फिलीपींस की हार से भारत को क्या मिला संकेत ? UN चुनाव में दोस्ती से ज्यादा क्यों जरूरी है कूटनीति

फिलीपींस के पास अनुभव, आसियान का समर्थन और मजबूत क्षेत्रीय पहचान थी, फिर भी वह किर्गिस्तान से बड़े अंतर से हार गया. जानिए इस नतीजे से भारत को 2028-29 की सुरक्षा परिषद सीट के लिए क्या सीख ले सकता है, और कैसे सिर्फ दोस्ती नहीं, बल्कि मजबूत कूटनीति सुरक्षा परिषद में जीत के लिए जरूरी होती है.

3 जून 2026 को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा में सुरक्षा परिषद की पांच नई अस्थायी सीटों के लिए वोटिंग हुई, एशिया-प्रशांत की एक सीट के लिए फिलीपींस और किर्गिस्तान आमने-सामने थे. एक तरफ था फिलीपींस, जिसके पास सुरक्षा परिषद का पुराना अनुभव और आसियान जैसे मजबूत क्षेत्रीय सहयोगियों का साथ था तो दूसरी तरफ था किर्गिस्तान, जो पहली बार मैदान में था. हालांकि वोटिंग के बाद नतीजा काफी चौंकाने वाला रहा, किर्गिस्तान को 142 वोट मिले, जबकि फिलीपींस सिर्फ 49 वोटों तक ही पहुंच सका.

अब देखा जाए तो यह चुनाव सिर्फ फिलीपींस और किर्गिस्तान के बीच हार-जीत की कहानी नहीं है. बल्कि इस चुनाव ने एक बड़ी बात साफ की है कि संयुक्त राष्ट्र में सिर्फ बड़ी अर्थव्यवस्था, पुराना अनुभव या मजबूत क्षेत्रीय गठजोड़ होना ही जीत की गारंटी नहीं है. ऐसा हम क्यों कह रहे? दरअसल, भारत 2028-29 के कार्यकाल के लिए सुरक्षा परिषद की सीट का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है और उसके मुकाबले की स्थिति भी ऐसा हीं कुछ है और किर्गिस्तान की इस जीत से सबक ले भारत अपनी रणनीति मजबूत कर सकता है.

पहले समझिए, किर्गिस्तान और फिलीपींस का मुकाबला भारत के लिए क्या संकेत है.

सिर्फ बड़ा या छोटा देश होना काफी नहीं

  • फिलीपींस के पास कई मजबूत फायदे थे, वह आसियान का सदस्य होने के साथ-साथ दक्षिण-पूर्व एशिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाता है. इसके बावजूद वोटिंग में वह किर्गिस्तान से काफी पीछे रह गया.
  • किर्गिस्तान ने अपनी दावेदारी को मध्य एशिया की आवाज को मजबूत करने से भी जोड़ा. वह ऐसे समय में सुरक्षा परिषद में पहुंच रहा है, जब मध्य एशियाई देश वैश्विक मंचों पर अपनी भूमिका और आवाज दोनों बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं.
  • यही बात भारत के लिए भी काफी अहम है. 2027 में भारत का मुकाबला ताजिकिस्तान से होगा, जो मध्य एशिया का ही देश है. इसलिए नई दिल्ली के लिए सिर्फ अपनी बड़ी अर्थव्यवस्था या वैश्विक पहचान बताना काफी नहीं होगा.
  • भारत को यह भी समझाना होगा कि सुरक्षा परिषद में उसकी मौजूदगी से एशिया और विकासशील देशों को क्या फायदा होगा और उनकी आवाज किस तरह मजबूत होगी.

ये भी पढ़ें: India Arctic Politics 1: हजारों किमी दूर भारत के लिए क्यों अहम है दुनिया का बर्फीला इलाका?

वोटों के लिए सिर्फ दोस्त होना काफी नहीं!

  • तो फिर वोट किस आधार पर मिलते हैं? सिर्फ रणनीतिक दोस्ती से नहीं. उम्मीदवार को अलग-अलग क्षेत्रीय समूहों और छोटे-बड़े देशों के लिए उपयोगी और भरोसेमंद विकल्प के तौर पर खुद को पेश करना पड़ता है.
  • किर्गिस्तान को मिला व्यापक कूटनीतिक समर्थन,उसकी जीत में अहम रहे है. जानकारों के मुताबिक,इस्लामिक सहयोग संगठन के कई देशों के साथ-साथ चीन और रूस जैसे प्रभावशाली देशों का समर्थन उसके लिए फायदेमंद रहा.
  • हालांकि, चुनाव गुप्त मतदान से हुआ था, ऐसे में यह कहना ठीक नहीं होगा कि किर्गिस्तान की पूरी जीत किसी एक देश या समूह के समर्थन की वजह से हुई.
  • इस नतीजे से जो संकेत मिलता है वो ये कि संयुक्त राष्ट्र में चुनाव जीतने के लिए लंबे समय तक अलग-अलग देशों और क्षेत्रीय समूहों के साथ अच्छे रिश्ते बनाना जरूरी है. सिर्फ यह देखना काफी नहीं है कि आपके रणनीतिक दोस्त कौन हैं. यह भी मायने रखता है कि अफ्रीका, एशिया, लैटिन अमेरिका और छोटे द्वीपीय देशों को आपकी उम्मीदवारी से क्या फायदा नजर आता है.

मजबूत उम्मीदवार के सामने भी हो सकती है चुनौती

  • 2026 के चुनाव सिर्फ किर्गिस्तान की जीत तक सीमित नहीं है. 2026 के इसी चुनाव में जर्मनी जैसे बड़े यूरोपीय देश की हार ने भी यही बात साबित की.
  • दो सीटों के लिए हुए मुकाबले में पुर्तगाल को 134 वोट, ऑस्ट्रिया को 131 वोट मिले, जबकि जर्मनी सिर्फ 104 वोट ही हासिल कर सका. यानी बड़ी अर्थव्यवस्था, राजनीतिक ताकत और वैश्विक प्रभाव अपने आप में चुनाव जीतने के लिए काफी नहीं हैं.
  • भारत के लिए यह बात इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि 2028-29 की सुरक्षा परिषद सीट के लिए उसका मुकाबला ताजिकिस्तान से है. भारत के पास कई मजबूत पक्ष हैं, सुरक्षा परिषद का अनुभव, बड़ी अर्थव्यवस्था, जी-20 की सदस्यता, संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में योगदान और ग्लोबल साउथ के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका.लेकिन फैसला संयुक्त राष्ट्र महासभा के सदस्य देशों के वोट से ही होगा.
  • इसलिए भारत को अपनी उपलब्धियों के साथ-साथ यह भी दिखाना होगा कि सुरक्षा परिषद में उसकी मौजूदगी बाकी देशों के लिए कितना फायदेमंद होगी.

सुरक्षा परिषद में नौवें कार्यकाल लिए भारत का शान्ति अभियान

भारत ने 13 जुलाई 2026 को 2028-29 कार्यकाल के लिए अपना अभियान औपचारिक रूप से न्यूयॉर्क में शुरू किया. विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने इसके लिए SHANTI' (शान्ति) नाम से एक रूपरेखा पेश की, यह अंग्रेजी में Securing Holistic Advancement through Norms, Trust and Integrity का संक्षिप्त रूप है.

इसमें अंतरराष्ट्रीय शांति, बहुपक्षवाद, वैश्विक दक्षिण, नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था और संयुक्त राष्ट्र सुधार जैसे मुद्दों पर जोर है. अगर भारत जीतता है, तो यह सुरक्षा परिषद में उसका नौवां कार्यकाल होगा.

ये भी पढ़ें: JPC में सरकार का बहुमत, फिर विपक्ष की क्या है ताकत? समझिए संसद की समिति कैसे करती हैं काम

भारत की असली चुनौती क्या है?

  • भारत इन बातों को सिर्फ कागज पर न रखे, बल्कि दूसरे देशों को भी भरोसा दिलाए कि उसकी सुरक्षा परिषद में मौजूदगी उनके लिए फायदेमंद होगी.
  • नई दिल्ली को यह दिखाना होगा कि वह सिर्फ स्थायी सदस्यता की मांग करने वाला एक बड़ा देश नहीं है, बल्कि विकासशील और छोटे देशों की चिंताओं को भी मजबूती से उठाने वाला साझेदार है.
  • किर्गिस्तान की जीत का यह मतलब बिल्कुल नहीं है कि भारत की स्थिति कमजोर है. असली बात यह है कि भारत के पास जो ताकत और वैश्विक प्रभाव है, उसे कैसे वोटों में बदला जाए.
  • 2026 के चुनाव ने साफ दिखा दिया कि संयुक्त राष्ट्र के चुनाव सिर्फ प्रतिष्ठा या बड़े-छोटे देशों की लड़ाई नहीं होते. यहां क्षेत्रीय पहचान, राजनीतिक हित, कूटनीतिक रिश्ते और छोटे-बड़े देशों का भरोसा, सब मिलकर नतीजा तय करते हैं.

इसलिए 2027 का भारत-ताजिकिस्तान मुकाबला भले ही कागज पर एकतरफा दिखे, लेकिन असली चुनाव न्यूयॉर्क में मतदान वाले दिन नहीं, उससे पहले दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में होने वाली कूटनीति में होगा.

पढ़िए देश दुनिया और बिहार झारखंड की ओरिजिनल खबर


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गौतम कुमार

गौतम कुमार वर्तमान में प्रभात खबर से जुड़े पत्रकार हैं. वे राजनीति, इतिहास, साहित्य, खेल, कानून, लोक संस्कृति और मनोरंजन जैसे विविध विषयों पर लिखते हैं. किसी विषय पर रिपोर्टिंग या लेखन के दौरान उनका जोर केवल घटनाओं की जानकारी देने पर नहीं, बल्कि उसके पीछे की पृष्ठभूमि, सामाजिक-सांस्कृतिक संदर्भ और उसके प्रभाव को समझाने पर रहता है.

अपने पत्रकारिता करियर में गौतम कुमार ने RealisticMedia और दैनिक भास्कर जैसे मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है. पत्रकारिता के अलावा उन्हें डिजिटल कंटेंट लेखन, वीडियो स्क्रिप्टिंग और डिजिटल प्रोडक्शन का अनुभव भी है. स्वतंत्र लेखक और ब्लॉगर के तौर पर उन्होंने अलग-अलग विषयों और डिजिटल माध्यमों के लिए लेखन किया है.

किताबों, फिल्मों और कहानियों में उनकी विशेष रुचि है. वे मानते हैं कि अच्छी किताब या अच्छी फिल्म मिलने के बाद बाकी दुनिया कुछ देर इंतजार कर सकती है. यही रुचि उनके लेखन में भी दिखाई देती है, जहां वे खबर और घटनाओं के पीछे छिपी कहानी को समझने और पाठकों के सामने उसे सरल और संदर्भपूर्ण तरीके से रखने की कोशिश करते हैं.

गौतम कुमार मानते हैं कि किसी विषय पर राय अलग हो सकती है और नजरिया भी अलग हो सकता है, लेकिन सार्थक संवाद की शुरुआत इन्हीं अलग-अलग दृष्टिकोणों को समझने से होती है. इसलिए पाठकों की राय, सुझाव और विचार उनके लिए महत्वपूर्ण हैं. उनसे सोशल मीडिया के माध्यम से भी जुड़ा जा सकता है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >