Yuzvendra Chahal: भारतीय लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल इन दिनों इंग्लैंड के घरेलू क्रिकेट में अपनी गेंदबाजी का जलवा दिखा रहे हैं. मेट्रो बैंक वनडे कप में नॉर्थम्पटनशायर की ओर से खेल रहे चहल ने रविवार को समरसेट के खिलाफ एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 10 ओवर में 35 रन देकर तीन विकेट झटके और समरसेट की पारी को 185 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई. नॉर्थम्पटनशायर ने इसके बाद महज 30 ओवर में लक्ष्य हासिल कर सात विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया.
समरसेट के खिलाफ चहल ने लिए 3 विकेट
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी समरसेट की टीम नॉर्थम्पटनशायर के गेंदबाजों के सामने बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी. चहल ने अपनी फिरकी से बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया और 10 ओवर के स्पेल में तीन विकेट हासिल किए. चहल का पहला शिकार आर्ची वॉन बने. उन्हें विकेटकीपर लुईस मैकमैनस ने स्टंप आउट किया. इसके बाद चहल ने जैक लीच और जेक बॉल को पवेलियन भेजकर समरसेट की पारी को समेटने में अपनी भूमिका निभाई. समरसेट की पूरी टीम 47 ओवर में 185 रन पर ऑलआउट हो गई.
नॉर्थम्पटनशायर ने आसानी से हासिल किया लक्ष्य
समरसेट को 185 रन पर रोकने के बाद नॉर्थम्पटनशायर के सामने जीत के लिए 186 रन का लक्ष्य था. टीम ने इस लक्ष्य को सिर्फ 30 ओवर में तीन विकेट गंवाकर हासिल कर लिया. नॉर्थम्पटनशायर ने 189/3 का स्कोर बनाकर सात विकेट से मुकाबला अपने नाम किया. टीम के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और समरसेट के गेंदबाजों को वापसी का ज्यादा मौका नहीं दिया.
Also Read: WTC टेबल में सबसे ऊपर ऑस्ट्रेलिया, भारत को क्वालिफाई करने के लिए जीतने होंगे 9 में से 8 मैच
21 की औसत से 15 विकेट
इंग्लैंड के घरेलू वनडे टूर्नामेंट में चहल लगातार विकेट निकाल रहे हैं. इस मुकाबले में तीन विकेट लेने के साथ ही टूर्नामेंट में उनके विकेटों की संख्या 15 पहुंच गई है. चहल अब तक सात मैच खेल चुके हैं और करीब 21 की औसत से 15 विकेट अपने नाम कर चुके हैं. चहल की गेंदबाजी में खास बात यह रही है कि वह इंग्लिश परिस्थितियों में भी अपनी लाइन और लेंथ को लगातार बनाए हुए हैं. उनकी गुगली और फ्लाइट गेंदें बल्लेबाजों के लिए परेशानी का कारण बन रही हैं. लंबे स्पेल में भी उनकी गेंदबाजी की सटीकता बरकरार रही है.
विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर
मेट्रो बैंक वनडे कप में चहल का शानदार प्रदर्शन उन्हें टूर्नामेंट के सबसे सफल गेंदबाजों की सूची में भी ऊपर ले आया है. 15 विकेट के साथ वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. विदेशी खिलाड़ियों में चहल इस टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं.
Also Read:IND vs SL Xl: प्रैक्टिस मैच में ऋषभ पंत खेलने लगे फुटबॉल, वीडियो देखकर आपकी भी छूट जाएगी हंसी
