CSK vs GT Qualifier 1: चेन्नई और गुजरात में फाइनल में पहुंचने की जंग, धोनी की टीम के सामने गिल की कड़ी चुनौती

CSK vs GT: आईपीएल 2023 के पहले क्वालीफायर में चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस की टीमें आमने सामने होंगी. यह मैच मंगलवार (23 मई) को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा. धोनी की टीम जब गुजरात भिड़ेगी तो शुभमन गिल को रोकना बड़ी चुनौती होगी.

IPL 2023 Qualifier 1 CSK vs GT: चेन्नई सुपर किंग्स की टीम मंगलवार (23 मई) को आईपीएल 2023 के पहले क्वालीफायर में गुजरात टाइटंस का सामना करेगी. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला चेन्नई के होम ग्राउंड एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा. महेंद्र सिंह धोनी को चतुर रणनीतिकार माना जाता है लेकिन जब उनकी टीम गुजरात भिड़ेगी तो उन्हें बेहतरीन फॉर्म में चल रहे शुभमन गिल को रोकने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने होंगे.

गिल ने पिछले मैच में नाबाद शतक लगाकर विराट कोहली के शतकीय प्रयास पर पानी फेर दिया था जिससे रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) की टीम आईपीएल से बाहर हो गई. ऐसे में चेन्नई के खिलाफ मैच में इस युवा बल्लेबाज पर सभी की निगाह टिकी होगी और भारत के सर्वश्रेष्ठ कप्तानों में से एक धोनी उनके लिए निश्चित तौर पर विशेष रणनीति तैयार करेंगे.

गुजरात टाइटंस ने इस सीजन में चेपॉक पर एक भी मैच नहीं खेला है. चेन्नई ने हालांकि यहां 7 मैच खेले हैं लेकिन प्रत्येक मैच में पिच की प्रकृति बदली हुई नजर आई और इसलिए यह अनुमान लगाना मुश्किल है कि आगामी मैच में इसका व्यवहार कैसे होगा. यह मैच इसलिए भी दिलचस्प बन गया है क्योंकि गुजरात की फ्रेंचाइजी भी लगभग चेन्नई के नक्शे कदम पर ही आगे बढ़ रही है. उसका मजबूत प्रबंधन और प्रशासन क्रिकेट से जुड़े मुद्दों पर कभी हस्तक्षेप नहीं करता तथा अधिकतर फैसले आशीष नेहरा, गैरी कर्स्टन और विक्रम सोलंकी ही करते हैं.

हार्दिक पंड्या के रूप में गुजरात टाइटंस के पास ऐसा कप्तान है जिन्हें कि धोनी की तरह कुशल रणनीतिकार माना जा रहा है. गुजरात की टीम भी चेन्नई की तरह अंतिम एकादश में बहुत अधिक बदलाव करने में दिलचस्पी नहीं रखती है. इसलिए यह मुकाबला एक जैसी रणनीति वाली टीमों के बीच होगा जिससे यह दिलचस्प बन गया है.

गुजरात के लिए चेपॉक की पिच की धीमी प्रकृति से निपटना चुनौती होगी. इसके अलावा पावर प्ले में दीपक चाहर की गेंदबाजी और अंतिम ओवरों में मथीसा पथिराना का प्रदर्शन भी परिणाम पर महत्वपूर्ण प्रभाव डालेगा. ऐसे में पंड्या और नेहरा श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका से सलाह लेंगे क्योंकि वह जानते होंगे कि पथिराना और स्पिनर महेश तीक्ष्णा से कैसे निपटना है.

शनाका को ऑलराउंडर के तौर पर उपयोग किया जा सकता है लेकिन टॉस को देखते हुए बाएं हाथ के स्पिनर आर साई किशोर को भी आजमाया जा सकता है जो यहां की परिस्थितियों से अच्छी तरह परिचित हैं. आयरलैंड के जोशुआ लिटिल को भी अंतिम एकादश में शामिल किया जा सकता है.

चेन्नई के लिए डेवोन कॉनवे और रुतुराज गायकवाड से अच्छी शुरुआत बेहद महत्वपूर्ण होगी. चेपॉक में अजिंक्य रहाणे का प्रदर्शन भी काफी महत्व रखता है जबकि शिवम दुबे सत्र के अपने 33 छक्कों में इजाफा करना चाहेंगे. चेन्नई के बल्लेबाजों के लिए हालांकि अनुभवी मोहम्मद शमी और राशिद खान से निपटना आसान नहीं होगा.

यदि मैच के लिए पिच को सपाट बनाया जाता है तो ऐसे में स्पिनरों की भूमिका अहम हो जाएगी. अगर चेन्नई के पास रविंद्र जडेजा, मोईन अली और तीक्ष्णा के रूप में अच्छे स्पिनर हैं तो टाइटंस के पास राशिद और नूर अहमद हैं. अफगानिस्तान के दोनों स्पिनरों ने इस सत्र में अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Agency

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >