वनडे क्रिकेट की चमक फीकी होने की बातों पर भड़के रोहित शर्मा, कहा- यह सब बकवास है

टी-20 की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए कई पूर्व क्रिकेटरों ने वनडे को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिये हैं. लेकिन रोहित शर्मा ने इन बातों को बकवास बताया है. उन्होंने कहा कि मेरा जो नाम है वह वनडे की वजह से ही है. यह फॉर्मेट कभी खत्म नहीं होगा. ये सभी बातें एक बकवास के अलावा कुछ भी नहीं है.

मुंबई : भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने एक दिवसीय क्रिकेट की चमक फीकी होने जैसी बातों को खारिज करते हुए कहा कि उनके लिए खेल के सभी प्रारूप महत्वपूर्ण हैं. दुनिया भर में लगातार बढ़ती टी-20 लीग की वजह से क्रिकेट कार्यक्रम काफी व्यस्त होता जा रहा है और शीर्ष खिलाड़ियों (बेन स्टोक्स और ट्रेंट बोल्ट) को कुछ कड़े फैसले लेने पर बाध्य होना पड़ रहा है. जिससे हाल में 50 ओवर के क्रिकेट के भविष्य पर काफी चिंतायें व्यक्त की गयीं.

क्रिकेट में और भी फॉर्मेट की जरूरत

रोहित शर्मा ने यहां एक कार्यक्रम के इतर बुधवार को कहा, मेरा नाम ही वनडे क्रिकेट से बना है. सब बेकार की बातें हैं. लोग पहले टेस्ट क्रिकेट (के खतरे में होने) की बातें कर रहे थे. रोहित ने कहा, मेरे लिये क्रिकेट महत्वपूर्ण है, भले ही कोई भी प्रारूप हो. मैं कभी नहीं कहूंगा कि वनडे खत्म हो रहा है या टी-20 खत्म हो रहा है या फिर टेस्ट क्रिकेट अंत के करीब है. उन्होंने कहा, काश एक और प्रारूप भी होता क्योंकि मेरे लिये इस खेल को खेलना सबसे महत्वपूर्ण है.

Also Read: रोहित शर्मा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ T20 सीरीज जीत के बाद की गोल्फ कार्ट की सवारी, वीडियो वायरल
एशिया कप पर हैं निगाहें

उन्होंने कहा कि हर किसी की पसंद होती है कि वह किस प्रारूप में खेलना चाहता है और किस में नहीं, लेकिन मेरे लिये सभी तीनों प्रारूप अहम हैं. रोहित का अगला टूर्नामेंट दुबई में एशिया कप होगा जो इस महीने के अंत में शुरू हो रहा है. भारत अपने अभियान की शुरूआत चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ करेगा. पिछली बार दोनों टीमें जब पिछले साल टी-20 विश्व कप में एक दूसरे से भिड़ीं थीं तो भारत को 10 विकेट की करारी हार का सामना करना पड़ा था.

पाकिस्तान के खिलाफ बनायेंगे विशेष रणनीति

उन्होंने कहा, हम पिछले साल दुबई में पाकिस्तान से खेले थे, जिसमें निश्चित रूप से नतीजा हमारे हक में नहीं रहा था. लेकिन टीम अब अलग अंदाज में खेल रही है और टीम ने अलग तरीके से तैयारी की है इसलिए तब से अब तक काफी चीजें बदल गयी हैं. गत चैम्पियन भारत रिकॉर्ड आठवीं बार इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट को जीतने की कोशिश करेगा. उन्होंने कहा, एशिया कप में हमारा ध्यान इस पर होगा कि हम बतौर टीम क्या हासिल करते हैं, जिसमें हम यह नहीं सोचेंगे कि हम किससे भिड़ रहे हैं, वो भले ही पाकिस्तान हो, बांग्लादेश हो या फिर श्रीलंका.

Also Read: रोहित शर्मा और उनके साथियों ने मोबाइल पर देखा महिला टीम का मैच, फोटो सोशल मीडिया पर वायरल
एशिया कप की तैयारी में जुटी टीम इंडिया

बतौर टीम हम एशिया कप से पहले कुछ चीजों पर काम कर रहे हैं. हमें इस प्रक्रिया को जारी रखना होगा. टी-20 विश्व कप इस साल के अंत में होना है और रोहित ने कहा, लगभग 80 से 90 प्रतिशत टीम तैयार है. उन्होंने कहा, अब भी टी-20 विश्व कप में ढाई महीने के करीब का समय बचा है. इससे पहले हमें एशिया कप में खेलना है और फिर ऑस्ट्रेलिया व दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो घरेलू श्रृंखलायें हैं. उन्होंने कहा, इसमें अगर बदलाव होते हैं तो तीन-चार बदलाव हो सकते हैं जो परिस्थितियों पर निर्भर करेगा. हम अभी तक भारत में खेल रहे थे और फिर संयुक्त अरब अमीरात में खेलेंगे, इसलिए ऑस्ट्रेलिया में हालात अलग होंगे. हमें देखना होगा कि ऑस्ट्रेलिया में हमारी टीम के लिए क्या ठीक रहता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Agency

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >