अश्विन, जडेजा की जगह लेने का सवाल ही पैदा नहीं होता : कुलदीप यादव

गुवाहाटी : भले ही वह शानदार फार्म में चल रहे हों लेकिन चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने कहा कि वह भारतीय टीम में आर अश्विन और रविंद्र जडेजा की जगह लेने के बारे में नहीं सोच रहे हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो स्पिनरों को उतारने की भारत की रणनीति कारगर साबित हुई है. यादव और […]

गुवाहाटी : भले ही वह शानदार फार्म में चल रहे हों लेकिन चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने कहा कि वह भारतीय टीम में आर अश्विन और रविंद्र जडेजा की जगह लेने के बारे में नहीं सोच रहे हैं.

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो स्पिनरों को उतारने की भारत की रणनीति कारगर साबित हुई है. यादव और युजवेंद्र चहल वनडे सीरिज में भारत की 4-1 से जीत में सूत्रधार रहे जबकि मौजूदा टी20 श्रृंखला का पहला मैच जीतकर भारत 1-0 से आगे है.

यादव ने दूसरे टी20 से पहले पत्रकारों से कहा, मैं इतना आगे की नहीं सोचता. अश्विन और जडेजा दोनों ही तीनों प्रारुपों में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते आये हैं. उनकी जगह लेने का सवाल ही पैदा नहीं होता. हम अभी काफी युवा है और हमारे भीतर काफी क्रिकेट बाकी है.
मैं अभी इस बारे में नहीं सोच रहा. उन्होंने कहा, मैं रहस्यमयी गेंदबाज नहीं हूं जो अलग अलग हाथों से गेंदबाजी करे. दो तीन साल बाद फिर बल्लेबाजों के लिये आपको खेलना आसान हो जाता है. यदि आपके बेसिक्स सही है तो आपके लिये गेंदबाजी आसान हो जाती है.
यादव ने कहा, मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि कोई वीडियो समीक्षा करके आपकी गेंदों को भांपने की कोशिश करता है. यदि आप सही दिशा में विविधता के साथ गेंदबाजी करेंगे तो बल्लेबाज परेशान होंगे ही. फिर चाहे उन्होंने कितनी ही वीडियो समीक्षा कर रखी हो. उन्होंने कहा कि आईपीएल में ऑस्ट्रेलिया के चाइनामैन गेंदबाज ब्रैड हाग के साथ खेलकर उन्होंने काफी कुछ सीखा और वह अपने आदर्श शेन वार्न से भी लगातार संपर्क में हैं.
उन्होंने कहा, दोनों ने मेरे कैरियर में अहम भूमिका निभाई है. मैं बचपन से शेन वार्न को आदर्श मानता रहा हूं. वह मेरे आदर्श है. यदि उनकी उपलब्धियों का 50 प्रतिशत भी मैं हासिल कर सका तो मेरा जीवन सफल हो जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >