ईद-उल-फितर देता है दुश्मनों को भी गले लगाने का पैगाम

Eid ul Fitr 2026: ईद खुशियों, समानता और भाईचारे का त्योहार है जो रमजान के बाद मनाया जाता है. यह फितरा, जकात और सामाजिक समरसता के माध्यम से समाज को जोड़ता है.

प्रो मुश्ताक अहमद
प्रधानाचार्य सीएम कॉलेज, दरभंगा

Eid ul Fitr 2026: मानव सभ्यता के प्रारंभ से ही मनुष्य ने सामूहिक जीवन जीना सीखा और उसी के साथ खुशियां मनाने की परंपरा भी विकसित हुई. विभिन्न संस्कृतियों और धर्मों में त्योहारों का विशेष महत्व रहा है, जो न केवल आनंद का माध्यम हैं बल्कि सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं. इस्लाम धर्म में भी ईद-उल-फितर और ईद-उल-अजहा जैसे प्रमुख त्योहार मनाए जाते हैं, जो आध्यात्मिकता के साथ-साथ सामाजिक सरोकार का संदेश देते हैं.

ईद का अर्थ और महत्व

‘ईद’ शब्द का शाब्दिक अर्थ ही ‘खुशी’ या ‘आनंद’ होता है. यह त्योहार केवल व्यक्तिगत खुशी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज के लिए खुशियों को साझा करने का अवसर प्रदान करता है. ईद मनाने से पहले इस्लाम धर्म में कई धार्मिक कर्तव्यों का पालन अनिवार्य किया गया है, जिनका उद्देश्य मनुष्य को अनुशासित, संवेदनशील और समाज के प्रति जिम्मेदार बनाना है.

रमजान और सामाजिक समरसता

ईद-उल-फितर का संबंध रमजान के पवित्र महीने से है. इस पूरे महीने में मुसलमान रोजा रखते हैं और आत्मसंयम, धैर्य तथा सहानुभूति का अभ्यास करते हैं. इफ्तार के समय का दृश्य सामाजिक समानता का जीवंत उदाहरण होता है, जहां अमीर और गरीब एक ही दस्तरखान पर बैठकर रोजा खोलते हैं. मस्जिदों में नमाज के दौरान भी सभी लोग एक ही पंक्ति में खड़े होकर बिना किसी भेदभाव के इबादत करते हैं.

जैसा कि प्रसिद्ध शायर अल्लामा इकबाल ने कहा है—
“एक ही सफ में खड़े हो गये महमूद व अयाज,
न कोई बंदा रहा और न कोई बंदा नवाज.”

यह पंक्तियां इस्लाम में समानता और भाईचारे की भावना को स्पष्ट रूप से दर्शाती हैं.

फितरा और जकात: आर्थिक संतुलन का माध्यम

ईद से पहले हर आर्थिक रूप से सक्षम मुसलमान के लिए ‘फितरा’ देना अनिवार्य होता है. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि समाज का कोई भी व्यक्ति ईद की खुशियों से वंचित न रहे. फितरा एक निश्चित राशि होती है, जिसे गरीब और जरूरतमंद लोगों में बांटा जाता है ताकि वे भी इस त्योहार को खुशी से मना सकें.

यदि किसी परिवार में अधिक सदस्य हैं, तो उसी अनुपात में फितरा की राशि बढ़ जाती है. इस व्यवस्था के माध्यम से समाज में आर्थिक संतुलन स्थापित करने का प्रयास किया जाता है. इसी प्रकार ‘जकात’ भी एक महत्वपूर्ण व्यवस्था है, जिसके तहत धनवान लोग अपनी आय का एक हिस्सा जरूरतमंदों को देते हैं.

ईद: सामाजिक सरोकार और इंसानियत का संदेश

ईद केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह इंसानियत और सामाजिक जिम्मेदारी का भी संदेश देती है. इस्लाम धर्म को एक वैज्ञानिक और मानवीय दृष्टिकोण वाला धर्म माना जाता है, जो समाज में न्याय, समानता और करुणा को बढ़ावा देता है.

ये भी पढ़ें: चांद नजर आया, रांची में ईद-उल-फितर की रौनक, खुशियों का माहौल

ईद के अवसर पर न केवल मुसलमान, बल्कि अन्य धर्मों के लोग भी एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होते हैं. इससे सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारा मजबूत होता है. यह त्योहार सभी प्रकार के भेदभाव को मिटाकर एकता की भावना को प्रोत्साहित करता है.

ईद की परंपराएं और रीति-रिवाज

ईद का त्योहार रमजान के पूरे महीने की इबादत के बाद मनाया जाता है. इस दिन नए कपड़े पहनना, इत्र लगाना और विशेष नमाज अदा करना सुन्नत माना जाता है. गरीबों को फितरा और जकात देने का एक उद्देश्य यह भी है कि वे भी नए वस्त्र पहनकर इस खुशी में शामिल हो सकें.

ईदगाह जाने और लौटने के अलग-अलग रास्तों का प्रचलन भी एक पुरानी परंपरा है, जो आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिलती है. नमाज के बाद लोग एक-दूसरे से गले मिलते हैं और हाथ मिलाकर अपने दिलों के गिले-शिकवे दूर करते हैं.

मेल-मिलाप और भाईचारे का पर्व

ईद का सबसे सुंदर पहलू यह है कि लोग अपने दोस्तों के साथ-साथ अपने विरोधियों के घर भी जाते हैं और रिश्तों को सुधारने का प्रयास करते हैं. सेवइयां और अन्य मिठाइयां साझा करना केवल परंपरा नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने का माध्यम है.

इस अवसर पर एक शायर की पंक्तियां याद आती हैं—
“कोई इतना तो बता दे मुझे ऐ चांद-ए-ईद,
भूल जाने का हुनर किसको सिखाया जाये.”

यह भावना ईद के वास्तविक उद्देश्य को दर्शाती है—क्षमा, प्रेम और एकता.

भारत में ईद और गंगा-जमुनी संस्कृति

भारत में ईद का त्योहार विशेष महत्व रखता है. यहां विभिन्न धर्मों के लोग मिलकर इस पर्व को मनाते हैं, जो देश की गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक है. बहुसंख्यक और अल्पसंख्यक समुदायों के बीच यह त्योहार एक सेतु का कार्य करता है और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाता है.

ईद केवल एक धार्मिक त्योहार नहीं है, बल्कि यह सामाजिक समरसता, आर्थिक संतुलन और मानवीय मूल्यों का प्रतीक है. यह हमें सिखाती है कि सच्ची खुशी तभी है जब हम उसे दूसरों के साथ साझा करें. ईद हमें ईश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ-साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने की प्रेरणा देती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shaurya Punj

मैंने डिजिटल मीडिया में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव हासिल किया है. पिछले 6 वर्षों से मैं विशेष रूप से धर्म और ज्योतिष विषयों पर सक्रिय रूप से लेखन कर रहा हूं. ये मेरे प्रमुख विषय हैं और इन्हीं पर किया गया काम मेरी पहचान बन चुका है. हस्तरेखा शास्त्र, राशियों के स्वभाव और उनके गुणों से जुड़ी सामग्री तैयार करने में मेरी निरंतर भागीदारी रही है. रांची के सेंट जेवियर्स कॉलेज से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री प्राप्त करने के बाद. इसके साथ साथ कंटेंट राइटिंग और मीडिया से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में काम करते हुए मेरी मजबूत पकड़ बनी. इसके अलावा, एंटरटेनमेंट, लाइफस्टाइल और शिक्षा जैसे विषयों पर भी मैंने गहराई से लेखन किया है, जिससे मेरी लेखन शैली संतुलित, भरोसेमंद और पाठक-केंद्रित बनी है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >