झारखंड टी20 लीग: बारिश को ध्यान में रखकर बनेगा शेड्यूल, सभी टीमों को मिलेंगे 8 मैच; सौरभ तिवारी ने बताई पूरी योजना

झारखंड टी20 लीग 2026 की शुरुआत 10 जून से होनी है, लेकिन बारिश की आशंका के कारण टूर्नामेंट का शेड्यूल अभी जारी नहीं किया गया है. प्रभातखबर.कॉम से खास बातचीत में JSCA सचिव सौरभ तिवारी ने बताया कि सभी टीमों को 8-8 मैच मिलेंगे और मौसम को ध्यान में रखकर जल्द ही कार्यक्रम का ऐलान किया जाएगा.

Jharkhand T20 League 2026 की शुरुआत 10 जून से होने वाली है, लेकिन टूर्नामेंट का आधिकारिक शेड्यूल अभी तक जारी नहीं किया गया है. इस बीच झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के सचिव और पूर्व भारतीय क्रिकेटर सौरभ तिवारी ने प्रभात खबर से खास बातचीत में शेड्यूल में हो रही देरी की वजह बताई और लीग को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं.

बारिश को देखते हुए तैयार किया जा रहा शेड्यूल

प्रभातखबर.कॉम के खेल पत्रकार उज्जवल कुमार सिन्हा से बातचीत में सौरभ तिवारी ने कहा कि झारखंड में मानसून के मौसम को देखते हुए लीग का कार्यक्रम बेहद सावधानी से तैयार किया जा रहा है. उनका कहना है कि किसी भी टीम को बारिश की वजह से नुकसान न उठाना पड़े. इसी कारण हम हर पहलू का आकलन कर जल्द ही शेड्यूल जारी करेंगे.

सभी छह फ्रेंचाइजियों ने तैयार कर ली हैं अपनी टीमें

झारखंड टी20 लीग के पहले संस्करण के लिए सभी छह फ्रेंचाइजियों ने अपनी टीमों का गठन कर लिया है. खिलाड़ियों की नीलामी में सबसे बड़ी बोली युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज रॉबिन मिंज पर लगी, जिन्हें कोयलांचल सुपर किंग्स ने 15.25 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा.

वहीं झारखंड के आइकॉन प्लेयर ईशान किशन को संथाल स्ट्राइकर्स, विराट सिंह को छोटा नागपुर रॉयल्स, मोहम्मद कौनेन कुरैशी को जमशेदपुर स्टीलर्स, सुशांत मिश्रा को धनबाद डायमंड्स और शिखर मोहन को रांची टाइटन्स ने अपने साथ जोड़ा.

सभी टीमों को मिलेगा 8 मैच

लीग के फॉर्मेट को लेकर भी सौरभ तिवारी ने अहम जानकारी दी. उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली सभी टीमों को आठ-आठ मैच खेलने का मौका मिलेगा, जिससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के पर्याप्त अवसर मिलेंगे. इस लीग में सभी टीमों को आठ मैच मिलेंगे. हमारा उद्देश्य खिलाड़ियों को ज्यादा से ज्यादा प्रतिस्पर्धी क्रिकेट उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी क्षमता साबित कर सकें.”

झारखंड के युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच

सौरभ तिवारी का मानना है कि झारखंड टी20 लीग राज्य के युवा क्रिकेटरों के लिए एक बड़ा अवसर साबित होगी. उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पहचान दिलाने और उन्हें बड़े मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. यह लीग झारखंड के युवा क्रिकेट टैलेंट के लिए कई नए रास्ते खोलेगी और संभवतः भारत का अगला बड़ा क्रिकेट सुपरस्टार भी सामने ला सकती है.

जल्द होगा शेड्यूल का ऐलान

हालांकि टूर्नामेंट शुरू होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं, लेकिन JSCA का कहना है कि मौसम की परिस्थितियों का आकलन करने के बाद जल्द ही पूरा शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा. ऐसे में झारखंड क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब लीग के कार्यक्रम और पहले मुकाबले पर टिकी हुई हैं.

यह भी पढ़ें: झारखंड टी20 लीग: सभी 6 फ्रेंचाइजियों के स्क्वाड का ऐलान, देखें पूरी टीम लिस्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ujjawal Sinha

उज्जवल कुमार सिन्हा खेल पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक अनुभव रखते हैं. वर्तमान में वह प्रभात खबर में स्पोर्ट्स सेक्शन को लीड कर रहे हैं और विभिन्न खेलों से जुड़ी खबरों की योजना, संपादन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. उन्होंने अपने करियर में मुख्य रूप से डेस्क पर काम करते हुए एक्सक्लूसिव कंटेंट और स्पेशल स्टोरीज पर फोकस किया है. इस दौरान उन्होंने प्रो कबड्डी लीग और रणजी ट्रॉफी के मैच भी कवर किए हैं. प्रभात खबर से पहले वह नवभारत, CricTracker, जनसत्ता, स्पोर्ट्स तक और एपीएन न्यूज जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम कर चुके है. शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने सेंट जेवियर्स यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में स्नातक और सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ बिहार से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. पत्रकारिता के साथ-साथ उज्ज्वल का खेल से व्यक्तिगत जुड़ाव भी रहा है. वह क्रिकेट के खिलाड़ी रह चुके हैं और बिहार के लिए स्टेट कैंप में हिस्सा ले चुके हैं, जिससे उनकी समझ और लेखन को अतिरिक्त मजबूती मिलती है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >