Mumbai T20 League 2026 Final: शनिवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए टी20 मुंबई लीग 2026 के फाइनल में एमएससी मराठा रॉयल्स ने अर्क्स अंधेरी को हराकर लगातार दूसरी बार टूर्नामेंट जीता. सिद्धेश लाड की कप्तानी वाली मराठा रॉयल्स के लिए रोहन राजे ने निर्णायक ओवर फेंका. हालांकि, मैच के 19वें ओवर में मैदान पर खिलाड़ियों के बीच भारी कहासुनी हो गई, जिसके बाद खिलाड़ी विपक्षी डगआउट तक पहुंच गए. तनाव बढ़ता देख अंपायरों को कुछ देर के लिए मैच रोकना पड़ा था.
19वें ओवर में इरफान उमर ने पलटी बाजी
वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में एमएससी मराठा रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आर्क्स अंधेरी के सामने 155 रनों का लक्ष्य रखा. बेहतरीन शुरुआत के बाद आर्क्स अंधेरी को अंतिम तीन ओवरों में 38 रनों की आवश्यकता थी. मैच का सबसे निर्णायक मोड़ 19वें ओवर में आया, जब मराठा रॉयल्स के गेंदबाज इरफान उमर के सामने गौरव जठार थे. जठार ने ओवर की दूसरी गेंद पर छक्का मारकर टीम पर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन इरफान ने अगली ही गेंद पर जठार को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ दिया. गौरव जठार 17 गेंदों पर 23 रन बनाकर पवेलियन लौटे. यह विकेट इस मुकाबले का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ.
आपस में भिड़े तुषार देशपांडे और जठार
गौरव जठार का विकेट गिरते ही वानखेड़े स्टेडियम का माहौल अचानक गरमा गया. मराठा रॉयल्स के जश्न के बीच आर्क्स अंधेरी के बल्लेबाज गौरव और गेंदबाज तुषार देशपांडे आपस में भिड़ गए. दोनों एक-दूसरे की तरफ दौड़े, लेकिन मोइन खान और अन्य खिलाड़ियों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया और मैच दोबारा शुरू हुआ. लेकिन ड्रामा यहीं खत्म नहीं हुआ. जब लगा कि सब ठीक हो गया है, तभी मराठा रॉयल्स का एक खिलाड़ी दौड़ते हुए सीधे आर्क्स अंधेरी के डगआउट में घुस गया. इसके बाद तो दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच जमकर लात-घूंसे और हाथापाई शुरू हो गई. हालात काबू से बाहर होते देख अंपायरों और सपोर्ट स्टाफ को बीच-बचाव के लिए कूदना पड़ा, जिसके चलते मैदान पर काफी देर तक भारी तनाव बना रहा.
लगातार दूसरी बार बने चैंपियन
मैदान पर मचे भारी हंगामे और तनाव के बाद जब मैच दोबारा शुरू हुआ, तो सारा दारोमदार आखिरी ओवर पर टिक गया था. एमएससी मराठा रॉयल्स के लिए रोहन राजे अंतिम ओवर फेंकने आए. दबाव की इस घड़ी में रोहन ने बेहद सटीक और कसी हुई गेंदबाजी की और अपने ओवर में सिर्फ 5 रन दिए. इस शानदार स्पेल की बदौलत मराठा रॉयल्स ने यह बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबला 8 रनों से अपने नाम कर लिया. इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही मराठा रॉयल्स ने लगातार दूसरी बार टी20 मुंबई लीग का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है.
इसे भी पढ़े- मैच जीतने के बाद आया मां का फोन, नीतीश रेड्डी ने बीच में ही रोक दी प्रेस कॉन्फ्रेंस; वीडियो वायरल
