे रोनाल्डो
रोनाल्डो ने 2006 में पहली बार विश्व कप में हिस्सा लिया था. उस टूर्नामेंट में पुर्तगाल ने सेमीफाइनल तक का सफर तय करते हुए चौथा स्थान हासिल किया था. इसके बाद 2010 में टीम राउंड ऑफ 16 में बाहर हुई, जबकि 2014 में पुर्तगाल ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ सका. 2018 में भी टीम को प्री-क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा.
2022 में पुर्तगाल ने क्वार्टर फाइनल तक जगह बनाई, लेकिन मोरक्को के खिलाफ हार के बाद उसका सफर समाप्त हो गया. उसी विश्व कप में रोनाल्डो के लंबे समय के प्रतिद्वंद्वी लियोनेल मेसी ने अर्जेंटीना को चैंपियन बनाकर विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम की.
ये भी पढ़ें: ICC Test Rankings: रैंकिंग में नीचे खिसके गिल-बुमराह, श्रीलंका में चमके पडिक्कल ने लगाई लंबी छलांग
