समावेशी शिक्षा व्यवस्था का आधार है हाइब्रिड लर्निंग, पढ़ें डॉ सतेंद्र कुमार का आलेख

Hybrid Learning: आज के बदलते युग में भविष्य मिश्रित या हाइब्रिड शिक्षण मॉडल में निहित है. यह मॉडल विद्यार्थियों को डिजिटल लचीलापन देने के साथ-साथ प्रत्यक्ष संवाद और व्यावहारिक प्रशिक्षण का लाभ भी प्रदान करता है.

डॉ सतेंद्र कुमार, सहायक प्राध्यापक, डिपार्टमेंट ऑफ कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग,आईआईटी पटना

Hybrid Learning: कनीक में हो रहे निरंतर नवाचार ने समय के साथ ज्ञान प्राप्त करने और उसे साझा करने के पारंपरिक तरीकों में आमूलचूल परिवर्तन ला दिया है. आज का शैक्षणिक परिदृश्य ऐसे चौराहे पर खड़ा है, जहां विद्यार्थियों के पास सदियों पुरानी पारंपरिक कक्षा आधारित शिक्षा और आधुनिक डिजिटल शिक्षण मंचों के बीच चयन करने की स्वतंत्रता है. हालांकि, इन दोनों प्रणालियों का अंतिम लक्ष्य ज्ञान और कौशल का विकास करना ही है, पर इनकी कार्यप्रणाली, प्रभावशीलता और सीमाएं एक-दूसरे से काफी भिन्न हैं. इन्हें एक-दूसरे के प्रतिद्वंद्वी के रूप में देखने के बजाय यह समझना आवश्यक है कि ये दोनों ही शिक्षा की विविध आवश्यकताओं को पूरा करने के पूरक साधन हैं.

दशकों से कक्षा आधारित शिक्षा ही शिक्षण की सर्वाधिक विश्वसनीय और प्रमुख माध्यम रही है. इस व्यवस्था की सबसे बड़ी शक्ति प्रत्यक्ष संवाद है. यह ढांचा विद्यार्थियों को तुरंत प्रश्न पूछने, जटिल विषयों पर चर्चा करने और अपने शिक्षकों से तत्काल मार्गदर्शन प्राप्त करने की अनुमति देता है. स्कूल-कॉलेज की एक संरचित समय-सारिणी छात्रों के जीवन में अनुशासन, समय पालन और नियमित अध्ययन की आदतों को गहराई से समाहित करती है. जब विद्यार्थी अपने सहपाठियों के साथ नियमित संपर्क में रहते हैं, तो उनमें सहयोग, टीम भावना और प्रभावी संचार कौशल जैसे महत्वपूर्ण गुणों का विकास होता है. वे समूह में काम करना, आपसी संबंध बनाना और सामूहिक गतिविधियों में भाग लेना सीखते हैं, जो उनके समग्र व्यक्तित्व विकास के लिए शैक्षणिक डिग्री जितनी ही महत्वपूर्ण है.

ऑफलाइन शिक्षा का सबसे बड़ा लाभ इसका व्यावहारिक अनुभव है. विज्ञान की प्रयोगशालाएं, तकनीकी कार्यशालाएं और खेल के मैदान, छात्रों को वह व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करते हैं, जिसे केवल स्क्रीन के माध्यम से प्राप्त करना लगभग असंभव है. यह भौतिक परिवेश ध्यान भटकाने वाले कारकों को कम कर एकाग्रता बढ़ाने में भी सहायक होता है. हालांकि, पारंपरिक शिक्षा अपनी कुछ सीमाओं से भी घिरी हुई है. इसमें शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंचने के लिए लंबी यात्रा करनी पड़ सकती है, जो न केवल थकाऊ है, बल्कि समय और धन की दृष्टि से भी खर्चीली है. भौगोलिक स्थिति के आधार पर शिक्षा की गुणवत्ता में भी अंतर देखा जाता है. साथ ही, इसकी निश्चित समय-सारिणी उन लोगों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकती है, जो अन्य पेशेवर या व्यक्तिगत जिम्मेदारियों से जुड़े हैं

पारंपरिक व्यवस्था की चुनौतियों के समाधान के रूप में ऑनलाइन शिक्षा एक क्रांतिकारी विकल्प बनकर उभरी है. डिजिटल मंचों ने शिक्षा को भौगोलिक सीमाओं से मुक्त कर दिया है, जिससे छात्र दुनिया के किसी भी कोने से उच्च स्तरीय पाठ्यक्रमों और संसाधनों तक पहुंच सकते हैं. इसकी सबसे बड़ी विशेषता इसका लचीलापन है, जो शिक्षार्थियों को अपने करियर, परिवार और शिक्षा के बीच संतुलन बनाने की अनुमति देता है. ऑनलाइन शिक्षा ने उन लोगों के लिए संभावनाओं के द्वार खोल दिये हैं जो आर्थिक या व्यक्तिगत कारणों से नियमित संस्थान जाने में असमर्थ थे. आज डिजिटल मंचों पर दुनियाभर के विशेषज्ञों और अनुभवी शिक्षकों द्वारा संचालित विविध विषय उपलब्ध हैं, जो छात्रों को वैश्विक दृष्टिकोण और नये कौशल सीखने के व्यापक अवसर प्रदान करते हैं. इसके अतिरिक्त, डिजिटल शिक्षण व्यक्तिगत सीखने की क्षमता को बढ़ावा देता है.

छात्र अपनी सुविधानुसार रिकॉर्ड किये गये व्याख्यानों को बार-बार देख सकते हैं और कठिन विषयों पर अतिरिक्त समय दे सकते हैं. मल्टीमीडिया सामग्री और इंटरेक्टिव उपकरण इस प्रक्रिया को न केवल रोचक बनाते हैं, बल्कि समझने में भी आसान बनाते हैं. परंतु, डिजिटल शिक्षा भी चुनौतियों से रहित नहीं है. इसकी प्रमुख समस्या प्रत्यक्ष मानवीय संपर्क का अभाव है. वर्चुअल माध्यम चाहे कितने भी उन्नत क्यों न हों, वे पारंपरिक कक्षा के जीवंत सामाजिक अनुभव की जगह नहीं ले सकते. इसके सफल होने के लिए छात्र में उच्च स्तर का आत्मानुशासन और समय प्रबंधन होना अनिवार्य है. साथ ही, बुनियादी ढांचे की कमी जैसे-धीमा इंटरनेट या डिजिटल उपकरणों का अभाव-सीखने की राह में बड़ी बाधा बन सकते हैं. व्यावहारिक विषयों के लिए पूरी तरह ऑनलाइन निर्भरता अक्सर अपर्याप्त साबित होती है.

इन दोनों प्रणालियों के विश्लेषण से स्पष्ट होता है कि इनकी प्रभावशीलता पूरी तरह शिक्षार्थी की स्थिति और विषय की प्रकृति पर निर्भर करती है. जहां व्यावहारिक और तकनीकी क्षेत्रों के लिए पारंपरिक कक्षाएं अनिवार्य लगती हैं, वहीं करियर में उन्नति चाहने वाले पेशेवरों के लिए ऑनलाइन माध्यम अधिक व्यावहारिक है. आज के बदलते युग में भविष्य मिश्रित या हाइब्रिड शिक्षण मॉडल में निहित है.

कई अग्रणी संस्थान अब कक्षा की जीवंतता और डिजिटल संसाधनों की सुविधा को एक साथ जोड़ रहे हैं. यह मॉडल विद्यार्थियों को डिजिटल लचीलापन देने के साथ-साथ प्रत्यक्ष संवाद और व्यावहारिक प्रशिक्षण का लाभ भी प्रदान करता है. यदि इन दोनों माध्यमों का संतुलित समन्वय किया जाये, तो एक अधिक समावेशी, प्रभावी और सार्थक शिक्षा व्यवस्था का निर्माण किया जा सकता है, जो आने वाली पीढ़ियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगी. (ये लेखक के निजी विचार हैं.)

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >