कोहली आईसीसी रैंकिंग में विश्व के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज

दुबई : भारतीय कप्तान विराट कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की शृंखला का अंत टेस्ट बल्लेबाजों की आईसीसी रैंकिंग में नंबर एक बल्लेबाज के रूप में की. कोहली ने 59.30 की औसत से पांच मैचों की शृंखला में 593 रन बनाये लेकिन भारत यह शृंखला 1-4 से गंवा बैठा. शृंखला के शुरू […]

दुबई : भारतीय कप्तान विराट कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की शृंखला का अंत टेस्ट बल्लेबाजों की आईसीसी रैंकिंग में नंबर एक बल्लेबाज के रूप में की.

कोहली ने 59.30 की औसत से पांच मैचों की शृंखला में 593 रन बनाये लेकिन भारत यह शृंखला 1-4 से गंवा बैठा. शृंखला के शुरू में कोहली ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ से 27 अंक पीछे थे लेकिन अब वह उनसे एक अंक आगे हैं. कोहली एजबेस्टन टेस्ट के बाद पहली बार शीर्ष पर पहुंचे थे और फिर उन्होंने ट्रेंटब्रिज टेस्ट के बाद नंबर एक स्थान हासिल किया.

अब वह वेस्टइंडीज के खिलाफ चार अक्तूबर से होने वाली दो टेस्ट मैचों की घरेलू शृंखला के दौरान अपनी नंबर एक रैंकिंग का बचाव करने की कोशिश करेंगे. भारत के लोकेश राहुल और ऋषभ पंत ने भी पांचवें टेस्ट मैच की दूसरी पारी में क्रमश: 149 और 114 रन बनाने की बदौलत लंबी छलांग लगायी है.

राहुल रैंकिंग में अब 16 पायदान ऊपर 19वें और पंत 63 स्थान ऊपर 111वें नंबर पर पहुंच गये हैं. रविंद्र जडेजा ने पहली पारी में नाबाद 86 रन बनाये जिससे वह 12 पायदान ऊपर 58वें स्थान पर पहुंच गये हैं. ऑलराउंडरों की सूची में भी वह एक पायदान आगे बढ़कर दूसरे स्थान पर काबिज हो गये हैं.

इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज एलिस्टेयर कुक ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से शानदार तरीके से विदाई ली. ओवल टेस्ट के मैन आफ द मैच कुक ने टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष दस में रहकर अपने करियर का अंत किया. बायें हाथ के इस बल्लेबाज ने इस मैच में 71 और 147 रन बनाये और अपनी टीम को 118 रन से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभायी.

इस यादगार प्रदर्शन से उन्होंने 11 स्थान की छलांग लगायी और दसवें स्थान पर रहकर अपने करियर का अंत किया. अन्य बल्लेबाजों में जो रूट दूसरी पारी में 125 रन बनाने की बदौलत एक पायदान ऊपर चौथे स्थान पर पहुंच गये हैं.

इंग्लैंड के अन्य बल्लेबाजों में जोस बटलर नौ पायदान ऊपर 23वें और मोईन अली पांच पायदान ऊपर 43वें स्थान पर पहुंच गये हैं. आईसीसी की टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने नंबर एक रैकिंग के साथ शृंखला का अंत किया.

लार्ड्स टेस्ट के बाद एंडरसन ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग 903 हासिल की थी. शृंखला के शुरू में उनकी रेटिंग 892 अंक थी. अभी उनके 899 अंक हैं. जिन अन्य गेंदबाजों ने अपनी रैंकिंग में सुधार किया उनमें बेन स्टोक्स (एक पायदान ऊपर 27वें) आदिल राशिद (छह पायदान ऊपर 44वें) ओर सैम कुरेन (चार पायदान ऊपर 51वें स्थान) शामिल हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >