Bada Mangal 2026: ज्येष्ठ अधिकमास चल रहा है. इस माह में पड़ने वाला हर मंगलवार बड़ा मंगल कहलाता है, जो भगवान हनुमान को समर्पित माना जाता है. अब तक तीन बड़े मंगल बीत चुके हैं और चौथा बड़ा मंगल आज 26 मई 2026 को मनाया जा रहा है. इस बार बड़ा मंगल के दिन एकादशी तिथि का शुभ संयोग भी बन रहा है, जिससे बजरंगबली के साथ भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होने की भी मान्यता है. इस पावन अवसर पर भक्त हनुमान जी की पूजा, व्रत और हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं. हालांकि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन कुछ कार्यों को करने से बचना चाहिए.
तामसिक भोजन से बनाएं दूरी
बड़ा मंगल के दिन मांस, मदिरा, लहसुन और प्याज जैसी तामसिक चीजों का सेवन नहीं करना चाहिए. मान्यता है कि इस दिन सात्विक भोजन करने से मन शांत रहता है और हनुमान जी की विशेष कृपा प्राप्त होती है. फलाहार और प्रसाद ग्रहण करना शुभ माना गया है.
क्रोध और विवाद से बचें
हनुमान जी को संयम, सेवा और भक्ति प्रिय है. ऐसे में इस दिन किसी से झगड़ा करना, अपशब्द बोलना या क्रोध करना अशुभ माना जाता है. कोशिश करें कि दिनभर शांत मन से रहें और जरूरतमंदों की मदद करें.
गरीबों का अपमान न करें
धार्मिक मान्यता है कि बड़ा मंगल के दिन दान-पुण्य का विशेष महत्व होता है. इस दिन गरीबों और जरूरतमंदों को भोजन, पानी और वस्त्र दान करने से पुण्य फल की प्राप्ति होती है. किसी भूखे या असहाय व्यक्ति का अपमान करने से बचना चाहिए.
पूजा में रखें स्वच्छता का ध्यान
हनुमान पूजा से पहले स्नान जरूर करें और साफ वस्त्र धारण करें. पूजा स्थल की सफाई और पवित्रता बनाए रखना बेहद जरूरी माना गया है. स्वच्छ वातावरण में पूजा करने से मन एकाग्र रहता है.
करें हनुमान जी का स्मरण
बड़ा मंगल पर हनुमान चालीसा, सुंदरकांड और बजरंग बाण का पाठ करना अत्यंत शुभ माना गया है. सच्ची श्रद्धा और नियमपूर्वक पूजा करने से बजरंगबली की कृपा प्राप्त होती है और जीवन के कष्ट दूर होते हैं.
