नयी दिल्ली : मोहम्मद आमिर को लेकर पाक क्रिकेट दो धड़ों में बंट गया है. इधर इस मामले को लेकर पाकिस्तान के दो पूर्व क्रिकेटर आपस में ही भिड़ गये और दोनों के बीच लाइव कार्यक्रम में ही शब्दिक जंग शुरू हो गयी. दरअसल पूर्व क्रिकेटर रमीज राजा और पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद यूसुफ को पाकिस्तानी न्यूज चैनल में चर्चा के लिए बुलाया गया था. दोनों से आमिर की पाकिस्तान क्रिकेट टीम में वापसी पर पूछा गया तो वे लोग आपस में ही भिड़ गये और एक दूसरे को गाली-गलोज करने लगे.
दोनों ने जियो सुपर चैनल पर एक कार्यक्रम के दौरान एक दूसरे के खिलाफ कुछ निजी टिप्पणियां की और गलत शब्दों का उपयोग किया. आमिर के मामले में यूसुफ ने कहा कि रमीज क्रिकेट नहीं जानते और वह सिफारिशी खिलाड़ी थे और वह केवल एक शिक्षक ही अच्छे रहते. यूसुफ यहीं पर नहीं रुके और उन्होंने इस पूर्व टेस्ट कप्तान के खिलाफ कुछ निजी टिप्पणियां भी कर दी जिससे रमीज भी अपना आपा खो बैठे.
रमीज ने दाढ़ी रखने वाले यूसुफ को फर्जी मुल्ला कहा जो झूठ बोलता है और जिसने पाकिस्तान क्रिकेट के लिये परेशानियां खड़ी कीं. यह क्लिप जल्द ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गयी. पूर्व खिलाडियों, प्रशंसकों और आलोचकों ने इन दोनों खिलाडियों द्वारा उपयोग में लायी गयी भाषा पर निराशा जतायी.
