INDvsAUS: भारत के सामने ऑस्ट्रेलिया चारों खाने चित्त, विराट-यशस्वी और बुमराह का तो जवाब नहीं

INDvsAUS: दिन के पहले सेशन में यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) के शतक के बाद अंतिम सेशन में विराट कोहली (Virat Kohli) ने भी 17 महीने बाद वापसी करते हुए शानदार शतक बनाया. दो शतकों की बदौलत भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 534 रन का लक्ष्य रख दिया. भारतीय गेंदबाजों ने दिन के बचे 5 ओवर में ऑस्ट्रेलिया के तीन विकेट भी गिरा दिए.

INDvsAUS: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहले टेस्ट में भारतीय खिलाड़ियों ने पहली पारी में ‘ब्लंडर’ के बाद जबरदस्त वापसी की. भारत ने खेल के तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया को उसकी पहली पारी में 104 रन पर ऑलआउट कर दिया. उसके बाद अपनी दूसरी पारी में भारत ने यशस्वी जायसवाल और विराट कोहली के शतक की बदौलत 6 विकेट खोकर 487 रन का भारी स्कोर बना दिया. विराट का शतक होते ही भारत ने अपनी पारी घोषित कर दी. भारत को पहली पारी में 46 रन की लीड मिली थी. भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 534 रनों का लक्ष्य रखा. लेकिन ऑस्ट्रेलिया इससे पहले कि अंगड़ाई लेता बुमराह ने तीन कंगारुओं को ढेर कर दिया.

जस्सी जैसा कोई नहीं

भारत के 534 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए बुमराह कहर बन कर टूटे. बुमराह ने इस मैच में अपना डेब्यू करने वाले नाथन मैकस्वीनी को एलबीडब्लू कर दिया. मार्नस लाबुशेन की जगह नाइट वाचमैन के रूप में उतरे पैट कमिंस ने बचे खुचे ओवर निकालने की कोशिश की लेकिन सिराज ने भी कप्तान का सीना चौड़ा करते हुए कमिंस को चलता कर दिया. कमिंस को स्लिप में कोहली ने लपका. लेकिन दिन का गोल्डन बॉल दिन का सबसे आखिरी गेंद पर आया. बुमराह ने मार्नस लाबुशेन को भी विकेट के सामने पकड़ लिया और डीआरएस के बावजूद लाबुशेन को पवेलियन लौटना पड़ा. दिन का खेल समाप्त होने तक ऑस्ट्रेलिया 4.2 ओवर में 3 विकेट खोकर 12 रन बना चुका है. ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए अभी 522 रन और बनाने हैं और उसके 7 विकेट शेष हैं. अभी दो दिन का खेल बाकी है.

युवा यशस्वी का शानदार शतक

इससे पहले तीसरे दिन का खेल शुरू होने पर भारत की सलामी जोड़ी ने बैटिंग शुरू की तो ऐसा लगा ही नहीं कि कोई अवरोध आया था. यशस्वी जायसवाल अपने कल के स्कोर 90 रन से आगे बढ़कर शतक लगाया. यशस्वी ने हेजलवुड की गेंद पर अपरकट लगाते हुए छक्के के साथ अपना शतक पूरा किया. जायसवाल ने अपनी पारी समाप्त होने से पहले 297 गेंदों में 15 चौके और 3 छक्के के साथ 161 रन बनाए. जायसवाल ने इस मैच में ब्रेंडन मैकुलम के एक कैलेंडर इयर में सर्वाधिक छक्के लगाने के रिकॉर्ड को तोड़ दिया. युवा यशस्वी ने इस कैलेंडर इयर में अब तक 35 छक्के लगाए हैं. केएल राहुल ने भी लंबे समय बाद अपनी फॉर्म में वापसी करते हुए 176 गेंद में 77 रन बनाए. यशस्वी और राहुल ने  पहले विकेट के लिए रिकॉर्ड 201 रन की साझेदारी की. आज दिन का खेल समाप्त होने के बाद यशस्वी ने ही टीम को लीड किया और सभी उनके बाद पवेलियन में लौटे. 

यह भी पढ़ें: किंग इज बैक, विराट की शतक के साथ धमाकेदार वापसी, देखें वीडियो

17 महीने बाद विराट का शतक

भारत के लिए सबसे सुखद रहा उसके स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का फॉर्म में लौटना. विराट ने 17 महीने के बाद टेस्ट में शतक लगाया. कोहली ने पिछली 14 पारियों में मात्र 364 रन बनाए थे. यह उनके जैसे स्टेचर वाले खिलाड़ी के लिए अच्छे आंकड़े नहीं थे. लेकिन विराट ने शानदार वापसी की. उन्होंने 143 गेंदों में 8 चौके और 2 छक्के के साथ 100 रन बनाए. विराट ने यशस्वी, ऋषभ पंत, वाशिंगटन सुंदर और नीतीश कुमार रेड्डी के साथ साझेदारियां कीं. आज उन्होंने कोई जल्दबाजी नहीं दिखाई. हालांकि नीतीश कुमार रेड्डी ने जरूर तेज खेल दिखाया और 27 गेंदों में ही 38 रन ठोंक डाले. रेड्डी ने अपनी पारी में पैट कमिंस की 3 गेंदों पर लगातार तीन चौके लगाए. ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज विकेट के लिए तरसते रहे. विराट के शतक के बाद कप्तान बुमराह ने पारी की घोषणा कर दी. 

भारत ने मैच के तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया को हर मोर्चे पर पटखनी दी. पहले बल्लेबाजी में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को छकाया फिर गेंदबाजी से कप्तान बुमराह ने पैट कमिंस की टीम को घायल ही कर दिया है. अब कल चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया को जीतने के लिए 522 रन और बनाने हैं तो भारत को जीतने के लिए 7 विकेट की जरूरत है. अगर भारतीय गेंदबाज इसी तरह लय में रहे तो भारतीय टीम मैच को जल्द समेट सकती है.

इसे भी पढ़ें: यश भाऊ से पंगा नहीं…, यशस्वी के तेवर ने ऑस्ट्रेलिया को किया हल्का, देखें वीडियो

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अनन्त नारायण शुक्ल प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट क्रिएटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब दो वर्षों का अनुभव है. वर्तमान में उनका मुख्य फोकस राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मामलों, वैश्विक भू-राजनीति (ग्लोबल जियोपॉलिटिक्स), रक्षा नीति, कूटनीति और विश्व राजनीति से जुड़े विषयों पर है. वे दुनिया भर में घट रही महत्वपूर्ण घटनाओं को गहरी रिसर्च और तथ्यात्मक विश्लेषण के साथ पाठकों तक पहुंचाने का काम करते हैं. अनन्त मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय संघर्ष, वैश्विक सुरक्षा, रक्षा रणनीतियों, विदेश नीति, भारत के पड़ोसी देशों से जुड़े घटनाक्रम और विश्व स्तर पर भारत की भूमिका जैसे विषयों को कवर करते हैं. इजरायल-ईरान संघर्ष, अमेरिका की विदेश नीति, परमाणु सुरक्षा, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के हालात, नेपाल-चीन सीमा से जुड़े मुद्दे और वैश्विक कूटनीतिक घटनाक्रम पर उनकी विशेष पकड़ है. इसके अलावा वे अंतरराष्ट्रीय आपदाओं, विदेशों में बसे भारतीयों और वैश्विक स्तर पर भारत के बढ़ते प्रभाव से जुड़ी खबरों पर भी नियमित रूप से लिखते हैं. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में उनकी गहरी रुचि रही है, जिसने उन्हें वैश्विक मामलों और अंतरराष्ट्रीय पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया. यही वजह है कि उनके लेखों में विषय की गहराई, एक्सपर्ट्स की राय के साथ उनके कमेंट्स, तथ्यों की सटीकता और व्यापक संदर्भ देखने को मिलता है. बदलते वैश्विक परिदृश्य पर उनकी पैनी नजर रहती है, जिससे वे पाठकों तक समय पर विश्वसनीय और विश्लेषणात्मक जानकारी पहुंचाते हैं. अनन्त को राष्ट्रीय राजनीति की भी समझ है. उन्होंने दिल्ली विधान सभा चुनाव 2025 और देश के अन्य चुनावों को कवर किया है. चुनाव के काउंटिंग डे को कवर करने का भी उनके पास काफी अनुभव है. इसके साथ ही वह कभी-कभी नेशनल डेस्क भी संभालते हैं, जिसमें देश भर में जनता से जुड़े जरूरी सामाजिक मुद्दे, न्यायिक खबरों और अपराध की खबरों को भी कवर करते हैं. इसके अलावा उन्हें रोचक जानकारियों को क्यूरेट करने का भी शौक है. इसमें लाइफस्टाइल, ऐतिहासिक और पुरातात्विक जानकारी के साथ ही दुनिया भर के साम्राज्यों के बारे में खबरें करते हैं. उत्तर प्रदेश की कालीन नगरी- भदोही जिले के रहने वाले अनन्त ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की है. उन्होंने 2024 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत प्रभात खबर में खेल पत्रकार के रूप में की थी, जहां उन्होंने करीब एक वर्ष तक क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़ी खबरों को कवर किया. बाद में अपनी रुचि और विशेषज्ञता के चलते उन्होंने अंतरराष्ट्रीय डेस्क का रुख किया और आज वैश्विक राजनीति व भू-राजनीति के प्रमुख विषयों पर लेखन कर रहे हैं. तथ्यों की पुष्टि और सटीक जानकारी को वे अपनी पत्रकारिता का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हैं. उनका प्रयास रहता है कि पाठकों को विश्व घटनाक्रम की भरोसेमंद, संतुलित और गहन जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध हो, ताकि वे वैश्विक मुद्दों को बेहतर ढंग से समझ सकें.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >