भारत का टेस्ट में अजेय अभियान जारी, 18 मैच जीतकर 29 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
नयी दिल्ली : भारत की इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला में 4-0 से जीत के दौरान कई नये रिकार्ड बने. भारत ने जहां टेस्ट मैचों में जहां अपना अजेय अभियान रिकार्ड 18 मैच तक पहुंचाया वहीं एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक नौ जीत की नयी उपलब्धि हासिल की. इंग्लैंड के खिलाफ पहली […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
नयी दिल्ली : भारत की इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला में 4-0 से जीत के दौरान कई नये रिकार्ड बने. भारत ने जहां टेस्ट मैचों में जहां अपना अजेय अभियान रिकार्ड 18 मैच तक पहुंचाया वहीं एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक नौ जीत की नयी उपलब्धि हासिल की.
इंग्लैंड के खिलाफ पहली बार भारत ने 4-0 से जीत दर्ज की. इससे पहले उसने मोहम्मद अजहरुद्दीन की अगुवाई में 1992-93 में अपनी सरजमीं पर 3-0 से जीत हासिल की थी. रविंद्र जडेजा ने जैसे ही कल इंग्लैंड का आखिरी विकेट लिया तो एम ए चिदंबरम स्टेडियम में जश्न का माहौल बन गया. भारत ने पिछले साल सितंबर से यह लगातार पांचवी टेस्ट श्रृंखला जीती थी. इससे भारत ने टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक मैचों तक अजेय रहने का अपना नया रिकार्ड भी बनाया. इससे पहले उसने 1985 – 87 में लगातार 17 मैच जीते थे.
पांचवें और अंतिम टेस्ट मैच में भारत ने अपनी पारी सात विकेट पर 759 रन बनाकर समाप्त घोषित की जो उसका सर्वोच्च स्कोर भी है. भारत ने मैच पारी और 75 रन से जीता जो उसकी इंग्लैंड के खिलाफ सबसे बड़ी जीत है. जडेजा इस मैच के दौरान अर्धशतक बनाने, दस विकेट और साथ ही चार कैच लेने वाले पहले ऑलराउंडर भी बने. इस श्रृंखला में रविचंद्रन अश्विन (306 रन और 28 विकेट) तथा जडेजा पहले दो ऐसे आलराउंडर बने जिन्होंने एक ही टेस्ट श्रृंखला में 200 से अधिक रन और 25 से अधिक विकेट का डबल बनाया. कपिल देव (तीन बार), वीनू मांकड और अश्विन के बाद जडेजा भारत के चौथे ऑलराउंडर हैं जिन्होंने एक टेस्ट श्रृंखला में 200 से अधिक रन और 20 से अधिक विकेट लिये.
भारत ने दूसरी बार 4-0 से जीत दर्ज की. इससे पहले उसने 2012-13 में उसने ऑस्ट्रेलिया को चार मैचों की श्रृंखला में 4-0 से पराजित किया था. भारत ने इस कैलेंडर वर्ष में 12 मैचों में नौ में जीत दर्ज की और इस तरह से उसने 2010 में 14 मैचों में आठ जीत के अपने पिछले रिकार्ड में सुधार किया.
इंग्लैंड की दूसरी पारी में जडेजा ने एलिस्टेयर कुक का विकेट श्रृंखला में छठी बार लिया जो कि नया रिकार्ड है. अपना तीसरा टेस्ट मैच खेल रहे करुण नायर (नाबाद 303) भारत की तरफ से तिहरा शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने. उनसे पहले वीरेंद्र सहवाग ने दो बार यह कारनामा किया था. नायर महान डान ब्रैडमैन और बाब सिम्पसन के बाद तीसरे ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने टेस्ट मैचों में अपने पहले शतक को ही तिहरे शतक में तब्दील किया.
नायर ने 25 साल दस दिन की उम्र में तिहरा शतक लगाया और वह सबसे कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल करने वाले छठे बल्लेबाज बने. उन्होंने केवल टेस्ट क्रिकेट की तीसरी पारी में यह उपलब्धि हासिल की और इस तरह से सबसे कम पारियों में तिहरा शतक जड़ने का नया रिकार्ड बनाया. विराट कोहली ने श्रृंखला में 109.16 की औसत और दो शतकों की मदद से 655 रन बनाये और पहली बार मैन आफ द सीरीज बने.