15 दिनों में डबल ग्रहण का संयोग, जानें क्या होली की खुशियों पर भी पड़ेगा असर

Double Grahan 2026: इस बार 15 दिनों में सूर्य और चंद्र ग्रहण का दुर्लभ संयोग बन रहा है. जानें क्या इस डबल ग्रहण का असर होली की खुशियों, देश-दुनिया और आर्थिक स्थिति पर पड़ेगा.

Double Grahan 2026: साल 2026 की शुरुआत से ही ग्रहों की स्थिति चर्चा का विषय बनी हुई है. होली के उत्साह के बीच 15 दिनों के अंतराल में दो बड़े ग्रहण—पहला सूर्य ग्रहण 17 फरवरी 2026 को और दूसरा खग्रास चंद्रग्रहण 03 मार्च 2026 को—लगना ज्योतिषीय दृष्टि से असामान्य माना जा रहा है. खगोलीय रूप से ग्रहण एक प्राकृतिक घटना है, लेकिन सनातन परंपरा में इसे शुभ संकेत नहीं माना जाता. ज्योतिषाचार्य संजीत कुमार मिश्रा के अनुसार, एक पक्ष या एक महीने के भीतर दो ग्रहण का योग चिंताजनक विषय है और इसका प्रभाव देश-दुनिया पर व्यापक हो सकता है.

15 दिन में दो ग्रहण: खगोलीय संयोग या चेतावनी?

17 फरवरी 2026 को लगे सूर्य ग्रहण के बाद 03 मार्च 2026 को खग्रास चंद्रग्रहण लगने जा रहा है. यह चंद्रग्रहण सिंह राशि और पूर्वा फाल्गुनी नक्षत्र में होगा. खग्रास चंद्रग्रहण के दौरान चंद्रमा लाल रंग का दिखाई देगा, जिसे आमतौर पर “ब्लड मून” कहा जाता है. ऐसा पृथ्वी की छाया और प्रकाश के अपवर्तन के कारण होता है, जिससे चंद्रमा का रंग परिवर्तित दिखता है. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, कम समय में दो ग्रहण का लगना प्राकृतिक असंतुलन और सामाजिक हलचल का संकेत देता है. इसे विशेष रूप से राजनीतिक और आर्थिक अस्थिरता से जोड़कर देखा जाता है.

ग्रहण का अशुभ प्रभाव: सनातन दृष्टिकोण

सनातन धर्म में सूर्य और चंद्र दोनों ही जीवन ऊर्जा के प्रमुख स्रोत माने गए हैं. ग्रहण का लगना शुभ नहीं माना जाता, क्योंकि इसे राहु-केतु के प्रभाव से जोड़ा जाता है. फरवरी मध्य से मार्च के पहले सप्ताह तक दो ग्रहण का योग वर्ष 2025 जैसी परिस्थितियों की याद दिलाता है, जब वैश्विक स्तर पर आर्थिक संकट, व्यापारिक तनाव और टैरिफ विवादों ने कई देशों की अर्थव्यवस्था को प्रभावित किया. अमेरिका सहित कई राष्ट्र आर्थिक चुनौतियों से जूझे, वहीं इजराइल, रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष ने विश्व शांति को प्रभावित किया.

इतिहास के पन्नों में ग्रहण का प्रभाव

ऐसा ही संयोग 25 अक्टूबर 2022 को सूर्य ग्रहण और 08 नवंबर 2022 को चंद्रग्रहण के रूप में देखा गया था. उसी वर्ष गुजरात के मोरबी में पुल दुर्घटना जैसी दुखद घटना हुई, जिसमें कई लोगों की जान गई. ज्योतिषीय मत के अनुसार, जब एक ही पक्ष में दो ग्रहण लगते हैं तो प्राकृतिक आपदाओं—बाढ़, भूकंप, तूफान, अग्निकांड—और जनहानि के योग बनते हैं.

वृहदसंहिता के अनुसार दो ग्रहण का परिणाम

प्राचीन ग्रंथ बृहदसंहिता के राहुचर अध्याय में उल्लेख मिलता है कि एक ही महीने या पक्ष में दो ग्रहण लगना अशुभ संकेत देता है. इसमें प्राकृतिक प्रकोप, राजनीतिक अस्थिरता और राजसत्ता में परिवर्तन के संकेत बताए गए हैं. ऐसे समय में राजनैतिक तनाव, देशों के बीच मतभेद और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शक्ति संतुलन में बदलाव देखने को मिल सकता है.

देश-दुनिया पर संभावित प्रभाव

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, साल 2026 की शुरुआत में यह ग्रहण योग अनुकूल नहीं माना जाएगा. कई देशों के बीच व्यापारिक और राजनीतिक विवाद उभर सकते हैं. कुछ राष्ट्रों में युद्ध जैसी स्थिति या रक्षा समझौते की चर्चा तेज हो सकती है.  हालांकि, सिंह राशि में लगने वाला चंद्रग्रहण नेतृत्व और सत्ता से जुड़े निर्णयों को प्रभावित करेगा. संभावना है कि कई राष्ट्राध्यक्ष आपसी सहयोग से अंतरराष्ट्रीय व्यापार और नई तकनीकों को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाएं.

सिंह राशि और पूर्वा फाल्गुनी नक्षत्र का प्रभाव

03 मार्च 2026 का चंद्रग्रहण सिंह राशि और पूर्वा फाल्गुनी नक्षत्र में लग रहा है. इस नक्षत्र के स्वामी शुक्र हैं, जो कला, सौंदर्य और रचनात्मकता के कारक माने जाते हैं. सिंह राशि राजसत्ता और नेतृत्व का प्रतीक है. इस संयोग से महिला सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान देखने को मिल सकता है. उच्च पदों पर आसीन महिलाओं का प्रभाव बढ़ेगा और महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर ठोस कदम उठाए जा सकते हैं. हालांकि कुछ क्षेत्रों में सामाजिक तनाव भी उत्पन्न हो सकता है.

पंचग्रही योग और ग्रहों की युति

वर्तमान ग्रह स्थिति में कुंभ राशि में शुक्र, मंगल, बुध, राहु और सूर्य की उपस्थिति से पंचग्रही योग बन रहा है. यह योग सिंह राशि के सातवें भाव पर प्रभाव डाल रहा है. केतु की दृष्टि मंगल, सूर्य, बुध और शुक्र पर पड़ रही है, जो आम जीवन के लिए चुनौतीपूर्ण स्थिति दर्शाती है. मंगल और सूर्य दोनों अग्नि तत्व के ग्रह हैं, जबकि राहु तकनीक, छल और विवाद का कारक है. इनकी युति सामाजिक टकराव, अहंकार और छोटी बातों पर विवाद की स्थिति उत्पन्न कर सकती है. विशेष रूप से मैन्युफैक्चरिंग, रक्षा और विमानन क्षेत्र में सावधानी बरतने की आवश्यकता रहेगी. वायुयान दुर्घटनाओं या तकनीकी गड़बड़ियों की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता.

Gen-G और इंफ्रास्ट्रक्चर पर प्रभाव

यह ग्रहण काल नई पीढ़ी (Gen-G) के लिए विशेष लाभकारी नहीं माना जा रहा, लेकिन इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, टेक्नोलॉजी अपग्रेड और रक्षा क्षेत्र में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं. शुक्र-मंगल की युति फैशन, डिजाइन और रचनात्मक उद्योगों को नई दिशा दे सकती है, जबकि राहु तकनीकी उन्नति को गति देने का संकेत देता है.

ये भी पढ़ें: ग्रहण के दिन होलिका दहन कब? जानें क्या करें और क्या बिल्कुल न करें

सावधानी और संयम का समय

मार्च 2026 का डबल ग्रहण संयोग खगोलीय दृष्टि से सामान्य, लेकिन ज्योतिषीय रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. यह समय संयम, सतर्कता और विवेकपूर्ण निर्णय लेने का संकेत देता है. हालांकि ग्रहण को लेकर भयभीत होने की आवश्यकता नहीं, लेकिन सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक स्तर पर संतुलन बनाए रखना आवश्यक है. ग्रहों की चाल परिवर्तन का संकेत देती है—यह परिवर्तन सकारात्मक भी हो सकता है, यदि नेतृत्व और समाज मिलकर समझदारी से कदम उठाएं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shaurya Punj

मैंने डिजिटल मीडिया में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव हासिल किया है. पिछले 6 वर्षों से मैं विशेष रूप से धर्म और ज्योतिष विषयों पर सक्रिय रूप से लेखन कर रहा हूं. ये मेरे प्रमुख विषय हैं और इन्हीं पर किया गया काम मेरी पहचान बन चुका है. हस्तरेखा शास्त्र, राशियों के स्वभाव और उनके गुणों से जुड़ी सामग्री तैयार करने में मेरी निरंतर भागीदारी रही है. रांची के सेंट जेवियर्स कॉलेज से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री प्राप्त करने के बाद. इसके साथ साथ कंटेंट राइटिंग और मीडिया से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में काम करते हुए मेरी मजबूत पकड़ बनी. इसके अलावा, एंटरटेनमेंट, लाइफस्टाइल और शिक्षा जैसे विषयों पर भी मैंने गहराई से लेखन किया है, जिससे मेरी लेखन शैली संतुलित, भरोसेमंद और पाठक-केंद्रित बनी है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >