नाइट क्लब कांड पर कोच ब्रेंडन मैकुलम, बोले जश्न मनाओ पर हद पार मत करो

NIGHT CLUB INCIDENT : कोच ब्रेंडन मैकुलम ने कहा कि खिलाड़ियों को सफलता का जश्न मनाने की पूरी आजादी है, लेकिन हद से ज्यादा पार्टी करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

NIGHT CLUB INCIDENT : इंग्लैंड क्रिकेट टीम के हेड कोच ब्रेंडन मैकुलम इस समय अपनी टीम के कुछ खिलाड़ियों की हरकतों से काफी परेशान और निराश हैं. लंदन के एक नाइट क्लब में कप्तान बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन के साथ जो कुछ भी हुआ, उसके बाद टीम में हड़कंप मचा हुआ है. न्यूजीलैंड के खिलाफ ओवल टेस्ट से ठीक दो दिन पहले मैकुलम ने मीडिया के सामने आकर अपनी भड़ास निकाली. उन्होंने खिलाड़ियों को कड़ा संदेश देते हुए साफ कह दिया है कि जीत का जश्न मनाना ठीक है, लेकिन उसकी एक हद होनी चाहिए.

हद से ज्यादा जश्न मनाना खतरनाक है

मैकुलम ने साफ कहा कि वह खिलाड़ियों की खुशी के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन अनुशासन सबसे जरूरी है. उन्होंने कहा, क्रिकेट के मैदान पर जान लगाने के बाद ड्रेसिंग रूम में बैठकर साथियों के साथ जश्न मनाने का मजा ही कुछ और है. मैंने खुद अपने करियर में ऐसे पलों का खूब आनंद लिया है. कोच ने आगे चेतावनी देते हुए कहा, लेकिन मैं हद से ज्यादा जश्न मनाने के सख्त खिलाफ हूँ. खिलाड़ियों को हमेशा टीम के नियमों और गरिमा का ध्यान रखना होगा. हर गलत कदम का एक बड़ा और बुरा असर होता है.

कर्फ्यू टूटने की खबर सुनकर हैरान और गुस्से में थे कोच

मैकुलम ने माना कि जब उन्हें पहली बार पता चला कि बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन ने रात 12 बजे का कर्फ्यू तोड़ा है, तो वह पूरी तरह हैरान रह गए थे. उन्होंने कहा कि पहले वह हैरान हुए, फिर उन्हें गुस्सा आया और बाद में वह बहुत दुखी हुए क्योंकि टीम पिछले 6 महीनों से अनुशासन सुधारने पर काम कर रही थी. इस पूरे मामले की जांच चलने के कारण स्टोक्स और एटकिंसन दोनों को ओवल टेस्ट की टीम से बाहर कर दिया गया है. स्टोक्स की गैरमौजूदगी में दिग्गज बल्लेबाज जो रूट इस मैच में इंग्लैंड टीम की कप्तानी संभालेंगे.

कप्तानी से हटाए जाएंगे बेन स्टोक्स

इस नाइट क्लब विवाद के बाद यह खबर तेज हो गई है कि क्या बेन स्टोक्स को टेस्ट टीम की कप्तानी से हटा दिया जाएगा. इस पर बात करते हुए मैकुलम ने कहा कि अभी जल्दबाजी में कोई भी फैसला नहीं लिया जाएगा. पहले पूरी जांच प्रक्रिया को पूरा होने दिया जाएगा. मैकुलम ने स्टोक्स का बचाव करते हुए कहा, पिछले चार सालों में मैंने बेन स्टोक्स के साथ बहुत करीब से काम किया है. वह एक बेहतरीन कप्तान और खिलाड़ी साबित हुए हैं. फिलहाल हमारी सबसे बड़ी चिंता यह है कि बेन ठीक रहें. इस मुश्किल समय में हमें उनकी देखभाल करनी होगी और उनका साथ देना होगा.

ये भी पढ़े : England Playing 11: न्यूजीलैंड के खिलाफ इंग्लैंड की प्लेइंग-11 घोषित

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Arquam Abdul Mannan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >