BCCI Review Meeting: भारतीय क्रिकेट टीम का हालिया इंग्लैंड और आयरलैंड दौरा बहुत खराब रहा था. इस दौरे पर टीम ने कुल 10 मैच खेले और उनमें से सिर्फ 2 मैचों में ही जीत हासिल कर पाई. इस खराब प्रदर्शन की वजह से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) जल्द ही एक समीक्षा बैठक (Review Meeting) करने वाला है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह बैठक पहले होने वाली थी, लेकिन बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया के बीमार होने के कारण इसे टालना पड़ा था. अब बहुत जल्द इस बैठक के होने की उम्मीद है. खास बात यह है कि इस मीटिंग में टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ऑनलाइन (वर्चुअली) जुड़ सकते हैं. टीम के इस निराशाजनक प्रदर्शन ने खिलाड़ियों की रणनीति, तैयारी और विदेशों में खेलने की काबिलियत पर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.
आयरलैंड में टी20 सीरीज में हुआ क्लीन स्वीप
भारत, जो मौजूदा टी20 विश्व चैंपियन है, आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में 2-0 से हार गया. इस दौरे पर श्रेयस अय्यर पहली बार टी20 टीम की कप्तानी कर रहे थे, लेकिन टीम उनकी अगुवाई में एक भी मुकाबला नहीं जीत सकी. बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में टीम उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी.
इंग्लैंड दौरे पर भी नहीं बदली तस्वीर
आयरलैंड के बाद इंग्लैंड दौरे पर भी भारतीय टीम का संघर्ष जारी रहा। पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारत को 3-1 से हार का सामना करना पड़ा, जबकि एक मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया. इसके बाद वनडे प्रारूप में भी प्रदर्शन में सुधार नहीं आया और शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम तीन मैचों की सीरीज 2-1 से हार गई. इस तरह दोनों दौरों को मिलाकर भारत ने 10 मुकाबलों में सिर्फ दो जीत दर्ज की, जिससे टीम के प्रदर्शन पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं.
बैठक में बल्लेबाजी पर होगी विशेष चर्चा
रिपोर्ट के अनुसार, समीक्षा बैठक में सबसे अधिक चर्चा बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर होने की संभावना है. इंग्लैंड और आयरलैंड की चुनौतीपूर्ण पिचों पर भारतीय बल्लेबाज परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने में असफल रहे. स्विंग और सीम मूवमेंट के सामने शीर्ष क्रम लगातार संघर्ष करता दिखाई दिया, जिसका असर टीम के परिणामों पर भी पड़ा.
पूर्व क्रिकेटरों ने IPL और घरेलू पिचों को बताया वजह
कई पूर्व भारतीय क्रिकेटरों का मानना है कि खिलाड़ियों ने लंबे समय तक सपाट और बल्लेबाजों के अनुकूल विकेटों पर क्रिकेट खेली. टी20 विश्व कप से पहले घरेलू मैदानों पर तैयार की गई बल्लेबाजी के लिए अनुकूल पिचें और IPL 2026 में लगातार हाई-स्कोरिंग मुकाबले खिलाड़ियों की तकनीक और मानसिकता को प्रभावित कर सकते हैं. उनका मानना है कि विदेशी परिस्थितियों में सफलता के लिए अलग तरह की तैयारी और सोच की जरूरत होती है.
गौतम गंभीर ने भी मानी खिलाड़ियों की कमी
टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने भी इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में हार के बाद स्वीकार किया था कि खिलाड़ियों को केवल पिच ही नहीं, बल्कि मैच की परिस्थितियों को भी बेहतर तरीके से समझना होगा. गंभीर ने कहा कि
खिलाड़ियों के लिए यह जरूरी है कि वे मैच के दौरान बदलती परिस्थितियों का सही आकलन करें. उन्होंने कहा कि कई बार हवा की दिशा, मैदान के एक हिस्से का बड़ा या छोटा होना जैसी छोटी-छोटी बातें टी20 क्रिकेट में बड़ा अंतर पैदा करती हैं. उनके मुताबिक, इन पहलुओं को समझकर ही सही रणनीति बनाई जा सकती है.
समीक्षा बैठक से निकल सकते हैं अहम फैसले
आगामी समीक्षा बैठक में टीम के हालिया प्रदर्शन, खिलाड़ियों के चयन, बल्लेबाजी रणनीति और विदेशी दौरों की तैयारी पर विस्तार से चर्चा होने की उम्मीद है. माना जा रहा है कि बोर्ड भविष्य के कार्यक्रमों और आगामी अंतरराष्ट्रीय श्रृंखलाओं को ध्यान में रखते हुए कुछ महत्वपूर्ण फैसले भी ले सकता है. भारतीय टीम के लिए यह समीक्षा बैठक इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि आने वाले महीनों में उसे कई चुनौतीपूर्ण विदेशी दौरों का सामना करना है.
इसे भी पढ़े- 1317 दिन से टेस्ट शतक का इंतजार, अब रन आउट के रिकॉर्ड ने बढ़ाई बाबर आजम की मुश्किलें
