Hindu Wedding Rituals: भारतीय संस्कृति में शादी सिर्फ दो लोगों का मिलन नहीं होती, बल्कि दो परिवारों और परंपराओं का भी संगम होती है. यही वजह है कि शादी से पहले घर में कई तरह की धार्मिक और शुभ परंपराएं निभाई जाती हैं. सनातन परंपरा में कुछ ऐसी चीजें मानी गई हैं जिन्हें शादी की शॉपिंग से पहले घर में लाना बहुत शुभ माना जाता है.
मान्यता है कि इन चीजों को घर में रखने से सकारात्मक ऊर्जा आती है, परिवार में खुशहाली बढ़ती है और नए रिश्ते की शुरुआत शुभ होती है. अक्सर लोग शादी की खरीदारी शुरू करने से पहले इन पवित्र वस्तुओं को घर लाते हैं और भगवान के सामने अर्पित करते हैं.
आइए जानते हैं उन 5 चीजों के बारे में, जिनका हमारी परंपरा में खास महत्व बताया गया है.
हल्दी: शुद्धता और शुभता का प्रतीक
हल्दी को भारतीय परंपरा में बहुत पवित्र माना जाता है. शादी-ब्याह के लगभग हर रस्म में हल्दी का इस्तेमाल होता है. माना जाता है कि हल्दी घर में सकारात्मक ऊर्जा लाती है और नकारात्मक ऊर्जा को दूर करती है. इसी वजह से शादी से पहले हल्दी घर में लाना शुभ माना जाता है. हल्दी को भगवान के सामने अर्पित करने से विवाह के कार्यों में शुभता बनी रहती है और माहौल भी मंगलमय रहता है.
गुड़: रिश्तों में मिठास का प्रतीक
गुड़ को मिठास और प्रेम का प्रतीक माना जाता है. शादी का रिश्ता जीवनभर साथ निभाने का वादा होता है, इसलिए गुड़ को घर में रखना इस बात का संकेत माना जाता है कि दांपत्य जीवन में हमेशा मिठास बनी रहे. कई जगहों पर शादी की खरीदारी शुरू करने से पहले गुड़ और चना भगवान को अर्पित करने की भी परंपरा होती है.
हरी मूंग की दाल: समृद्धि का संकेत
हरी मूंग की दाल को समृद्धि और अन्न का प्रतीक माना जाता है. मान्यता है कि इसे घर में रखने से अन्न-धन की कमी नहीं होती और परिवार में खुशहाली बनी रहती है. शादी जैसे बड़े शुभ कार्य से पहले इसे घर में लाना इसलिए अच्छा माना जाता है ताकि नए जीवन की शुरुआत सुख-समृद्धि के साथ हो.
साबुत धनिया: विकास और उन्नति का प्रतीक
साबुत धनिया भी शादी से पहले घर में लाने वाली शुभ चीजों में शामिल है. जब धनिया को मिट्टी में बोया जाता है तो वह अंकुरित हो जाता है. इसी कारण इसे विकास, प्रगति और नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है. यह मान्यता भी है कि धनिया घर में बरकत और उन्नति लेकर आता है.
धर्म कर्म से जुड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
कुमकुम (सिंदूर): सुहाग और शक्ति का प्रतीक
कुमकुम या सिंदूर का हिंदू परंपरा में बहुत बड़ा महत्व है. यह एक विवाहित महिला के सुहाग, सम्मान और गौरव का प्रतीक माना जाता है. साथ ही इसे शक्ति और मंगल का प्रतीक भी कहा जाता है. शादी की शॉपिंग से पहले कुमकुम घर लाकर मां गौरी और भगवान गणेश को अर्पित करने की परंपरा भी कई परिवारों में निभाई जाती है.
क्या करें इस परंपरा के साथ
मान्यता है कि जब ये पांच चीजें घर में लाई जाती हैं, तो उन्हें सबसे पहले मां गौरी और भगवान गणेश के सामने रखा जाता है. इसके बाद ही शादी की खरीदारी या बाकी तैयारियां शुरू की जाती हैं. कहा जाता है कि ऐसा करने से विवाह के सभी कार्य बिना किसी बाधा के पूरे होते हैं और नए जीवन की शुरुआत खुशियों के साथ होती है.
