Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम के मुकाबलों के समय में बदलाव किया गया है. आयोजकों ने पुरुष क्रिकेट के नॉकआउट मुकाबलों को तय समय से 30 मिनट पहले शुरू करने का फैसला किया है. ऐसे में भारतीय क्रिकेट फैंस को अब टीम इंडिया के मुकाबले दोपहर की बजाय सुबह के समय देखने होंगे. भारत अपना पहला मुकाबला 28 सितंबर को खेलेगा.
28 सितंबर को सुबह 10 बजे खेलेगी टीम इंडिया
आईची-नागोया एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली है. भारत का पहला मुकाबला 28 सितंबर को होगा. यह मैच जापान के स्थानीय समय के अनुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा. जापान और भारत के समय में साढ़े तीन घंटे का अंतर है. इसलिए भारतीय दर्शकों के लिए मुकाबला सुबह 10 बजे से शुरू होगा. पहले यह मुकाबला भारतीय समयानुसार 10:30 बजे शुरू होना था. अब 30 मिनट की कटौती की गई है.
सेमीफाइनल और गोल्ड मेडल मैच भी 10 बजे
भारत अगर क्वार्टर फाइनल में जीत दर्ज करता है और आगे बढ़ता है, तो 1 अक्टूबर को होने वाला संभावित सेमीफाइनल भी भारतीय समय के अनुसार सुबह 10 बजे शुरू होगा. वहीं 3 अक्टूबर को होने वाला स्वर्ण पदक मुकाबला भी इसी समय खेला जाएगा.
यानी भारतीय टीम के एशियन गेम्स में नॉकआउट मुकाबलों का नया समय सुबह 10 बजे होगा. भारतीय फैंस को अब टीम इंडिया के गोल्ड मेडल अभियान के लिए सुबह का समय निकालना होगा.
ये भी पढ़ें: Asian Games 2026 India schedule: Asian Games 2026 में भारत का पूरा शेड्यूल, किस दिन कौन सा मुकाबला?
क्यों बदला गया मैच का समय?
मैच के समय में बदलाव की मुख्य वजह जापान में शाम के समय जल्दी अंधेरा होना है. क्रिकेट मुकाबलों के लिए संबंधित मैदानों पर फ्लडलाइट की सुविधा नहीं है. ऐसे में आयोजक चाहते हैं कि पुरुषों के टी20 मुकाबले प्राकृतिक रोशनी में ही पूरे हो जाएं.
टी20 मैच कई बार तय समय से ज्यादा लंबे हो सकते हैं. इसी वजह से नॉकआउट मुकाबलों को 30 मिनट पहले शुरू करने का फैसला किया गया है, ताकि मैच के दौरान रोशनी की समस्या न आए.
सुबह वाले मुकाबलों के समय में कोई बदलाव नहीं
एशियन गेम्स में सुबह के सत्र में होने वाले पुरुष क्रिकेट मुकाबलों के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है. ये मैच जापान के स्थानीय समय के अनुसार सुबह 9 बजे ही शुरू होंगे. भारतीय समय के अनुसार इन मुकाबलों की शुरुआत सुबह 5:30 बजे होगी.
पाकिस्तान का पहला क्वार्टर फाइनल, पहला सेमीफाइनल और कांस्य पदक मुकाबला भी इसी कार्यक्रम के अनुसार खेला जाएगा. अफगानिस्तान, जापान, नेपाल, हांगकांग, मलेशिया और ओमान के शुरुआती मुकाबलों के समय में भी बदलाव नहीं किया गया है.
महिला क्रिकेट के शेड्यूल में भी बदलाव नहीं
महिला क्रिकेट स्पर्धा के कार्यक्रम में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है. महिलाओं के मुकाबले सीधे क्वार्टर फाइनल चरण से शुरू होंगे. इनके मैच सुबह 9 बजे और दोपहर 2 बजे के निर्धारित समय पर खेले जाएंगे.
22 सितंबर को जापान से भिड़ेगा भारत
एशियन गेम्स के मुख्य क्रिकेट टूर्नामेंट से पहले भारत और जापान के बीच 22 सितंबर को टी20 इंटरनेशनल मुकाबला भी खेला जाएगा. यह मैच एशियन गेम्स का हिस्सा नहीं है. मुकाबला सानो इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में जापान के स्थानीय समय के अनुसार दोपहर 1 बजे शुरू होगा, यानी भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे.
एशियन गेम्स 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित होंगे. भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश मिलने के बाद उससे गोल्ड मेडल की उम्मीदें बढ़ गई हैं. अब टीम इंडिया के नॉकआउट मुकाबलों का समय भी तय हो गया है और भारतीय फैंस सुबह 10 बजे से उसका एक्शन देख सकेंगे.
