Highlights
Gautam Gambhir on MS Dhoni: हेड कोच गौतम गंभीर ने महेंद्र सिंह धोनी को लेकर सीधा बयान दिया है. भारत ने 8 मार्च को तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीता. इसके बाद धोनी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके गंभीर को बधाई दी थी. साथ ही धोनी ने गंभीर के मुस्कुराने पर मजे भी लिए थे. अब गंभीर ने एक इंटरव्यू के दौरान जवाब दिया है. गंभीर ने खुले तौर पर कहा है कि वह चाहते हैं कि एक दिन धोनी उनकी जगह भारतीय टीम के हेड कोच का पद संभालें.
धोनी के मजे लेने पर गंभीर का जवाब
सोमवार 16 मार्च को रेवस्पोर्ट्स ट्रेलब्लेजर्स कॉन्क्लेव में बोलते हुए गौतम गंभीर ने धोनी की पोस्ट पर अपनी बात रखी. गंभीर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वर्ल्ड कप फाइनल देखने के लिए धोनी का मैदान में आना बहुत अच्छा लगा. उन्होंने मुझे मुस्कुराने के लिए कहा, यह बात भी मुझे बहुत अच्छी लगी. गंभीर ने आगे कहा कि मैं दिल से चाहता हूं कि एक दिन धोनी मेरी जगह पर बैठकर टीम को कोचिंग दें. ऐसा होने पर मैं भी उनके लिए यही बात लिख सकूं और उम्मीद है कि तब धोनी भी डगआउट में बैठकर इसी तरह मुस्कुराएंगे.
गंभीर को लेकर धोनी ने किया था इस्टाग्राम पोस्ट
आपको बता दें कि भारत ने जब अपना पहला टी20 वर्ल्ड कप जीता था, तब धोनी ही टीम के कप्तान थे. इस बार की जीत के बाद धोनी ने इंस्टाग्राम पर टीम को बधाई दी थी. इसी पोस्ट में उन्होंने गंभीर की एक तस्वीर पर कमेंट करते हुए लिखा था कि कोच साहब, आपके चेहरे पर मुस्कान बहुत अच्छी लगती है. धोनी ने अपनी पोस्ट में यह भी लिखा था कि आपके चेहरे का तेज और मुस्कान दोनों का तालमेल एकदम कातिलाना है. आपने बहुत शानदार काम किया है.
धोनी और गंभीर के बीच दिखी दोस्ती
गौतम गंभीर और धोनी के बीच हुई इस बातचीत ने भारतीय फैंस का दिल जीत लिया है. बीते कई सालों तक दोनों के रिश्तों को लेकर अलग-अलग तरह की अटकलें लगाई जाती थीं. साल 2024 में हेड कोच बनने से पहले गंभीर कई बार टीवी पर धोनी की लोकप्रियता को लेकर तंज कसते थे. लेकिन अब दोनों के बीच सम्मान देखने को मिल रहा है.
IPL 2026 में खेलते दिखेंगे एमएस धोनी
44 साल के धोनी अभी भी एक एक्टिव क्रिकेटर हैं. कोचिंग की बात करें तो धोनी 2021 के टी20 वर्ल्ड कप में टीम के मेंटर बने थे, लेकिन तब भारत ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गया था. धोनी अभी चेन्नई सुपर किंग्स के साथ प्रैक्टिस कैंप में शामिल हो चुके हैं. कप्तान रुतुराज गायकवाड की अगुवाई में वह आईपीएल 2026 में खेलेंगे. टीम में संजू सैमसन के आने के बाद भी मैनेजमेंट ने स्पष्ट किया है कि धोनी हर मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे. पिछले सीजन में धोनी ने 13 पारियों में 196 रन बनाए थे. चेन्नई का पहला मैच 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ है.
गंभीर का कोचिंग करियर
दूसरी तरफ गौतम गंभीर अभी कुछ समय के ब्रेक पर हैं. भारतीय टीम को अब जून में अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज खेलनी है. टेस्ट क्रिकेट में कुछ परेशानियों के बाद भी गंभीर की जगह पूरी तरह से सुरक्षित है. वह भारत के इकलौते ऐसे कोच हैं जिन्होंने दो आईसीसी ट्रॉफी अपने नाम की हैं.
ये भी पढ़ें-
एक साथ 3 टीमें उतार सकते हैं, भारत की T20 क्रिकेट में डेप्थ को लेकर सूर्या का बयान
काव्या मारन की टीम पर भड़के सुनील गावस्कर, अबरार अहमद को खरीदने पर उठाए सवाल
टी20 वर्ल्ड कप के हीरो फरहान, जैक्स और शैडली; ICC प्लेयर ऑफ द मंथ की रेस में
