CWG 26: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और PM मोदी ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला, पदक विजेताओं को दी बधाई

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहा जा रहा है. राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं. भारत ने अबतक 15 मेडल जीतकर पदक तालिका में अपनी जगह मजबूत की है.

Common Wealth Games, Glasgow 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर देशभर से बधाइयों का सिलसिला जारी है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए पदक विजेता खिलाड़ियों की जमकर सराहना की. दोनों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन को भारत के लिए गर्व का क्षण बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

पूरे देश के लिए गर्व का विषय

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पुरुषों की 100 मीटर टी47 पैरा स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले दिलीप महादु गावित और रजत पदक जीतने वाले मोहम्मद बासिल मोर्सिंगानाकाथ को बधाई दी. राष्ट्रपति ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन पूरे देश के लिए गर्व का विषय है और उनकी उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी. उन्होंने एथलेटिक्स में रजत पदक जीतने वाले मुरली श्रीशंकर को भी शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं.

दृढ़ संकल्प और समर्पण से आया मेडल

इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी तीनों खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए सोशल मीडिया पर अलग-अलग संदेश साझा किए. पीएम मोदी ने दिलीप महादु गावित को पुरुषों की 100 मीटर टी47 स्पर्धा में 10.71 सेकेंड के गेम्स रिकॉर्ड और सीजन बेस्ट समय के साथ स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी. उन्होंने कहा कि दिलीप की गति, दृढ़ संकल्प और समर्पण ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है.

पीएम मोदी ने जमकर की तारीफ

प्रधानमंत्री ने मोहम्मद बासिल को भी शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि उनका रजत पदक और सीजन बेस्ट प्रदर्शन उनकी कड़ी मेहनत और फोकस का नतीजा है. उन्होंने उम्मीद जताई कि बासिल भविष्य में भी नई ऊंचाइयों को छुएंगे. वहीं, पुरुषों की लंबी कूद में रजत पदक जीतने वाले मुरली श्रीशंकर की भी पीएम मोदी ने जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि श्रीशंकर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ जीता गया यह पदक देश के युवा खिलाड़ियों को एथलेटिक्स में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा.

भारत ने जीते अबतक 15 मेडल

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का प्रदर्शन लगातार मजबूत होता जा रहा है. दिलीप गावित के स्वर्ण, मोहम्मद बासिल और मुरली श्रीशंकर के रजत पदकों के साथ भारत की पदक तालिका और मजबूत हुई है. भारत अभी मेडल टेबल पर तीन गोल्ड, 9 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल के साथ 8वें स्थान पर है.

Also Read: अफगानिस्तान क्रिकेट में बड़ा बदलाव, शेन मैकडरमॉट बने नए असिस्टेंट और फील्डिंग कोच


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhijeet Kumar

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >