आजकल ऑनलाइन गेम ज्यादा खेले जा रहे हैं. पबजी भी उनमें से एक है. भारत में करोड़ो युवा इससे जुड़े हुए हैं. इसमें हिस्सा लेने वाले खिलाड़ी को खुद को जीवित रख कर दूसरों को मारना होता है. इसके बहुत से गलत प्रभाव दिखने लगे हैं.
हैदराबाद के 16 वर्षीय लड़के ने पबजी खेलने को लेकर मां से मिली डांट पर आत्महत्या कर ली. वहीं, महाराष्ट्र में रेल ट्रैक पर पबजी खेलते दो युवकों की मौत हो गयी, क्योंकि वे ट्रेन की आवाज नहीं सुन पाये थे.
गाजियाबाद में 10वीं का लड़का खेल के चक्कर में घर छोड़ कर भाग गया. चीन ने 13 साल से कम उम्र के बच्चों पर इस गेम को खेलने पर प्रतिबंध लगा दिया है. गुजरात भारत का एक मात्र ऐसा राज्य है, जहां अहमदाबाद और राजकोट में इस पर प्रतिबंध लगा है. दुनियाभर में इस गेम पर प्रतिबंध लगाने की मांग हो रही है. यदि कोई गेम बच्चों के जीवन के लिए खतरा बन रहा है, तो उस पर प्रतिबंध लगाना ही चाहिए.
श्रीकांत दास, मधुपुर, देवघर
