Jharkhand T20 League: कप्तान राजनदीप सिंह के ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत रांची टाइटन्स ने झारखंड टी20 क्रिकेट लीग 2026 में संथाल स्ट्राइकर्स को सात विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की. जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेले गए हाई-स्कोरिंग मुकाबले में टाइटन्स ने 211 रनों का लक्ष्य तीन गेंद शेष रहते हासिल कर लिया.
विवेक कुमार का तूफानी शतक
पहले बल्लेबाजी करते हुए संथाल स्ट्राइकर्स ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 210 रन बनाए. टीम के लिए ओपनर विवेक कुमार ने 44 गेंदों में 101 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें आठ चौके और आठ छक्के शामिल रहे. वह इस सीजन शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने. वहीं, कुमार सूरज ने 31 गेंदों में 41 रन बनाए, जबकि अनमोल राज ने 15 गेंदों में नाबाद 33 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को 200 के पार पहुंचाया.
टाइटन्स के गेंदबाजों ने की वापसी
रांची टाइटन्स की ओर से सौरभ शेखर ने सबसे सफल गेंदबाजी करते हुए 26 रन देकर तीन विकेट झटके. प्रिंस अनुराग मुर्मू ने भी तीन विकेट हासिल किए, जबकि कप्तान राजनदीप सिंह ने दो विकेट अपने नाम किए.
राजनदीप की रिकॉर्डतोड़ बल्लेबाजी
211 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए रांची टाइटन्स ने आक्रामक शुरुआत की. मैच उस समय रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया जब टीम को आखिरी छह ओवर में 87 रनों की जरूरत थी. रणनीतिक फैसला लेते हुए तीसरा विकेट गिरने के बाद सत्य सेतु रिटायर्ड आउट हुए, ताकि कप्तान राजनदीप सिंह को जल्दी बल्लेबाजी के लिए भेजा जा सके. इसके बाद राजनदीप ने मैदान पर आते ही गेंदबाजों पर हमला बोल दिया.
उन्होंने सिर्फ 14 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर झारखंड टी20 लीग के इतिहास की सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. राजनदीप ने 26 गेंदों में नाबाद 70 रन की विस्फोटक पारी खेली और अपनी टीम को यादगार जीत दिलाई.
श्रेष्ठ ने निभाई अहम भूमिका
दूसरे छोर से श्रेष्ठ ने भी संयम दिखाते हुए 25 गेंदों में नाबाद 47 रन बनाए. दोनों बल्लेबाजों की साझेदारी ने टाइटन्स को मुश्किल स्थिति से निकालकर जीत तक पहुंचाया. संथाल स्ट्राइकर्स की ओर से प्रत्युष कुमार एकमात्र गेंदबाज रहे जिन्हें विकेट मिला. उनके अलावा दो विकेट रन आउट और एक विकेट रणनीतिक रिटायर्ड आउट के रूप में गिरा.
राजनदीप बने प्लेयर ऑफ द मैच
बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करने वाले कप्तान राजनदीप सिंह को मैच के बाद ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया. उनकी मैच जिताऊ पारी और दो विकेटों ने रांची टाइटन्स की जीत में अहम भूमिका निभाई.
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंकाई खिलाड़ियों के बीच हुई धक्का-मुक्की, VIDEO वायरल
