भारत के लिए ऑस्ट्रेलिया में नहीं होगा टेस्ट सीरीज जीतना असान, ये होंगी चुनौतियां

राहुल द्रविड़ का मानना है कि स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर के इस बार ऑस्ट्रेलियाई टीम में मौजूद होने से भारत को वहां के टेस्ट दौरे पर कड़ी चुनौती का सामना करना होगा.

महान बल्लेबाज राहुल द्रविड़ को लगता है कि स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर के इस बार ऑस्ट्रेलियाई टीम में मौजूद होने से भारत को वहां के टेस्ट दौरे पर कड़ी चुनौती का सामना करना होगा. स्मिथ और वार्नर दक्षिण अफ्रीका में हुई गेंद से छेड़छाड़ की घटना के कारण लगे प्रतिबंध की वजह से ऑस्ट्रेलिया की उस टीम में शामिल नहीं थे जिस पर भारत ने 2018 में उसकी सरजमीं पर ऐतिहासिक टेस्ट श्रृंखला जीती थी.

इन दोनों की अनुपस्थिति में भारत ने ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर 2018-19 में अपनी पहली टेस्ट श्रृंखला में जीत हासिल की थी. द्रविड़ ने फेसबुक पर दिखाए गए चैनल के ‘सोनी टेन पिट स्टॉप’ शो में कहा, ‘‘स्मिथ और वार्नर की कमी ऑस्ट्रेलिया के लिए बहुत बड़ी चीज थी क्योंकि उनका टीम पर काफी बड़ा प्रभाव है.

ये दोनों ऑस्ट्रेलिया के दो शीर्ष बल्लेबाज हैं और ये टीम के लिए सबसे ज्यादा रन जुटाते हैं. ” उन्होंने कहा, ‘‘हमने देखा है कि स्मिथ जैसे खिलाड़ी का एशेज में क्या प्रभाव था, यहां तक कि वॉर्नर फॉर्म में नहीं थे, लेकिन वह मार्नस लाबुशेन के साथ श्रृंखला को आगे ले गये.

लेकिन हां, इन दोनों की उपस्थिति से भारत के लिए यह दौरा इस बार काफी चुनौतीपूर्ण होगा. ” भारत को ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर तीन दिसंबर से ब्रिसबेन में शुरू होने वाली चार मैचों की टेस्ट श्रृंखला खेलनी है. उन्होंने हालांकि कहा कि विराट कोहली और उनकी टीम में ऑस्ट्रेलिया को टक्कर देने की काबिलियत है.

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन मैं कहूंगा कि भारत में प्रतिस्पर्धा करने के लिए ताकत मौजूद हैं और उनके पास शीर्ष स्तरीय खिलाड़ी भी हैं. इसलिए यह श्रृंखला अच्छी होनी चाहिए, हर कोई इस भिड़त को देखने के लिए उत्सुक है. ”

Posted By : sameer Oraon

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Agency

Published by: Prabhat Khabar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >