कांवड़ यात्रा पर नहीं जा पा रहे हैं? घर बैठे भी कर सकते हैं शिवभक्ति, इन नियमों का करें पालन

सावन के पवित्र महीने में कांवड़ यात्रा पर जाना हर शिवभक्त की इच्छा होती है. यदि आप किन्हीं कारणों से यात्रा नहीं कर पा रहे हैं, तो चिंता न करें. घर बैठे भी आप पूरी श्रद्धा और भक्ति से भगवान शिव को प्रसन्न कर सकते हैं.

Sawan 2026: सावन के पवित्र महीने में लाखों श्रद्धालु कांवड़ यात्रा कर गंगाजल भगवान शिव को अर्पित करते हैं. हर शिवभक्त की इच्छा होती है कि वह पैदल यात्रा कर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करे. लेकिन यदि स्वास्थ्य, पारिवारिक जिम्मेदारियों, नौकरी या किसी अन्य कारण से आप कांवड़ यात्रा पर नहीं जा पा रहे हैं, तो निराश होने की आवश्यकता नहीं है. सनातन परंपरा में भगवान शिव को 'भाव के भूखे' और 'आशुतोष' कहा गया है, अर्थात वे सच्ची श्रद्धा और निष्कपट भक्ति से शीघ्र प्रसन्न होते हैं. मान्यता है कि यदि श्रद्धापूर्वक घर पर रहकर शिव आराधना और नियमों का पालन किया जाए, तो भी शिव कृपा प्राप्त होती है.

मानसिक कांवड़ यात्रा का संकल्प

सनातन धर्म में मानसिक पूजा, ध्यान और संकल्प का विशेष महत्व बताया गया है. सावन में प्रातः स्नान के बाद शांत स्थान पर उत्तर दिशा की ओर मुख करके बैठें. आंखें बंद कर मन में यह भाव करें कि आप पवित्र गंगा तट पर जल भर रहे हैं और 'हर-हर महादेव' का जयघोष करते हुए भगवान शिव के धाम की ओर बढ़ रहे हैं. इस दौरान मन ही मन 'ॐ नमः शिवाय' मंत्र का निरंतर जप करें. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, श्रद्धा और एकाग्रता के साथ किया गया यह मानसिक पूजन भी अत्यंत फलदायी माना जाता है.

घर पर करें शिवलिंग का जलाभिषेक

शिवलिंग पर श्रद्धापूर्वक जलाभिषेक करें. जल अर्पित करते समय उत्तर दिशा की ओर मुख रखने का प्रयास करें. यदि आपके घर के शिवलिंग में गणेश, कार्तिकेय या अन्य पारिवारिक स्वरूप अंकित हैं, तो पहले उन्हें जल अर्पित करें और उसके बाद 'ॐ नमः शिवाय' का जाप करते हुए पतली धार से शिवलिंग पर जल चढ़ाएं. यदि सामान्य शिवलिंग हो, तो सीधे शिवलिंग का जलाभिषेक भी किया जा सकता है.

घर पर रहकर इन नियमों का करें पालन

सात्विक भोजन करें: सावन के दौरान सात्विक भोजन ग्रहण करें. तामसिक भोजन जैसे मांस, मदिरा तथा कई परंपराओं में प्याज-लहसुन का त्याग करने की सलाह दी जाती है.

वाणी और व्यवहार को रखें शुद्ध: क्रोध, कटु वचन, चुगली और असत्य बोलने से बचें. मधुर व्यवहार और सकारात्मक सोच भी शिवभक्ति का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जाती है.

कांवड़ियों की सेवा करें: यदि आपके क्षेत्र से कांवड़िए गुजर रहे हों, तो अपनी क्षमता के अनुसार उन्हें पेयजल, फल, भोजन या आवश्यक सहायता प्रदान करें. धार्मिक मान्यता है कि शिवभक्तों की सेवा भी भगवान शिव की सेवा के समान मानी जाती है.

संयम और सदाचार अपनाएं: सावन के पूरे महीने मन, वचन और कर्म से संयमित जीवन जीने का प्रयास करें. कई श्रद्धालु इस अवधि में ब्रह्मचर्य का पालन भी करते हैं.

यह भी पढ़ें: सावन के पहले मंगलवार पर क्यों रखा जाता है मंगला गौरी व्रत? जानें महत्व, कथा और लाभ


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Neha Kumari

नेहा कुमारी वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में धर्म बीट पर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. वह व्रत-त्योहार, राशिफल, पंचांग, ज्योतिष, शुभ मुहूर्त, पौराणिक कथाओं और भारतीय संस्कृति से जुड़े विषयों पर लेख लिखती हैं. उन्होंने वेस्ट बंगाल स्टेट यूनिवर्सिटी से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री प्राप्त की है.

डिजिटल पत्रकारिता में उन्होंने धर्म, ज्योतिष और भारतीय परंपराओं से जुड़े विषयों पर विशेष अनुभव हासिल किया है. उनका उद्देश्य पाठकों तक सरल भाषा में सटीक, विश्वसनीय और उपयोगी जानकारी पहुंचाना है, ताकि वे धार्मिक और सांस्कृतिक विषयों को आसानी से समझ सकें.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >