रिकॉर्ड डायरी l 20 वर्ष पहले 1999 में गांगुली ने बनाये थे 183 रन, जो विश्व कप में सर्वोच्च भारतीय स्कोर
नयी दिल्ली : रोहित शर्मा के नाम पर एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रिकॉर्ड तीन दोहरे शतक दर्ज हैं और यह सलामी बल्लेबाज 30 मई से शुरू होनेवाले विश्व कप में लंबी पारियां खेलने की अपनी क्षमता का प्रदर्शन करके सौरव गांगुली के 20 साल पुराने भारतीय रिकॉर्ड को तोड़ने की कोशिश करेगा. रोहित ही नहीं शीर्ष क्रम के अन्य दो बल्लेबाज कप्तान विराट कोहली और शिखर धवन भी बड़ी पारी खेलकर विश्व कप में एक पारी में सर्वोच्च स्कोर का भारतीय रिकॉर्ड अपने नाम पर करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे.
हर चार साल में होने वाले क्रिकेट महाकुंभ में यूं तो दो दोहरे शतक लगे हैं, लेकिन भारत की तरफ से सर्वोच्च स्कोर 183 रन है, जो गांगुली ने 1999 में टांटन में श्रीलंका के खिलाफ बनाया था. इसके बाद विश्व कप में केवल दो अवसरों पर भारतीय बल्लेबाजों ने 150 के स्कोर को पार किया.
वीरेंद्र सहवाग के पास 2011 में बांग्लादेश के खिलाफ ढाका में गांगुली का रिकॉर्ड तोड़ने का सुनहरा मौका था, लेकिन वह कपिल देव की 1983 में खेली गयी ऐतिहासिक नाबाद 175 रन की पारी की बराबरी करके पवेलियन लौट गये. सचिन तेंडुलकर ने 2003 में नामीबिया के खिलाफ पीटरमैरिटजबर्ग में 152 रन बनाये थे. वनडे में पहला दोहरा शतक जड़ने वाले तेंडुलकर का यह विश्व कप में सर्वोच्च स्कोर भी है. इंग्लैंड की पिचों के बारे में कहा जा रहा है कि वह इस समय बल्लेबाजों के अधिक अनुकूल हैं.
