Mustard Remedy: घर में लगातार होने वाला क्लेश, आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव कई बार नकारात्मक ऊर्जा और वास्तु दोष का संकेत माना जाता है. वास्तु शास्त्र और ज्योतिष में कुछ ऐसे सरल उपाय बताए गए हैं, जिनसे घर का वातावरण सकारात्मक बनाया जा सकता है. इन्हीं उपायों में पीली सरसों का प्रयोग बेहद प्रभावशाली माना गया है. मान्यता है कि यह उपाय घर की नकारात्मकता को दूर कर सुख-समृद्धि का मार्ग खोलता है.
कैसे करें पीली सरसों का उपाय?
इस उपाय के लिए सबसे पहले गाय के गोबर से बना उपला या कंडा लें. सुबह या शाम के समय इसे जलाएं. जब उपला अच्छी तरह सुलगने लगे, तब उस पर एक चम्मच पीली सरसों डाल दें. कुछ ही देर में इससे धुआं निकलना शुरू हो जाएगा.
अब इस धुएं को पूरे घर में फैलाएं. विशेष रूप से रसोईघर, बेडरूम, पूजा स्थान और मुख्य द्वार पर इसे जरूर ले जाएं. ध्यान रखें कि धुएं का प्रभाव घर के हर कोने तक पहुंचे. यह प्रक्रिया लगातार 5 दिनों तक करनी चाहिए.
क्यों माना जाता है असरदार?
ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार पीली सरसों में नकारात्मक ऊर्जा को सोखने की विशेष क्षमता होती है. वहीं गाय का गोबर पवित्र और शुद्धता का प्रतीक माना गया है. जब दोनों को एक साथ जलाया जाता है, तो उससे निकलने वाला धुआं वातावरण को शुद्ध करता है और घर में मौजूद नकारात्मक शक्तियों को दूर करने में मदद करता है.
क्या मिलते हैं लाभ?
मान्यता है कि इस उपाय को लगातार पांच दिनों तक करने से घर में शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार बढ़ता है. परिवार के सदस्यों के बीच प्रेम और आपसी तालमेल बेहतर होता है. आर्थिक परेशानियां धीरे-धीरे कम होने लगती हैं और मानसिक तनाव में भी राहत मिलती है. साथ ही बुरी नजर और वास्तु दोषों का प्रभाव भी कम होने लगता है.
यह उपाय आसान होने के साथ-साथ धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से भी बेहद शुभ माना जाता है.
