वार्नर का शतक, ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका को पांच विकेट से हराया

पल्लेकल : ऑस्ट्रेलिया ने गेंदबाजों के अच्छे प्रदर्शन के बाद कप्तान डेविड वार्नर की शतकीय पारी की बदौलत आज पांचवें और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में श्रीलंका को पांच विकेट से हराकर श्रृंखला 4-1 से अपने नाम की. तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क और स्पिनरों के अच्छे प्रदर्शन से ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका को अच्छी शुरुआत […]

पल्लेकल : ऑस्ट्रेलिया ने गेंदबाजों के अच्छे प्रदर्शन के बाद कप्तान डेविड वार्नर की शतकीय पारी की बदौलत आज पांचवें और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में श्रीलंका को पांच विकेट से हराकर श्रृंखला 4-1 से अपने नाम की. तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क और स्पिनरों के अच्छे प्रदर्शन से ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका को अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठाने दिया और उसकी पूरी टीम को 195 रन पर समेट दिया.

इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम ने वार्नर के शतक की मदद से इस लक्ष्य को 43 ओवर में पांच विकेट पर 199 रन बनाकर हासिल कर लिया. वार्नर ने 126 गेंद का सामना करते हुए 102 रन बनाये जिसमें नौ चौके जड़े थे. उनके अलावा जार्ज बेली ने 44 रन का योगदान दिया. मैथ्यू वेड (03), उस्मान ख्वाजा (06) और ट्रेविस हेड (13) आउट होने वाले अन्य खिलाड़ी रहे.

जेम्स फॉकनर और जेम्स हेस्टिंग्स आठ आठ रन बनाकर नाबाद रहे. श्रीलंका के दिलरुवान परेरा ने अपने निर्धारित 10 ओवर में 51 रन देकर तीन खिलाडियों को पवेलियन भेजा जबकि धनंजय डि सिल्वा ने वार्नर और हेड को आउट किया. इससे पहले श्रीलंका के कार्यवाहक कप्तान दिनेश चंदीमल ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. धनुष्का गुणतिलक (39) और धनंजय डिसिल्वा (34) ने पहले विकेट के लिये 73 रन जोड़कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलायी लेकिन इसके बाद विकेटों का पतन शुरू हो गया और श्रीलंकाई पारी 40.2 ओवर में सिमट गयी.

श्रीलंका ने लगातार ओवरों में चार रन के अंदर डिसिल्वा और गुणतिलक के अलावा चंदीमल का विकेट गंवाया जिससे स्कोर तीन विकेट पर 77 रन हो गया. कुशल मेंडिस (33) और उपुल थरांगा (15) ने चौथे विकेट के लिये 43 रन जोड़े लेकिन यह साझेदारी टूटते ही फिर से विकेटों का पतन शुरू हो गया जो आखिर तक नहीं थमा.

कुशल परेरा (14) और दासुन शनाका (13) भी दोहरे अंक में पहुंचे लेकिन लंबी पारी खेलने में नाकाम रहे. निचले क्रम में सचित पातिराना ने अंतिम बल्लेबाज के रुप में आउट होने से पहले 32 रन की पारी खेली. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से स्टार्क ने 40 रन देकर तीन विकेट लिये. स्पिनर एडम जंपा और ट्रेविस हेड ने दो-दो जबकि जान हेस्टिंग्स, स्काट बोलैंड और जेम्स फाकनर ने एक-एक विकेट हासिल किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >