Asia Cup 2027: इस बार टूर्नामेंट की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि यह 50 ओवर (वनडे) फॉर्मेट में आयोजित किया जाएगा. पिछला एशिया कप टी20 प्रारूप में खेला गया था, लेकिन 2027 में होने वाले आईसीसी वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने इसे फिर से वनडे फॉर्मेट में कराने का फैसला किया है. इससे सभी टीमों को विश्व कप से पहले अपनी तैयारियों को परखने और मजबूत करने का बेहतरीन मौका मिलेगा. क्रिकेट प्रशंसकों को भी भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और अन्य एशियाई टीमों के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबले देखने को मिलेंगे, जिससे टूर्नामेंट के रोमांचक होने की उम्मीद और बढ़ गई है.
तीन शहरों में होंगे मुकाबले
रिपोर्ट के मुताबिक एशिया कप के मुकाबले मीरपुर, चट्टोग्राम (चिट्टागोंग) और सिलहट में खेले जाएंगे. फाइनल मुकाबला 4 जुलाई को प्रस्तावित है. मीरपुर को आधिकारिक तौर पर प्रमुख वेन्यू के रूप में तय किया जा चुका है, जबकि अन्य मैचों के अंतिम कार्यक्रम पर जल्द मुहर लग सकती है.
वनडे फॉर्मेट में वापसी क्यों
एशिया कप का प्रारूप आमतौर पर अगले आईसीसी टूर्नामेंट को ध्यान में रखकर तय किया जाता है. हालांकि, वर्ष 2027 में वनडे विश्व कप खेला जाना है, इसलिए खिलाड़ियों को बेहतर तैयारी का मौका देने के लिए एशिया कप भी वनडे फॉर्मेट में आयोजित किया जाएगा। पिछला संस्करण टी20 प्रारूप में खेला गया था.
सितंबर की जगह जून में होगा आयोजन
2025 का एशिया कप सितंबर महीने में खेला गया था, लेकिन 2027 संस्करण को जून-जुलाई की विंडो में शिफ्ट किया गया है. इससे विश्व कप से पहले सभी एशियाई टीमों को पर्याप्त प्रतिस्पर्धी मैच खेलने का अवसर मिलेगा.
तैयारियों में जुटा एशियन क्रिकेट काउंसिल
एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने मेजबान बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) से आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं और लॉजिस्टिक्स की जानकारी मांग ली है. बोर्ड टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए तैयारियों में जुट गया है.
बांग्लादेश के लिए बड़ा मौका
बांग्लादेश ने आखिरी बार 2016 में एशिया कप की मेजबानी की थी. उस समय मेजबान टीम फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन भारत ने उसे हराकर खिताब जीता था. अब करीब एक दशक बाद बांग्लादेश फिर से इस बड़े महाद्वीपीय टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा. यह नया आयोजन बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के नए अध्यक्ष तमीम इकबाल के कार्यकाल का पहला बड़ा बहुराष्ट्रीय क्रिकेट इवेंट भी होगा.
भारत के बांग्लादेश दौरे पर भी चर्चा
एशिया कप की तैयारियों के बीच भारत के संभावित बांग्लादेश दौरे को लेकर भी चर्चा तेज है. बांग्लादेश की ओर से कहा गया है कि यदि भारतीय टीम दौरा करती है तो उसकी सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे. हालांकि, दोनों क्रिकेट बोर्डों के बीच द्विपक्षीय सीरीज को लेकर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है.
भारत रहेगा खिताब बचाने की चुनौती के साथ
भारत ने 2025 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान को हराकर रिकॉर्ड नौवीं बार खिताब अपने नाम किया था. ऐसे में 2027 में भारतीय टीम चैंपियन के रूप में अपने खिताब की रक्षा करने उतरेगी.
इसे भी पढ़े- 20 साल में पहली बार 100+ रन से हारा भारत, इंग्लैंड के खिलाफ बनी टी20 इतिहास की सबसे शर्मनाक हार
