Rahmanullah Gurbaz: अफगानिस्तान के विकेटकीपर-बल्लेबाज रहमानउल्लाह गुरबाज ने भारत के खिलाफ पहले वनडे में विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया. गुरबाज ने सिर्फ 48 गेंदों में शतक जड़कर अफगानिस्तान के लिए वनडे क्रिकेट का सबसे तेज शतक बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. इसके साथ ही वह भारत के खिलाफ वनडे में सबसे तेज शतक लगाने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज भी बन गए हैं.
धर्मशाला में खेले जा रहे मुकाबले में गुरबाज ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. उन्होंने 51 गेंदों में 102 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 200 का रहा. गुरबाज ने महज 48 गेंदों में शतक पूरा कर अफगानिस्तान क्रिकेट के इतिहास में नया रिकॉर्ड कायम कर दिया. इससे पहले अफगानिस्तान के लिए सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड 72 गेंद में मोहम्मद शहजाद के नाम था. शहजाद ने 2010 में स्कॉटलैंड के खिलाफ ये कारनामा किया था.
अफगानिस्तान के लिए सबसे तेज वनडे शतक
- 48 – रहमानुल्लाह गुरबाज बनाम भारत, धर्मशाला, 2026
- 72 – मोहम्मद शहजाद बनाम स्कॉटलैंड, अलोवे, 2010
- 72 – करीम सादिक बनाम नीदरलैंड्स, शारजाह, 2012
- 85 – नवरोज मंगल बनाम स्कॉटलैंड, शारजाह, 2013
- 85 – मोहम्मद शहजाद बनाम आयरलैंड, बेलफास्ट, 2019
वहीं इस शतक के साथ गुरबाज भारत के खिलाफ सबसे तेज शतक बनाने वाले दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं. वनडे में भारत के खिलाफ सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी के नाम है. अफरीदी ने 2005 में महज 45 गेंदों में शतक पूरा किया था.
भारत के खिलाफ सबसे तेज वनडे शतक
- 45 – शाहिद अफरीदी (PAK), कानपुर, 2005
- 48 – रहमानुल्लाह गुरबाज (AFG), धर्मशाला, 2026
- 57 – जेम्स फॉकनर (AUS), बेंगलुरु, 2013
- 57 – एबी डी विलियर्स (SA), मुंबई WS, 2015
- 57 – माइकल ब्रेसवेल (NZ), हैदराबाद, 2023
यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा ने तोड़ा 37 साल पुराना रिकॉर्ड, ऐसा कारनामा करने वाले भारत के पहले खिलाड़ी बने
