Kalyan Chaubey: भारतीय फुटबॉल के हिस्ट्री के सबसे बड़े मुकाबलों में शामिल होने जा रहे भारत बनाम ब्राजील अंतरराष्ट्रीय फ्रेंडली मैच को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) के अध्यक्ष कल्याण चौबे ने कहा कि ब्राजील जैसी पांच बार की विश्व चैंपियन टीम के खिलाफ खेलना भारतीय खिलाड़ियों के लिए जीवन का यादगार अवसर होगा.
तीन को कोलकाता में मुकाबला
3 अक्टूबर को कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में भारत और ब्राजील आमने-सामने होंगे. इस मुकाबले को भारतीय फुटबॉल के इतिहास की सबसे बड़ी घटनाओं में से एक माना जा रहा है. चौबे ने कहा कि इस मैच की घोषणा के बाद पूरे देश, खासकर पश्चिम बंगाल में फुटबॉल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है. उनका मानना है कि इस मुकाबले से भारत में फुटबॉल को नई पहचान और नई ऊर्जा मिलेगी.
खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा
AIFF अध्यक्ष ने ANI से बातचीत के दौरान कहा कि हर खिलाड़ी अपने करियर में ब्राजील जैसी टीम के खिलाफ खेलने का सपना देखता है. ऐसे मैच से भारतीय खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव मिलेगा, जिसका फायदा भविष्य में भी मिलेगा. उन्होंने आयोजन को लेकर भी बड़ा संदेश दिया. चौबे ने कहा कि पिछले दिनों लियोनेल मेस्सी के कोलकाता दौरे के दौरान जो अव्यवस्था देखने को मिली थी, वैसी स्थिति इस बार नहीं होनी चाहिए. इसके लिए AIFF राज्य सरकार के साथ लगातार समन्वय कर रहा है और सभी तैयारियां FIFA के प्रोटोकॉल और मानकों के अनुसार की जाएंगी.
फैंस के लिए होगा खास अनुभव
अनुभाव चौबे ने बताया कि राज्य सरकार ने आयोजन में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है. जल्द ही स्टेडियम का निरीक्षण किया जाएगा और सभी संबंधित विभागों के साथ मिलकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा. वहीं, ब्राजील फुटबॉल महासंघ ने भी इस मुकाबले को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा है कि भारतीय प्रशंसकों के बीच खेलना उनके लिए बेहद खास अनुभव होगा, क्योंकि भारत ब्राजील फुटबॉल टीम के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय प्रशंसक आधार वाले देशों में शामिल है.
