हैदराबाद : राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स से मिली हार से सबक लेते हुए सनराइजर्स हैदराबाद कल रायल चैलेंजर्स बेंगलूर के खिलाफ आईपीएल के मैच में जीत की राह पर लौटने के इरादे से उतरेगी. पिछली बार दोनों टीमों के मैच में आरसीबी ने जीत दर्ज की थी लेकिन उसके बाद से सनराइजर्स के प्रदर्शन में काफी […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
हैदराबाद : राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स से मिली हार से सबक लेते हुए सनराइजर्स हैदराबाद कल रायल चैलेंजर्स बेंगलूर के खिलाफ आईपीएल के मैच में जीत की राह पर लौटने के इरादे से उतरेगी. पिछली बार दोनों टीमों के मैच में आरसीबी ने जीत दर्ज की थी लेकिन उसके बाद से सनराइजर्स के प्रदर्शन में काफी सुधार आया है. उसके छह मैचों में तीन जीत और तीन हार के साथ छह अंक है. उसे पहले दो मैचों में आरसीबी और कोलकाता नाइट राइडर्स ने हराया लेकिन अगले तीन मैचों में उसने मुंबई इंडियंस, गुजरात लायंस और किंग्स इलेवन पंजाब पर जीत दर्ज की.
पिछले मैच में पुणे ने डकवर्थ लुईस प्रणाली के आधार पर उसे हराकर जीत के अभियान पर अंकुश लगाया. शिखर धवन को छोड़कर उसका कोई बल्लेबाज नहीं चल सका और टीम 118 रन पर आउट हो गयी. डेविड वार्नर खाता भी नहीं खोल सके और बाकी बल्लेबाज भी नाकाम रहे. गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने आठ गेंद में 21 रन बनाये. गेंदबाज आशीष नेहरा ने कहा था कि उनकी टीम गलतियों से सबक लेकर आगे की राह तय करेगी. सनराइजर्स के पास केन विलियमसन और ट्रेंट बोल्ट जैसे दिग्गज क्रिकेटर हैं जिन्होंने अभी तक कोई मैच नहीं खेला है. टीम को मजबूत बनाने के लिए उन्हें उतारा जा सकती है.
मेजबान टीम के पास नेहरा, भुवनेश्वर, मुस्तफिजुर रहमान , बिपुल शर्मा और मोइजेस हेनरिक्स जैसे गेंदबाज हैं. दूसरी ओर आरसीबी लय हासिल करने के लिये जूझ रही है जिसके पांच मैचों में चार अंक है. क्रिस गेल की गैर मौजूदगी में उसकी बल्लेबाजी कमजोर हुई है लेकिन कप्तान विराट कोहली और एबी डिविलियर्स शानदार फार्म में हैं. शेन वाटसन ने बल्ले और गेंद दोनों से अच्छा प्रदर्शन किया है और युवा सरफराज खान ने भी कुछ अच्छी पारियां खेली है.
आरसीबी की चिंता का सबब उसकी गेंदबाजी है. दिल्ली डेयरडेविल्स और मुंबई इंडियंस के खिलाफ उसके गेंदबाज नहीं चल सके. युजवेंद्र चहल, केन रिचर्डसन, इकबाल अब्दुल्ला और वाटसन को कल अच्छा प्रदर्शन करना होगा.