Jemimah Rodrigues: महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ करने जा रही है. इस हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले भारतीय बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ने एक बड़ा बयान दिया है. जेमिमा ने कहा कि भारत में क्रिकेट प्रेमियों की भावनाएं इस मुकाबले से इतनी गहराई से जुड़ी हैं कि लोग किसी भी टीम से हार बर्दाश्त कर सकते हैं, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ हार नहीं.
जियोस्टार से बात करते हुए जेमिमा ने क्या कहा?
जियोस्टार से बातचीत में जेमिमा ने भारत-पाकिस्तान मुकाबले के दबाव और उसके महत्व को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि जब उन्होंने अपना पहला भारत-पाकिस्तान मैच खेला था, तब कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टीम को इस मुकाबले की अहमियत समझाई थी.
जेमिमा ने कहा, “मुझे अपना पहला भारत-पाकिस्तान मैच अच्छी तरह याद है. उस समय हरमन दी ने ड्रेसिंग रूम में हमसे कहा था कि इस मुकाबले के दबाव को नजरअंदाज मत करो. हम जानते हैं कि भारत-पाकिस्तान मैच का इतिहास क्या रहा है और फैंस की उम्मीदें कितनी बड़ी होती हैं.”
‘वॉचमैन भी कहता है पाकिस्तान से मत हारना’
भारतीय बल्लेबाज ने एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया. उन्होंने कहा, “मेरी बिल्डिंग का वॉचमैन भी मुझसे कहता है कि किसी से भी हार जाना, लेकिन पाकिस्तान से मत हारना. यही इस मुकाबले का जुनून और दबाव है. लोग क्रिकेट से प्यार करते हैं और उन्हें भारत-पाकिस्तान की प्रतिद्वंद्विता बेहद पसंद है.”
भारतीय टीम का लक्ष्य ट्रॉफी जीतना है
हालांकि जेमिमा का कहना है कि टीम का फोकस सिर्फ पाकिस्तान को हराने तक सीमित नहीं है. भारतीय टीम का असली लक्ष्य विश्व कप ट्रॉफी जीतना है. उन्होंने बताया कि खिलाड़ी लगातार खुद को उस पल की कल्पना कराते हैं जब वे विश्व कप की ट्रॉफी उठाएंगे.
जेमिमा ने कहा, “हम एक टीम के रूप में अक्सर खुद को विश्व कप ट्रॉफी के साथ देखते हैं. यह हमारी सोच और तैयारी का हिस्सा बन चुका है. हमारा मानना है कि अगर आप किसी लक्ष्य को लगातार अपने सामने रखते हैं, तो आप उसी दिशा में आगे बढ़ने लगते हैं.”
दबाव वाली परिस्थिति में खेलने पर ध्यान दिया
टूर्नामेंट की तैयारियों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि टीम ने दबाव वाली परिस्थितियों में खेलने पर खास ध्यान दिया है. अभ्यास सत्रों के दौरान खिलाड़ियों को जानबूझकर कठिन हालात में रखा गया ताकि बड़े मुकाबलों में वे मानसिक रूप से पूरी तरह तैयार रहें.
यह भी पढ़ें: महिला टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला, जानें कब, कहां और कैसे देखें मैच
