वैशाख मास शुरू, जानें भगवान विष्णु को क्यों प्रिय है यह महीना

Vaishakh Month 2026: वैशाख भगवान विष्णु का सबसे प्रिय महीना है. नारद पुराण में कहा गया है कि वैशाख के समान कोई मास नहीं है. ऐसे में आइए जानते हैं कि इस महीने को इतना महत्व क्यों दिया जाता है. साथ ही जानेंगे कि इस महीने में क्या करना शुभ होता है.

Vaishakh Month 2026: हिंदू नववर्ष का दूसरा महीना ‘वैशाख मास’ 3 अप्रैल 2026 से शुरू हो गया है. शास्त्रों में इसे पुण्य अर्जित करने और जन्म-मरण के बंधन से मुक्ति दिलाने वाला महीना बताया गया है. स्कंद पुराण के अनुसार, जिस प्रकार विद्याओं में वेद, मंत्रों में प्रणव (ॐ) और वृक्षों में कल्पवृक्ष श्रेष्ठ है, उसी प्रकार मासों में वैशाख मास को सर्वोत्तम माना गया है.

माधव मास: नाम में ही छिपी है महिमा

वैशाख को ‘माधव मास’ कहा जाता है. ‘माधव’ भगवान विष्णु के अनेक नामों में से एक है. मान्यता है कि इस पूरे महीने में श्री हरि जल में निवास करते हैं. यही कारण है कि वैशाख में सूर्योदय से पूर्व पवित्र नदियों में स्नान करने का विशेष महत्व है. स्कंद पुराण के अनुसार, जो व्यक्ति इस महीने में नियमपूर्वक भगवान विष्णु की आराधना करता है, उसे अश्वमेध यज्ञ के समान फल प्राप्त होता है.

वैशाख में भगवान विष्णु ने लिए ये अवतार

भगवान विष्णु के कई महत्वपूर्ण अवतार इसी महीने में हुए थे.

  • परशुराम अवतार: वैशाख शुक्ल तृतीया (अक्षय तृतीया) को भगवान परशुराम का प्राकट्य हुआ.
  • नृसिंह अवतार: वैशाख चतुर्दशी को भगवान ने भक्त प्रह्लाद की रक्षा के लिए नृसिंह रूप धारण किया.
  • कूर्म अवतार: इसी महीने में श्री हरि ने कछुए का रूप धारण कर समुद्र मंथन में मंदराचल पर्वत को सहारा दिया था.

इतने पावन अवतारों का साक्षी होने के कारण यह महीना विष्णु भक्तों के लिए उत्सव के समान होता है.

लोक कल्याण और दान की परंपरा

वैशाख के महीने में गर्मी अपने चरम की ओर बढ़ रही होती है. भगवान विष्णु ‘करुणा’ के सागर माने जाते हैं. शास्त्रों में कहा गया है कि इस महीने में प्यासों को पानी पिलाना, प्याऊ लगवाना, छायादार वृक्ष लगाना और पंखे व सत्तू का दान करना सीधे भगवान विष्णु की सेवा के बराबर है.

नारद पुराण के अनुसार, “न वैशाख समो मासो, न सत्येन समं तपः.”अर्थात् वैशाख के समान कोई मास नहीं है और सत्य के समान कोई तप नहीं है.

यहां पढ़ें धर्म से जुड़ी बड़ी खबरें: Religion News in Hindi – Spiritual News, Hindi Religion News, Today Panchang, Astrology at Prabhat Khabar

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Neha Kumari

नेहा कुमारी प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हैं. उन्हें लेखन के क्षेत्र में एक वर्ष से अधिक का अनुभव है. पिछले छह महीनों से वे राशिफल और धर्म से जुड़ी खबरों पर काम कर रही हैं. उनका मुख्य कार्य व्रत-त्योहारों, पौराणिक कथाओं और भारतीय रीति-रिवाजों से जुड़ी जानकारी को सरल भाषा में लोगों तक पहुंचाना है. नेहा का हमेशा यह प्रयास रहता है कि वे कठिन से कठिन विषय को भी इतना आसान और रोचक बना दें कि हर कोई उसे सहजता से पढ़ और समझ सके. उनका मानना है कि यदि धर्म और संस्कृति से जुड़ी जानकारी सरल शब्दों में मिले, तो लोग अपनी परंपराओं से बेहतर तरीके से जुड़ पाते हैं. डिजिटल मीडिया में अपने करियर की शुरुआत उन्होंने प्रभात खबर में ही ‘नेशनल’ और ‘वर्ल्ड’ डेस्क पर छह महीने की इंटर्नशिप के साथ की थी. इस दौरान उन्होंने रियल-टाइम खबरों पर काम करना, तेजी और सटीकता के साथ कंटेंट लिखना, ट्रेंडिंग विषयों की पहचान करना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को करीब से समझा. इस अनुभव ने उनकी न्यूज़ सेंस, लेखन क्षमता और खबरों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने की समझ को और अधिक मजबूत बनाया.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >